IAS-IPS की तैयारी करने दिल्ली के मुखर्जीनगर आई थी जानवी, रोहतक में 4 लोगों के मर्डर का मास्टरमाइंड कैसे बन गई?
रोहतक के मिलन ढाबे में चार लोगों के हत्याकांड में शामली की एक लड़की का नाम सामने आया है. वह मुखर्जी नगर में रहकर आईएएस आईपीएस की तैयारी कर रही थी. बदला लेने के लिए जुर्म की दुनिया में कदम रख दिया.
हरियाणा के रोहतक में हुए चौहरे हत्याकांड में उत्तर प्रदेश के शामली जिले का कनेक्शन सामने आया है. इस मामले में शामली के गांव बहावड़ी की रहने वाली जानवी का नाम सामने आया है. बताया जा रहा है कि जानवी का संपर्क राठी गैंग के कुछ लोगों से था. हरियाणा पुलिस उसकी तलाश में शामली स्थित उसके घर पर दबिश दे रही है.
रंजिश को लेकर चर्चा में रहा चुका है परिवार
जानवी का परिवार पहले से ही आपराधिक मामलों और जमीन को लेकर लंबे समय से चली आ रही रंजिश के कारण चर्चा में रहा है. उसकी मां बबली गांव की पूर्व प्रधान रह चुकी हैं. परिवार के लोगों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश में अब तक करीब एक दर्जन लोगों की हत्या हो चुकी है.
दो भाई पहले से जेल में बंद
जानवी के दो भाई सागर और सौरभ भी आपराधिक मामलों में कई साल से जेल में बंद हैं. सागर पर मुजफ्फरनगर कोर्ट में कुख्यात बदमाश विक्की त्यागी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है. यह वारदात कोर्ट में जज के सामने हुई थी. परिवार में पहले हुई घटनाओं और आपराधिक मामलों के बीच जानवी की मां बबली उसे इस माहौल से दूर रखना चाहती थीं. उनका सपना था कि बेटी पढ़-लिखकर आईएएस या आईपीएस अधिकारी बने.
2024 में दिल्ली भेजा था, मुखर्जी नगर में कर रही थी तैयारी
पूर्व प्रधान बबली ने वर्ष 2024 में जानवी को यूपीएससी की तैयारी के लिए दिल्ली भेजा था. वह मुखर्जी नगर इलाके में किराये के कमरे में रहकर कोचिंग कर रही थी. हालांकि, करीब दो महीने पहले उसने कोचिंग छोड़ दी और गांव बहावड़ी में रहने लगी थी. बबली का कहना है कि इस दौरान जानवी ने उनसे कई बातें छिपाईं और राठी गैंग के कुछ लोगों के संपर्क में आ गई.
25 नवंबर को आखिरी बार हुई थी फोन पर बात
बबली ने बताया कि 25 नवंबर को उनके बेटों की मेरठ कोर्ट में तारीख थी. वह खुद कोर्ट गई हुई थीं. इसी दौरान उनकी बेटी घर से निकल गई थी. बबली के मुताबिक, घर से निकलने से पहले उनकी जानवी से फोन पर आखिरी बार बात हुई थी. उन्हें इस मामले की जानकारी तब हुई, जब हरियाणा पुलिस की विशेष टीम जानवी की तलाश में गांव पहुंची और दबिश दी.
बेटी दोषी है तो पुलिस करे कार्रवाई: बबली
पूर्व प्रधान बबली ने कहा कि उन्होंने अपनी बेटी को अपराध की दुनिया से दूर रखने और उसे अधिकारी बनाने के लिए दिल्ली भेजा था, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी. बबली ने कहा कि अगर उनकी बेटी चौहरे हत्याकांड में शामिल है और दोषी साबित होती है, तो पुलिस उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे. उन्होंने भावुक होकर यहां तक कहा कि पुलिस उनके सामने ही बेटी का एनकाउंटर कर दे. उन्होंने लोगों से पुरानी रंजिश में हिंसा का रास्ता नहीं अपनाने की अपील भी की. उनका कहना है कि ऐसी दुश्मनी में परिवार बर्बाद हो जाते हैं.
गांव में जमीन को लेकर पुरानी रंजिश
ग्राम प्रधान के पुत्र और प्रतिनिधि बंटी मलिक ने बताया कि बबली के परिवार की जमीन को लेकर लंबे समय से दूसरे पक्ष से रंजिश चली आ रही है. उनके मुताबिक, इस विवाद में अब तक एक दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है. बंटी मलिक ने बताया कि बबली के पहले पति की हत्या के बाद उनके छोटे भाई को रुपये दिए गए थे, लेकिन बाद में बागपत में उनकी भी हत्या कर दी गई. इसके बाद परिवार की रंजिश और बढ़ गई. फिलहाल रोहतक चौहरे हत्याकांड में जानवी की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है. हरियाणा पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
(शामली से श्रवण पंडित की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें ; 5 सेकेंड में 5 थप्पड़… चरखी दादरी में महिला कृषि अधिकारी से मारपीट का VIDEO VIRAL, दो महिलाओं पर केस