)
हरदोई के कोतवाली शहर क्षेत्र के राधानगर मोहल्ले में मंगलवार देर रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है. यहां शराब के नशे में पत्नी से झगड़ रहे पिता को रोकने पहुंचे इकलौते बेटे ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से पिता को मौत के घाट उतार दिया. वारदात के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया. पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
मां को बचाने गए बेटे और पिता के बीच हुई मारपीट
जानकारी के मुताबिक, राधानगर निवासी 53 वर्षीय रामेंद्र सिंह मंडी में पल्लेदारी करते थे. परिवार में पत्नी अंजू और 28 वर्षीय इकलौता बेटा सत्यम सिंह है. सत्यम बच्चों को डांस सिखाता है. बताया जा रहा है कि रामेंद्र शराब पीने के बाद अक्सर पत्नी से विवाद और मारपीट करता था. पिछले दो दिनों से पति-पत्नी के बीच तनाव चल रहा था. मंगलवार रात करीब एक बजे रामेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी अंजू से झगड़ने लगा. विवाद बढ़ता देख बेटा सत्यम बीच-बचाव करने पहुंचा. इसी दौरान पिता-पुत्र के बीच भी मारपीट शुरू हो गई.
गुस्साए बेटे ने पिता की कर दी हत्या
गुस्से में सत्यम ने धारदार हथियार से पिता पर हमला कर दिया. गंभीर चोटों के चलते रामेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. इसके बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और घटना के बाद ही मृतक की पत्नी अंजू भी गायब है. न तो पोस्टमार्टम हाउस पहुंची और न ही मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी पहुंची हैं.म
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि पत्नी अंजू की तहरीर पर आरोपी सत्यम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं.
(हरदोई से आशीष द्विवेदी की रिपोर्ट)