SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हापुड़ में एंबुलेंस रोक थार पर किया था स्टंट, पुलिस ने 'सल्लू' को दबोचा; हाथ जोड़कर मांगी माफी

हापुड़ में एंबुलेंस का रास्ता रोककर थार पर स्टंट करने वाले सलमान उर्फ सल्लू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. थार जब्त कर 20,500 रुपये का चालान किया गया.

Edited By Preeti Chauhan
Published: Nov 18, 2026, 11:04 IST | Updated: Nov 18, 2026, 11:46 IST
Image Credit: Hapur news (Ai Photo)
Join

अभिषेक माथुर/हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में सड़क पर थार और स्कॉर्पियो खड़ी कर स्टंटबाजी करना युवकों को भारी पड़ गया.मरीज को अस्पताल लेकर जा रही एंबुलेंस का रास्ता रोककर थार की छत पर डांस करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सलमान उर्फ सल्लू को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल थार को भी जब्त कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी कैमरे के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया.

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई

मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और ज़ी मीडिया द्वारा खबर दिखाए जाने के बाद हापुड़ पुलिस ने इसका संज्ञान लिया. बाबूगढ़ कोतवाली पुलिस ने थार के अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125 और 126 के तहत मुकदमा दर्ज किया.

दरअसल, बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के बछलौता रोड पर कुछ युवकों ने बीच सड़क पर काले रंग की थार और स्कॉर्पियो गाड़ी खड़ी कर उसकी छत पर चढ़कर जमकर डांस किया था. इस हुड़दंग के कारण सड़क पर भीषण जाम लग गया, जिसमें मरीज को अस्पताल ले जा रही दो एंबुलेंस भी फंस गई थी. मीडिया ने जब इस पूरे मामले को प्रमुखता से उठाया, तो हापुड़ पुलिस हरकत में आ गई. 

बाबूगढ़ कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए थार गाड़ी (UP 17 N 6466) के अज्ञात चालक के खिलाफ BNS की धारा 281, 125 और 126 में एफआईआर दर्ज कर ली. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बागपत जिले के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र स्थित अमीनगर सराय चौकी के पास के रहने वाले आरोपी चालक सलमान उर्फ सल्लू पुत्र जमील उर्फ छोटे को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने स्टंटबाजी में इस्तेमाल हुई महिंद्रा थार कार को भी जब्त कर लिया है और उस पर एमवी एक्ट के तहत 20,500 रुपये का भारी-भरकम चालान भी ठोका है.

थाने पहुंचते ही बदले सुर, हाथ जोड़कर मांगी माफी

थाने में खाकी के सख्त एक्शन के बाद आरोपी सलमान उर्फ सल्लू के सुर पूरी तरह बदल गए हैं. कैमरे के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए सल्लू ने कहा मेरा नाम सलमान है. कल हम बारात में गए थे और बछलौता रोड पर गलती से हमने गाड़ी के ऊपर चढ़कर स्टंटबाजी कर दी. इसकी वजह से एंबुलेंस फंस गई थी. पुलिस ने हमें पकड़ लिया है और गाड़ी का चालान भी कर दिया है. हमारी गलती हो गई है, आगे से ऐसी गलती दोबारा कभी नहीं होगी.

सड़क पर कानून की धज्जियां उड़ाने वाले इन रईसजादों को अब हवालात की हवा खानी पड़ रही है. ज़ी मीडिया की खबर के बाद हुए योगी की पुलिस के इस ताबड़तोड़ एक्शन ने साफ संदेश दे दिया है कि रील के नशे में आम जनता की जान और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

‘मॉन्स्टर जीप' पर स्टंट, बीच सड़क ताबड़तोड़ फायरिंग और भैंसा-बुग्गी रेस; गढ़मुक्तेश्वर में क्या हो रहा?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES