गाजियाबाद चौकी ब्लास्ट: 'गाजी 2' अकाउंट से जिम्मेदारी लेने का दावा! तहरीक-उल-मुजाहिदीन का नाम आया सामने
गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाके के बाद 'गाजी 2' एक्स अकाउंट से तहरीक-उल-मुजाहिदीन के नाम पर जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. यूपी एटीएस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही हैं.
वैभव शर्मा/ गाजियाबाद: वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके के बाद अब सोशल मीडिया पर एक पोस्ट से हलचल बढ़ गई है. 'गाजी 2' नाम के एक्स अकाउंट से इस धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. वायरल पोस्ट में तहरीक-उल-मुजाहिदीन नाम के संगठन का नाम लिखा गया है. दावा किया जा रहा है कि इसी अकाउंट से पहले पुलिस चौकी को उड़ाने की धमकी भी दी गई थी. एटीएस ने ब्लास्ट की जांच शुरू कर दी है.
क्या कहा गया है वायरल पोस्ट में?
वायरल पोस्ट में कथित संगठन की ओर से दावा किया गया है कि गाजियाबाद में पुलिस को निशाना बनाकर ये हमला किया गया है. पोस्ट में सरकार और व्यवस्था के खिलाफ कई आरोप लगाए गए हैं और आगे भी इस तरह के ऑपरेशन की धमकी दी गई है. पोस्ट में हिंदुओं को भी धमकी दी गई है.
डिस्क्लेमर: ये सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट है, धमाके के बाद की गई है। वीडियो / पोस्ट की जांच जारी है। ZEE मीडिया इसकी पुष्टि नहीं करता.
धमाके में डिलीवरी बॉय घायल, शीशे टूटे
जानकारी के मुताबिक, वसुंधरा पुलिस चौकी में रात करीब 10 बजे धमाका हुआ था. उस समय चौकी में एक सब इंस्पेक्टर मौजूद थे. इसी दौरान सामान पहुंचाने आया एक डिलीवरी बॉय भी वहां पर मौजूद था. धमाका इतना तेज था कि चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए. टूटे कांच लगने से डिलीवरी बॉय घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
UP ATS और फोरेंसिक टीम कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. फोरेंसिक टीम और बम डिस्पोजल स्क्वायड ने घटनास्थल की जांच की. मामले की गंभीरता को देखते हुए UP ATS की टीम भी जांच के लिए पहुंची है. फिलहाल जांच एजेंसियां इन पहलुओं पर जांच कर रही है....
1. धमाका किस वजह से हुआ?
2. किस तरह की सामग्री का इस्तेमाल हुआ?
3. सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने का दावा करने वाले अकाउंट का घटना से कोई संबंध है या नहीं?जांच पूरी होने के बाद ही धमाके की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.