)
Ghaziabad Sahibabad Roof Collapse/गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक बड़ा हादसा टल गया. साहिबाबाद के ट्रांसपोर्ट एरिया में शहीद नगर मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम को एक निर्माणाधीन गोदाम की छत (लैंटर) अचानक भरभराकर गिर गई. इस हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक महिला और बच्चे समेत 10 लोग घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया.
रेस्क्यू टीमों ने बचाई लोगों की जान
जानकारी के मुताबिक, हादसा शाम करीब सात बजे हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, SDRF और NDRF की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. स्थानीय नागरिकों की मदद से रेस्क्यू टीमों ने युद्धस्तर पर अभियान चलाकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला. हादसे में गंभीर रूप से घायल चार लोगों (जिनमें एक महिला और आठ साल का बच्चा भी शामिल था) को तुरंत निकालकर नरेंद्र मोहन अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं, मामूली रूप से घायल अन्य छह लोगों को इलाज के लिए MMG अस्पताल भेजा गया.
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना के संबंध में एडिशनल कमिश्नर ऑफ़ पुलिस राजकरण नय्यर ने बाइट देते हुए कहा, "घायलों के खतरे से बाहर होने की खबर है और अब तक किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस और हमारे फायर डिपार्टमेंट की डिजास्टर रिस्पॉन्स यूनिट ने तुरंत कार्रवाई की और सराहनीय काम किया। मलबे में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए तुरंत घटनास्थल से ले जाया गया।"
निर्माण में लापरवाही की जांच
प्रशासन अब इस बात की बारीकी से जांच कर रहा है कि आखिर छत क्यों गिरी और क्या इस निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या लापरवाही बरती गई थी. लापरवाही साबित होने पर जिम्मेदार लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.