App

गाजियाबाद में CM योगी की पदयात्रा आज, 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात; कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में आज यानी गुरुवार को भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा' निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे.

गाजियाबाद में CM योगी की पदयात्रा आज, 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात; कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन
Image Credit: CM Yogi Ghaziabad (Ai Photo)

गाजियाबाद में आज BJP की पदयात्रा: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में आज यानी गुरुवार को भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा' निकाली जाएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे. सीएम योगी सुबह करीब 11 बजे कार्यक्रम में पहुंचेंगे. पदयात्रा सृष्टि गोल चक्कर से शुरू होकर करीब 1400 मीटर का सफर तय करते हुए गोल्डन व्यू रिसॉर्ट पर खत्म होगी. मुख्यमंत्री योगी के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं.

दो हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है.  एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर राजकरन नैय्यर के मुताबिक, डीसीपी, एडिशनल डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी अलग-अलग स्थानों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे.

पदयात्रा मार्ग के दोनों ओर स्थित सोसायटियों की छतों पर भी हथियारों से लैस सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे. मंच और कार्यक्रम स्थल के आसपास भी पुलिस अधिकारियों की अलग-अलग पॉइंट पर ड्यूटी लगाई गई है.

कार्यक्रम स्थल और आसपास का इलाका नो ड्रोन जोन

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए आयोजन स्थल समेत आसपास के क्षेत्र को नो ड्रोन जोन घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

वहीं, भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष सिद्धि प्रधान ने कार्यक्रम में अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

पदयात्रा के चलते इन रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन

पदयात्रा और मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की है.

डायमंड फ्लाईओवर रेड लाइट से हापुड़ चुंगी की ओर भारी कमर्शियल वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी.

हिंडन मेट्रो स्टेशन से रोटरी गोल चक्कर की ओर कमर्शियल वाहन नहीं जा सकेंगे.

करहेड़ा तिराहा से नागद्वार की ओर भारी कमर्शियल वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा.

नागद्वार से रोटरी की तरफ भारी कमर्शियल वाहनों का आवागमन बंद रहेगा.

कारण गेट और लाजपत नगर की ओर से हिंडन एयरफोर्स गोल चक्कर की तरफ भारी कमर्शियल वाहन नहीं जा सकेंगे.

राजनगर एक्सटेंशन में ALT फ्लाईओवर से रोटरी गोल चक्कर और रोटरी गोल चक्कर से ALT फ्लाईओवर तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी.

दुहाई स्थित ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से गाजियाबाद की ओर भारी कमर्शियल वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा.

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से प्रतिबंधित मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More