SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेले में उमड़ेंगे 30 लाख श्रद्धालु, योगी ने दिए सुरक्षा और सफाई के सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेले की तैयारियों की समीक्षा की. 17 से 26 नवंबर तक होने वाले मेले में 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है. मुख्य स्नान 24 नवंबर को होगा.

Edited By Gunateet Ojha
Published: Nov 10, 2026, 10:20 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 10:23 PM IST
Image Credit: CM Yogi
Join

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियों की समीक्षा की. गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी में 17 से 26 नवंबर तक मेला आयोजित होगा. इसमें 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है. मुख्य स्नान 24 नवंबर को होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी यूपी का यह मिनी कुंभ श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बनना चाहिए. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी.

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की होगी तैनाती

मुख्यमंत्री ने मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए. पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी. घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, वॉच टावर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए जाएंगे. नदी में जरूरत के मुताबिक रेस्क्यू बोट की व्यवस्था की जाएगी. इसके साथ ही यातायात, पार्किंग और रूट डायवर्जन की योजना पहले से तैयार करने को कहा गया है. पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान रील बनाने से दूर रहने की हिदायत भी दी गई.

प्लास्टिक पर रोक और घाटों पर सफाई

योगी ने मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए. घाटों पर पर्याप्त पानी, सफाई और कचरा उठाने की व्यवस्था की जाएगी. श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल और बिजली की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है. स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सीएचसी स्तर के अस्थायी अस्पताल बनाए जाएंगे. इनमें डॉक्टरों और दूसरे कर्मचारियों के साथ एंबुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी. संबंधित विभागों के अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले तैयारियों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है.

रामलीला और रासलीला से सजेगा मेला

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेला केवल स्नान तक सीमित न रहे. यहां आस्था और संस्कृति का संगम भी दिखाई देना चाहिए. इसके लिए श्रीमद्भागवत कथा, रासलीला, रामलीला और भगवान शिव से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. लेजर शो और ड्रोन शो भी कराए जाएंगे. स्थानीय कलाकारों को मंच देने के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं. बच्चों के लिए भाषण, निबंध, स्लोगन और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी होंगी.

नशे और अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई

योगी ने मेला क्षेत्र में शराब और नशीली चीजों की बिक्री पर रोक लगाने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि आस्था के विपरीत कोई गतिविधि न हो. सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार और नकारात्मकता फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए. मेले में फायर टेंडर अलर्ट मोड पर रहें और कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहे. श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सभी विभाग समय रहते अपनी तैयारियां पूरी कर लें.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES