)
गोंडा के कैसरगंज से पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह का आगामी 8 जनवरी 2027 को जन्मदिन है, लेकिन उससे पहले बृजभूषण शरण सिंह को जन्मदिन पर गिफ्ट मिलने शुरू हो गए हैं. आज मंगलवार को जुबेरगंज अयोध्या के रहने सरफराज अहमद ने पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के पैतृक आवास विश्नोहरपुर पहुंच करके लगभग 1 करोड़ रुपये कीमत का एक सिंध नस्ल का घोड़ा गिफ्ट किया है.
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने घोड़े पर बैठकर अलग-अलग लगभग 500 मीटर तक घुड़सवारी की है. बृजभूषण शरण सिंह के अस्तबल में अब तक लगभग 8 घोड़े हो चुके हैं. इसमें ढाई करोड़ और 2 करोड़ रुपये तक के घोड़े भी शामिल है. गिफ्ट में मिले घोड़े और बृजभूषण शरण सिंह के घुड़सवारी को देखने के लिए भी काफी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित थी. बृजभूषण ने कहा कि दुगामा और कदमबाजी का घोड़ा हमको मिला है, जिसपर बैठकर आराम से चला जा सकता है.
उन्होंने कहा कि मैं पहले खूब घुड़सवारी करता था, 5 से 6 घंटे बैठता था, अब कोशिश करूंगा कि बुढ़ापे में भी मैं घुड़सवारी करूं. वहीं गिफ्ट में घोड़ा देने वाले सरफराज अहमद ने कहा कि सिंध नस्ल का घोड़ा उनको बैठने के लिए गिफ्ट किया है. दुगमा चाल में यह चलता है. जैसलमेर बाड़मेर राजस्थान का घोड़ा है, यह लगभग साढ़े चार साल का घोड़ा है. 12 लाख रुपये से इस घोड़े की शुरुआत होती है.
वहीं, कांग्रेस की 1 नवंबर को दिल्ली की रामलीला मैदान में प्रस्तावित धरना प्रदर्शन पर हमला बोला है. बृज भूषण सिंह ने कहा कि कांग्रेस या कोई भी पार्टी हो उसको व्यापारियों के हित को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. अगर व्यापारियों का कहना है कि दीपावली के पहले धरना-प्रदर्शन ना हो, तो इसमें क्या पहाड़ टूट पड़ेगा?. उन्होंने कहा कि दिवाली के दूसरे दिन सभी मार्केट बंद रहती है, उस धरना प्रदर्शन कर लीजिए.
पंजाब चुनाव से पहले नशा मुक्त के ऐलान को लेकर बृज भूषण भूषण सिंह ने कहा कि पंजाब ने देश को भगत सिंह दिए, उधम सिंह जैसे देशभक्त दिए. आज वहां नशा व्यापक स्तर पर फैल चुका है. गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब को नशा मुक्त का ऐलान किया है, वहां की जनता भी चाहती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस 99 चुनाव हार चुकी है. अब राहुल गांधी के नेतृत्व में 100वां चुनाव भी हारेंगे.