SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ऑटो में बैठने की जल्दबाजी में छूटा जेवरों से भरा बैग, उड़े होश, फिर जीआरपी की ईमानदारी ने जीत लिया सबका दिल

फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर छूटे लाखों के जेवरों से भरे बैग को जीआरपी ने सुरक्षित परिवार को वापस लौटा दिया. यह परिवार मुंबई से शाहजहांपुर शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था. जल्दबाजी में वह अपना बैग रेलवे स्टेशन पर ही भूल गया.

Written By Pooja Singh
Published: Nov 10, 2026, 10:12 AM IST | Updated: Nov 10, 2026, 10:15 AM IST
Join

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर इंसानियत और जीआरपी की ईमानदारी की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली है. एक परिवार मुंबई से शाहजहांपुर शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था. जल्दबाजी में परिवार सोने-चांदी के जेवर और नकदी से भरा बैग स्टेशन पर ही भूल गया. जिसे जीआरपी ने सुरक्षित परिवार तक वापस पहुंचा दिया.

बांद्रा-जयपुर ट्रेन से पहुंचा था परिवार
मुंबई के ठाणे की रहने वाली हुस्न असलम अंसारी अपने परिवार के साथ रविवार को बांद्रा-जयपुर ट्रेन से फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर उतरी थीं. परिवार में करीब 8 से 10 सदस्य शामिल थे, जिन्हें शाहजहांपुर में एक शादी समारोह में शिरकत करनी थी. रेलवे स्टेशन पर लगभग एक घंटे रुकने के बाद परिवार ने दो ऑटो बुक किए और अपना सारा सामान लेकर शाहजहांपुर के लिए रवाना हो गया. इसी जल्दबाजी में उनका एक बड़ा ट्रॉली बैग स्टेशन परिसर में ही पीछे छूट गया, जिसकी जानकारी उन्हें सफर के दौरान या तुरंत बाद नहीं हो सकी.

जीआरपी की चेकिंग के दौरान मिला लावारिस बैग
रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जीआरपी इंस्पेक्टर दिनेश प्रकाश शर्मा अपनी टीम के साथ फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर स्टेशन के बाहर परिसर में पड़े एक लावारिस ट्रॉली बैग पर पड़ी. इंस्पेक्टर ने आसपास मौजूद यात्रियों और दुकानदारों से काफी देर तक पूछताछ की, लेकिन बैग के मालिक का कोई सुराग नहीं मिला. एहतियात के तौर पर जीआरपी टीम बैग को सुरक्षित थाने ले आई.

जब थाने में बैग खोलकर देखा गया तो उसमें सोने-चांदी के कई आभूषण और 25 हजार रुपये की नकदी रखी थी. जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई.

जानिए परिवार का कैसे मिला सुराग?
लावारिस बैग के असली मालिक का पता लगाने के लिए जीआरपी ने तुरंत आसपास के जनपदों में डिजिटल कंट्रोल रूम (DCR) के माध्यम से सूचना भेजी. इसी दौरान इंस्पेक्टर ने सुबह की चेकिंग के समय खींची गई तस्वीरों को देखा. एक तस्वीर में ट्रेन से उतरे परिवार के साथ वही ट्रॉली बैग दिखाई दे गई, जिससे पुलिस को बड़ा सुराग मिल गया. उधर, शाहजहांपुर पहुंचने के बाद रविवार रात करीब 10 बजे परिवार को एहसास हुआ कि उनका ट्रॉली बैग गायब है, जिसके बाद उन्होंने स्थानीय थाने में इसकी सूचना दर्ज कराई.

परिवार के चेहरे पर लौटी मुस्कान
जब जीआरपी के जरिए परिवार को उनका बैग मिलने की खबर मिली, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. मंगलवार शाम हुस्ना अंसारी अपनी मां के साथ फर्रुखाबाद जीआरपी थाने पहुंचीं. जीआरपी ने जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वह ट्रॉली बैग उनके सुपुर्द कर दिया. 

करीब बीस लाख रुपये के जेवर और नकदी वापस मिलने पर परिवार के चेहरे खिल उठे. उन्होंने जीआरपी इंस्पेक्टर और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया.

(फर्रुखाबाद से अमर साइमन की रिपोर्ट)

यह भी पढ़िए: चित्रकूट के ऐतिहासिक गधा मेले पर आधुनिकता की मार: कभी हजारों पशुओं से गुलजार था, अब क्यों पड़ रहा सूना?

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES