SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मैनपुरी में रिश्तों का कत्ल! थाने से घर लौट रहे परिवार को बेटे ने कार से रौंदा, मां-बाप की मौत, बहन गंभीर

मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र में घर के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बेटे अरमान ने मां-बाप और बहन को कार से कुचल दिया. हादसे में माता-पिता की मौत हो गई, जबकि बहन गंभीर रूप से घायल है. वारदात के बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गया.

Edited By Ansh Raj
Published: Nov 29, 2026, 20:20 IST | Updated: Nov 29, 2026, 20:23 IST
Image Credit: Mainpuri Crime (AI Generated Image)
Join

मैनपुरी में जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. आरोप है कि एक बेटे ने अपने ही मां-बाप और बहन को कार से कुचल दिया. हादसे में पिता की मौके पर मौत हो गई, जबकि मां ने सैफई में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. बहन गंभीर रूप से घायल है. वारदात के बाद आरोपी पत्नी और बच्चों को लेकर फरार हो गया.

2 बिस्वा जमीन और मकान को लेकर था विवाद

घटना किशनी थाना क्षेत्र के दिवनपुर साहिनी गांव के पास रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है. अजीम खान का अपने बड़े बेटे अरमान से 2 बिस्वा जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि अरमान जमीन और मकान अपने नाम कराना चाहता था. इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर झगड़ा होता था. रविवार को भी अरमान का पिता से विवाद हुआ. इस दौरान उसने गाली-गलौज की. इसके बाद अजीम ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. पुलिस गांव पहुंची, लेकिन अरमान वहां नहीं मिला. पुलिस ने अजीम को थाने आकर शिकायत देने के लिए कहा.

थाने से लौटते समय कार से मारी टक्कर

पुलिस के कहने पर अजीम अपनी पत्नी अख्तरी बेगम और बेटी गुलफ्शा के साथ बाइक से किशनी थाने पहुंचे. दोपहर करीब 12:30 बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे. आरोप है कि रास्ते में अरमान पहले से अपनी कार लेकर मौजूद था. उसने परिवार की बाइक का पीछा किया और घर से करीब एक किलोमीटर पहले उसे जोरदार टक्कर मार दी टक्कर लगने से अजीम, अख्तरी और गुलफ्शा सड़क पर गिर गए. आरोप है कि इसके बाद अरमान कार से उतरा और फिर मां-बाप पर 2-3 बार कार चढ़ाकर मौके से भाग निकला.

पिता की मौके पर मौत, मां ने सैफई में तोड़ा दम

हादसे की जानकारी मिलने पर छोटा बेटा फरमान और गांव के लोग मौके पर पहुंचे. कार से कुचलने के कारण अजीम खान की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, अख्तरी बेगम और गुलफ्शा गंभीर रूप से घायल थीं. दोनों को गांववालों की मदद से सैफई ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने अख्तरी बेगम को मृत घोषित कर दिया. गुलफ्शा का इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

पत्नी और बच्चों को लेकर फरार हुआ आरोपी

परिवार के मुताबिक, वारदात के बाद अरमान घर पहुंचा और अपनी पत्नी व बच्चों को लेकर फरार हो गया. अरमान दिल्ली में बेकरी का काम करता है और उसकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी. सुल्तानपुर थानाधिकारी गिरीश कुमार ने बताया कि अभी तक मामले में शिकायत नहीं मिली है. शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस आरोपी अरमान की तलाश में जुटी है.

ये भी पढ़ें- IAS-IPS की तैयारी करने दिल्ली के मुखर्जीनगर आई थी जानवी, रोहतक में 4 लोगों के मर्डर का मास्टरमाइंड कैसे बन गई?

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES