)
दिवाली से पहले यूपी के माध्यमिक शिक्षकों को बड़ा तोहफा मिलने वाला है. योगी सरकार में शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने 700 माध्यमिक शिक्षकों के ट्रांफसर की लिस्ट अपर मुख्य सचिव को भेज दी है. जल्द ही ट्रांसफर लिस्ट का आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा. शिक्षा मंत्री के इस फैसले से माध्यमिक शिक्षकों में खुशी का माहौल है. शिक्षक संघ ने शिक्षा मंत्री गुलाब देवी का आभार जताया है.
दरअसल, करीब एक साल से माध्यमिक शिक्षक आफलाइन ट्रांसफर की मांग कर रहे थे. शिक्षक संघ प्रत्येक रविवार को शिक्षा मंत्री गुलाब सिंह से उनके आवास पर मुलाकात कर मंत्री कोटे से 4 फीसदी शिक्षकों का आफलाइन ट्रांसफर की मांग कर रहे थे. बुधवार को शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल शिक्षा मंत्री से अंतिम बार मिलने संभल स्थित आवास पर पहुंचा था. शिक्षा मंत्री गुलाब सिंह ने शिक्षक संघ से मुलाकात के बाद आफलाइन ट्रांसफर की मांग पर मुहर लगा दी.
शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने शिक्षक संघ से मुलाकात के बाद कहा कि अपर मुख्य सचिव अभी अवकाश पर हैं. उनको 700 माध्यमिक शिक्षकों की ट्रांसफर लिस्ट भेज दी है. अपर मुख्य सचिव के आते ही ट्रांसफर लिस्ट को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने पेश किया जाएगा. मुख्यमंत्री से संस्तुति मिलने के बाद ट्रांसफर का आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा. शिक्षक संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि शिक्षा मंत्री गुलाब देवी से आखिरी मुलाकात थी. एक सप्ताह के अंदर ट्रांसफर लिस्ट जारी होने की संभावना है.
चार फीसदी कोटे से आफलाइन ट्रांसफर की मांग शिक्षक पिछले एक साल से कर रहे थे. अब ट्रांसफर लिस्ट भेजे जाने पर शिक्षकों में खुशी का माहौल है. संभल स्थित शिक्षा मंत्री गुलाब सिंह के आवास पर पहुंचकर शिक्षकों ने उन्हें मिठाई खिलाई कर आभार जताया है. शिक्षकों का कहना है कि इस फैसले से शिक्षक कपल को सबसे ज्यादा फायदा होगा, जो पति और पत्नी दूर दूर के स्कूल में पढ़ा रहे हैं. इसके बाद सीट खाली होने पर पति-पत्नी आसपास के स्कूलों में अपना तबादला करवा सकते हैं. ये शिकायत लंबे समय से चली आ रही है.
(संभल से सुनील सिंह की रिपोर्ट)