हाथरस में ‘दृश्यम’ जैसी घटना: घर के आंगन में मिला नरकंकाल, 30 साल पहले हत्या की गुत्थी उलझी
Hathras News: यूपी के हाथरस में एक युवक का आरोप है कि उसके पिता की हत्या कर शव को घर के आंगन में दफना दिया गया. 30 साल बाद भी उसके पिता की हत्या रहस्य बना हुआ है.
सुमित कुमार/हाथरस: अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम’ तो आपने देखी ही होगी, जहां खुदाई के दौरान मिले कंकाल के रहस्य ने पूरी कहानी को उलझाकर रख दिया था. कुछ ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के हाथरस में भी सामने आया. यहां असली जिंदगी की ‘दृश्यम’ जैसी कहानी का रहस्य दो साल बाद भी बरकरार है.
खुदाई के दौरान मिला था नरकंकाल
हाथरस में थाना कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गिलोंदपुर गांव में सितंबर 2024 में पंजाबी सिंह के मकान के आंगन में खुदाई के दौरान एक नरकंकाल बरामद हुआ था. पंजाबी सिंह ने दावा किया था कि यह नरकंकाल उसके पिता का है, जिनकी करीब 30 साल पहले हत्या कर शव को घर में ही दफन कर दिया गया था. उसने गांव के राजवीर और अपने दो सगे भाइयों मुकेश व प्रदीप पर हत्या का आरोप लगाया था.
डीएनए मैच नहीं हुआ
मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस ने नरकंकाल का डीएनए परीक्षण कराया, लेकिन नरकंकाल का डीएनए पंजाबी सिंह से मैच नहीं हुआ. डीएनए रिपोर्ट के बाद मामला और भी रहस्यमयी हो गया. आखिर यह नरकंकाल किसका है और इसे मकान के आंगन में किसने दफनाया था, यह सवाल आज भी अनसुलझा है.
जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे पंजाबी सिंह
बुधवार को पंजाबी सिंह अपनी मां उर्मिला के साथ जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा और मीडिया से हुई बातचीत में पंजाबी सिंह और उसकी मां ने बताया कि दो साल बीत जाने के बाद भी उन्हें इस मामले में सच्चाई का इंतजार है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर खुदाई में मिला नरकंकाल किसका था? करीब 30 साल तक वह मकान के आंगन में कैसे दफन रहा?. दो साल बाद भी इस रहस्य से पर्दा नहीं उठ सका है.
9 साल की उम्र में पिता की हत्या हुई
पंजाबी सिंह ने बताया कि 30 साल पहले जब उसके पिता की हत्या हुई तो वह 9 का साल था. समय के साथ वह पिता की हत्या को भूल गया था. 2 साल पहले पंजाबी सिंह का भाइयों से विवाद हो गया. भाइयों ने पिता की तरह पंजाबी सिंह को पिता के पास भेजने की धमकी दी. इसके बाद पंजाबी ने पिता के शव खोजने के लिए डीएम को पत्र लिखा. डीएम के आदेश के बाद पुलिस ने मकान में खुदाई कराई तो पैरों तले जमीन खिसक गई. जमीन के नीचे नरकंकाल मिला.
नरकंकाल रहस्य बना?
पुलिस ने नरकंकाल का पंजाबी सिंह से डीएनए मैच कराया, लेकिन मैच नहीं हुआ. पंजाबी सिंह के पिता की हत्या का राज उलझा हुआ है. पंजाबी सिंह का कहना है कि उसके घर में मिला नरकंकाल किसका है?. पुलिस आज तक पहचान नहीं कर सकी कि किसका नरकंकाल था?.