)
UP Government Usefull Apps List: आज हर किसी के हाथ में स्मार्ट फोन मिल जाएगा. आपके मोबाइल में कुछ ऐसे सरकारी ऐप जरूर होने चाहिए, जो रोजमर्रा के कई काम आसान बना सकते हैं. बिजली का बिल देखना हो, पानी या राशन से जुड़ी जानकारी चाहिए या फिर किसी सरकारी सेवा को लेकर शिकायत दर्ज करनी हो, इन कामों के लिए आपको दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यूपी सरकार ने नागरिकों की सुविधा के लिए कई ऐप लॉन्च किए हैं, जिनके जरिए जरूरी सेवाएं आपके मोबाइल पर ही मिल सकती हैं. आइए जानते हैं ऐसे ही सरकारी ऐप्स के बारे में...
कई आधिकारिए ऐप्स
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेशवासियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर कई आधिकारिक ऐप्स लॉन्च किए हैं. इसे अपने मोबाइल में डाउनलोड कर रख सकते हैं. किसी तरह की परेशानी आनी पर ये ऐप्स आपकी मदद कर सकेंगे. साथ ही घर बैठे जनसुनवाई, पुलिस सेवा, शिक्षा और रोजगार जैसी सेवाओं का लाभ ले सकते हैं.
जनसुनवाई समाधान ऐप
जनसुनवाई ऐप उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से लोगों की समस्याओं, सुझावों और शिकायतों को ऑनलाइन दर्ज करने और उनके समयबद्ध निस्तारण के लिए लॉन्च किया गया है. यहां शिकायत आने पर 7 दिन के भीतर निस्तारण करना होता है. साथ ही आप निस्तारण से संतुष्ठ होकर फीडबैक भी दे सकते हैं.
कैसे भेज सकते हैं शिकायत
ये ऐप IGRS पोर्टल से जुड़ा है. यहां शिकायत करने वाला फोटो और वीडियो के जरिए भी शिकायत कर सकता है. साथ ही अपनी शिकायत को भी ट्रैक कर सकता है. आपकी समस्या का निस्तारण होते ही आपके पास मैसेज या काल आ सकती है.
UPCOP ऐप
यह ऐप उत्तर प्रदेश पुलिस की सेवाओं के लिए लॉन्च किया गया है. इसके जरिए आप घर बैठे ई एफआईआर कर सकते हैं. साथ ही अगर कोई चीज खो जाए तो उसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. बुजुर्ग, महिलाओं के लिए ये ऐप काफी कारगर साबित होता है. घर में अकेले होने पर बुजुर्ग और महिलाएं पुलिस की मदद ले सकती हैं.
वाहन चोरी, लूट की दें जानकारी
इसके अलावा UPCOP ऐप के जरिए वाहन चोरी, वाहन लूट, सामान्य चोरी, साइबर अपराध, पर्स मोबाइल फोन चोरी और बच्चों की गुमशुदगी भी दर्ज करा सकते हैं. ऐप का डाउनलोड करने के बाद अपना नाम रजिस्टर करना होगा. साथ ही अपने का नाम लिखना होगा.
उद्यम सारथी
उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर खोजने के लिए उद्यम सारथी ऐप लॉन्च किया है. इस ऐप के जरिए प्रदेश के युवा अपने कौशल के हिसाब से रोजगार तलाश सकते हैं. खास बात यह है कि आप किस तरह का रोजगार करें, विशेषज्ञों की टीम आपको बेहतर सलाह भी देती है.
संदेस ऐप
संदेस ऐप उत्तर प्रदेश के सरकारी कार्यालयों के लिए है. यह ऐप सरकारी कामकाज के लिए एक सुरक्षित मैसेजिंग ऐप माना जाता है.
युवा साथी
युवा ऐप के जरिए प्रदेश के युवा शिक्षा, रोजगार, और कौशल विकास से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी ले सकते हैं. साथ ही उसका लाभ भी उठा सकते हैं.
निवेश मित्र
उत्तर प्रदेश सरकार निवेश को बढ़ावा दे रही है. तमाम निवेशक प्रदेश की ओर रुख कर रहे हैं. ऐसे में निवेश मित्र ऐप के जरिए व्यवसायों के लिए ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं और मंजूरियों का लाभ उठा सकते है.
ई-डिस्ट्रिक्ट यूपी (eDistrict UP)
उत्तर प्रदेश में आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के लिए तहसील का चक्कर लगाना पड़ता है. उत्तर प्रदेश सरकार ने ई-डिस्ट्रिक्ट यूपी लॉन्च किया है. इसके जरिए जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र जैसे नागरिक सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं. ध्यान रहे कोई भी ऐप मोबाइल पर डाउनलोड करते समय ध्यान रखें कि वह पूरी तरह से आधिकारिक हो, किसी तरह के आनलाइन ठगी से बचें.