अमेठी से दिल्ली जाने वालों को पुलिस ने रोका: लोक गायक प्रदीप मौर्य नजरबंद, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फोर्स तैनात
CJP Delhi Protest Amethi Impact: प्रदर्शन को लेकर दिल्ली बॉर्डर से लेकर अमेठी तक राजनीतिक व प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए अमेठी पुलिस हाई अलर्ट मोड पर है. प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली जा रहे प्रसिद्ध लोक गायक प्रदीप मौर्य समेत कई लोगों को पुलिस ने एहतियातन हाउस अरेस्ट कर लिया है.
राहुल शुक्ला/अमेठी: देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर हलचल अब दिल्ली से बढ़कर उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले तक पहुंच गई है. शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अमेठी पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है. दिल्ली प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए जा रहे लोगों पर पुलिस ने कड़ी निगरानी और सख्ती शुरू कर दी है.
सीजेपी प्रदर्शन को देखते हुए यूपी में अलर्ट
यूपी की 20 जिलों से 500 पुलिस कर्मी दिल्ली भेजे गए. पुलिस अफसरों को अलर्ट किया गया. अराजकता फैलाने पर सख़्ती होगी. सोशल मीडिया पर निगरानी की जा रही है.
लोक गायक प्रदीप मौर्य समेत कई लोग हाउस अरेस्ट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमेठी पुलिस ने एहतियाती कदम उठाते हुए प्रदर्शन में शामिल होने की योजना बना रहे कई स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को उनके घरों में ही नजरबंद (House Arrest) कर दिया है. इसी कड़ी में प्रसिद्ध लोक गायक प्रदीप मौर्य को भी पुलिस ने उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किया है, ताकि वे समर्थकों के साथ दिल्ली न जा सकें.
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मुस्तैद
जिले के उच्च पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में किसी भी तरह से शांति व्यवस्था भंग न हो, इसके लिए जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख रास्तों पर पुलिस बल तैनात है. कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। दिल्ली में CJP के इस प्रदर्शन के चलते पूरे प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं.
नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर हाई अलर्ट, चिल्ला बॉर्डर पर भारी पुलिस फोर्स तैनात
दिल्ली में प्रदर्शन को देखते हुए नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. चिल्ला बॉर्डर पर पुलिस और सुरक्षा बलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस, नोएडा पुलिस और BSF के जवानों की तैनाती की गई है. बॉर्डर पर आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.
सुरक्षा के मद्देनजर चिल्ला बॉर्डर पर कई लेयर में बैरिकेडिंग की गई है. यहां लोहे के बैरिकेड्स लगाने के साथ-साथ RCC के भारी बैरिकेड्स भी रखे गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके. बॉर्डर पर भारतीय नागरिक सुरक्षा व्यवस्था के तहत BNS की धारा 163 से संबंधित आदेश का पोस्टर भी लगाया गया है.
पुलिसकर्मी बॉर्डर से गुजरने वाले लोगों पर नजर रख रहे हैं. पांच या उससे अधिक लोगों के एक साथ जुटने अथवा किसी व्यक्ति के संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए बड़े पानी के टैंकरों के साथ कई बसें, एंबुलेंस और क्रेन भी तैनात की गई हैं, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके.
दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाले इस प्रमुख बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं. पुलिस की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी संभावित स्थिति से निपटने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की है.