SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'मां, भिक्षा दीजिए...' जब संन्यासी बनकर घर पहुंचे थे योगी, पाती में छलका मां के लिए प्यार

सीएम योगी आदित्यनाथ ने मां के नाम भावुक पाती लिखी. संन्यास के बाद मां से भिक्षा मांगने का प्रसंग याद किया और प्रदेशवासियों से निराश्रित माताओं की मदद की अपील की है.

Edited By Preeti Chauhan
Published: Nov 23, 2026, 07:07 IST | Updated: Nov 23, 2026, 07:30 IST
Image Credit: yogi ki pati (Ai photo)
Join

विशाल सिंह/योगी आदित्यनाथ की पाती: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां की ममता, त्याग और जीवन में उनके महत्व को लेकर एक भावुक पाती लिखी है. इसमें उन्होंने मां को जीवन की पहली गुरु बताते हुए मातृत्व की महत्ता बयां की है. सीएम योगी ने संन्यास ग्रहण करने के बाद तीन साल बाद घर लौटने और अपनी मां से भिक्षा मांगने के भावुक प्रसंग को भी याद किया है.

सीएम योगी ने कहा कि यह पाती केवल एक मां के लिए नहीं, बल्कि प्रत्येक मां के नाम है, जिनके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती. उन्होंने मां को केवल जननी नहीं, बल्कि जगत जननी बताया. उनके मुताबिक, मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है. मां वह है, जो हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन मां की जगह कोई नहीं ले सकता.

मां को बताया अपनी पहली गुरु

अपनी पाती में सीएम योगी ने मां के प्रति कृतज्ञता जाहिर करते हुए उन्हें अपनी प्रथम गुरु बताया. उन्होंने लिखा कि अक्षर ज्ञान देने वाली पूजनीय मां ही बच्चे के जीवन की पहली शिक्षक होती है. मां का स्नेह और संस्कार जीवनभर व्यक्ति का मार्गदर्शन करते हैं. सीएम योगी ने मां के न होने से पैदा होने वाले खालीपन का जिक्र करते हुए कहा कि मां के बिना भावनात्मक सुरक्षा, बिना शर्त प्यार और घर की गहरी छांव छिन जाती है.

संन्यास के तीन साल बाद घर पहुंचे थे योगी

मुख्यमंत्री योगी ने अपनी पाती में संन्यास ग्रहण करने के बाद घर लौटने के एक भावुक प्रसंग को भी साझा किया. उन्होंने बताया कि संन्यास लेने के करीब तीन साल बाद जब वह अपने घर पहुंचे तो भगवा वस्त्र धारण किए हुए घर की दहलीज के बाहर खड़े थे.इस दौरान उन्होंने अपनी मां से कहा था, 'मां, भिक्षा दीजिए।' यह एक संन्यासी बेटे के संकल्प और मां के स्नेह से जुड़ा भावुक क्षण था. योगी ने लिखा कि मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया. इस प्रसंग के जरिए उन्होंने मां के त्याग और संस्कारों को याद किया.

मां की ममता को बताया सबसे अनमोल

सीएम योगी ने अपनी पाती में मां के प्रति सम्मान और कृतज्ञता जाहिर करते हुए लिखा कि मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है. उन्होंने कहा कि मां केवल जन्म देने वाली नहीं होती, बल्कि वह जीवनभर अपने बच्चों के लिए सुरक्षा, स्नेह और त्याग का प्रतीक बनी रहती है.

उन्होंने यह भी कहा कि सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं. कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जिन्हें कभी चुकाया नहीं जा सकता. मां का ऋण भी उन्हीं में से एक है. मां का प्यार और उसके दिए संस्कार जीवनभर व्यक्ति के साथ रहते हैं.

प्रदेशवासियों से की खास अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती के जरिए प्रदेशवासियों से भी एक भावुक अपील की. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को संकल्प लेना चाहिए कि वह किसी निराश्रित मां का सहारा बनेगा, किसी वंचित मां की पीड़ा समझेगा और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करेगा.

सीएम योगी का संदेश है कि मां के प्रति सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे अपने व्यवहार और कर्मों में भी उतारना चाहिए. उन्होंने मातृ सेवा और जरूरतमंद महिलाओं की मदद को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का आह्वान किया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES