App

विजयादशमी और महानवमी पर सीएम योगी का संदेश: 'अन्यायी कितना भी शक्तिशाली हो, जीत सत्य और धर्म की ही होगी'

शारदीय नवरात्रि की महानवमी और विजय के पर्व विजयादशमी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों के नाम एक विस्तृत संदेश (पाती) जारी की है. अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने धर्म, न्याय, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों और राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों का विस्तार से जिक्र किया है.

विजयादशमी और महानवमी पर सीएम योगी का संदेश: 'अन्यायी कितना भी शक्तिशाली हो, जीत सत्य और धर्म की ही होगी'
Image Credit: CM Yogi mahanavmi Vijayadashami Message

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की महानवमी और विजयादशमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की है. अपनी पाती में सीएम योगी ने कहा कि अन्यायी और अधर्मी चाहे कितने भी शक्तिशाली हों, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है. मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा के पराक्रम और प्रभु श्रीराम के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि ये अन्याय के प्रतिकार, नारी सम्मान और कर्तव्यपालन की प्रेरणा देते हैं. उन्होंने मां और मातृभूमि के प्रति प्रेम के साथ कर्तव्यनिष्ठा का संदेश भी दिया.

"अन्यायी और अधर्मी कितने भी शक्तिशाली हों, जीत सत्य की होती है"
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश की शुरुआत करते हुए कहा कि आदिशक्ति मां दुर्गा का पराक्रम और प्रभु श्रीराम का संपूर्ण जीवन हमें अन्याय के प्रतिकार, नारी सम्मान और कर्तव्यपरायणता की सबसे बड़ी सीख देता है. उन्होंने कहा कि इतिहास इस बात गवाह है कि अन्यायी और अधर्मी चाहे कितने भी बलवान या शक्तिशाली क्यों न हों, अंत में पराजय उनकी ही होती है और विजय हमेशा सत्य व धर्म की ही होती है.

राम के आदर्शों से समरसता और सामाजिक एकता का संदेश
सीएम योगी ने प्रभु श्रीराम को समरसता और सामाजिक एकात्मता का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि रामलीलाओं में समाज के सभी वर्गों के लोग बिना किसी भेदभाव के शामिल होते हैं. प्रभु श्रीराम के आदर्श केवल भारत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दुनिया के कई देशों की सांस्कृतिक परंपराओं में भी उनकी छाप दिखाई देती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम के आदर्शों के अनुरूप कानून का शासन स्थापित करना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

माफिया के खिलाफ कार्रवाई और गरीबों को आवास का जिक्र
अपनी पाती में सीएम योगी ने माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भयमुक्त वातावरण बनाने के लिए निर्णायक कदम उठाए गए हैं. अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति से कानून के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है. सीएम योगी ने प्रयागराज के कसारी-मसारी क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई भूमि पर गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे. इस क्षेत्र को ‘श्रीकृष्णपुरी’ के रूप में विकसित करने की बात भी कही गई.

विजयादशमी पर अहंकार और अन्याय रूपी रावण के दहन की अपील
अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता से अपील की कि विजयादशमी का यह पावन पर्व केवल रावण के पुतले दहन तक सीमित न रहे, बल्कि हम सभी अपने भीतर के अहंकार, अन्याय, आपसी भेदभाव और नकारात्मकता रूपी रावण का दहन करने का दृढ़ संकल्प लें.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More