चित्रकूट में महिला से दरिंदगी: साथी का झांसा देकर जंगल ले गए युवक, फिर कर दिया कांड; एक गिरफ्तार और दो फरार
Chitrakoot Gangrape Case: चित्रकूट के मानिकपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से महिला के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है. पीड़िता अपने साथी के साथ लिव-इन में रह रही थी और साथी की पहली पत्नी से किसी बात पर विवाद हो गया. विवाद के बाद महिला का साथी पहली पत्नी और उसके बच्चों को सड़क तक छोड़ने चला गया. इसी दौरान पीड़िता घर से बाहर चली गई. आरोप है कि गांव का रहने वाला युवक महिला के पास पहुंचा और बहाने से बुलाकर जंगल की ओर ले गया. जहां महिला के साथ हैवानियत हुई.
Chitrakoot Gangrape Case/ ओंकार सिंह: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के मानिकपुर कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने तीन युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म (Gang Rape) करने का आरोप लगाया है. पीड़ित महिला की तहरीर पर एक्शन में आई पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
पति का झांसा देकर ले गया आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता मानिकपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. मंगलवार दोपहर घर में महिला और उसके साथी की पहली पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद बढ़ने पर महिला का साथी अपनी पहली पत्नी और बच्चों को सड़क तक छोड़ने चला गया. इसी दौरान पीड़िता भी घर से बाहर निकल आई.
आरोप है कि तभी गांव का ही रहने वाला छैला नाम का युवक महिला के पास पहुंचा और उसे झूठा झांसा दिया कि उसका पति रेलवे लाइन के दूसरी तरफ उसे बुला रहा है. महिला उसकी बातों में आ गई और उसके साथ चल दी.
जंगल में महुआ के पेड़ के पास हैवानियत
आरोप है कि आरोपी महिला को बहला-फुसलाकर रेलवे लाइन पार जंगल में एक महुआ के पेड़ के पास ले गया. वहां पहले से ही दो अन्य युवक मौजूद थे. इसके बाद तीनों आरोपियों ने महिला के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. वारदात के बाद पीड़िता किसी तरह अपने साथी के पास पहुंची और आपबीती सुनाई, जिसके बाद तत्काल मानिकपुर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई.
मुकदमा दर्ज, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मु.अ.सं. 156/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस ने महिला को बहलाकर जंगल ले जाने वाले मुख्य आरोपी छैला को गिरफ्तार कर लिया है. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ मऊ फहद अली, प्रभारी निरीक्षक ए.के. पांडेय और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य व सैंपल जुटाए.
फिलहाल पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है. पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी.