SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

चित्रकूट के ऐतिहासिक गधा मेले पर आधुनिकता की मार: कभी हजारों पशुओं से गुलजार था, अब क्यों पड़ रहा सूना?

चित्रकूट के मंदाकिनी नदी के किनारे लगने वाले एतिहासिक गधा मेले पर दूर दूर से लोग आते थे. हालांकि, अब इस मेले पर पशुओं की संख्या कम हो गई है.

Written By Amitesh Pandey
Published: Nov 09, 2026, 03:48 PM IST | Updated: Nov 09, 2026, 03:54 PM IST
Image Credit: Z Creative (AI Image)
Join

धार्मिक नगरी चित्रकूट में दीपावली अमावस्या मेले के साथ मंदाकिनी नदी के तट पर लगने वाला ऐतिहासिक गधा मेला भी इन दिनों आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. वर्षों पुरानी परंपरा के तहत आयोजित इस मेले में देश के अलग-अलग प्रांतों से व्यापारी गधे, खच्चर और अन्य भारवाही पशुओं को लेकर पहुंचते हैं. हालांकि, इस बार मेले में पशुओं की संख्या पहले के मुकाबले कम दिखाई दे रही है, जिससे पारंपरिक पशु कारोबार में आ रहे बदलावों की तस्वीर भी सामने आई है.

मंदाकिनी तट पर लगता है पशु मेला  

नगर पंचायत चित्रकूट की देखरेख में मंदाकिनी तट पर आयोजित इस मेले में पशुओं की खरीद-फरोख्त के लिए व्यापारी और खरीदार पहुंच रहे हैं. मेले का संचालन ठेका व्यवस्था के तहत किया जाता है. व्यापारियों से पशु लाने पर प्रति पशु 30 रुपये शुल्क लिए जाने की जानकारी दी गई है. वहीं, खरीद-बिक्री के दौरान अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने की बात भी व्यापारियों की ओर से बताई गई है.

दीवाली त्यौहार के साथ कारोबार  

व्यापारियों का कहना है कि वे हर साल बड़ी संख्या में गधे और खच्चर लेकर चित्रकूट पहुंचते हैं. दीपावली मेले के दौरान यहां अच्छा कारोबार होता रहा है. कई राज्यों से आने वाले व्यापारी इस बाजार को पशुओं की खरीद-बिक्री का बड़ा केंद्र मानते हैं. हालांकि, इस बार पशुओं की संख्या में गिरावट देखने को मिल रही है.

पिछले वर्षों की तुलना में पशुओं की संख्या कम हुई  

मेले के ठेकेदार के मुताबिक, इस साल भी परंपरा के अनुसार मेला लगाया गया है, लेकिन पशुओं की आमद पिछले वर्षों की अपेक्षा कम है. इसके पीछे बदलते समय और रोजगार के तौर-तरीकों को प्रमुख वजह माना जा रहा है. दरअसल, पहले निर्माण कार्यों, सामान की ढुलाई और पहाड़ी इलाकों में आवागमन के लिए गधे और खच्चरों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता था, लेकिन अब ट्रैक्टर, ट्रॉली और अन्य आधुनिक मशीनों के बढ़ते चलन ने इन पशुओं की उपयोगिता को काफी हद तक कम कर दिया है. इसके साथ ही नई पीढ़ी भी इस पारंपरिक कारोबार में कम रुचि दिखा रही है.

पशुओं की घटती संख्या को लेकर खड़े हो रहे सवाल  

ऐसे में चित्रकूट का ऐतिहासिक गधा मेला आज भी अपनी पुरानी पहचान के साथ सज तो रहा है, लेकिन पशुओं की घटती संख्या इस पारंपरिक बाजार के भविष्य को लेकर सवाल खड़े कर रही है. कभी हजारों पशुओं की खरीद-बिक्री के लिए मशहूर यह मेला अब बदलते दौर की चुनौतियों का सामना कर रहा है.

यह भी पढ़ें : मथुरा में गोवर्धन पूजा की धूम, जतीपुरा मुखारविंद मंदिर में उमड़े श्रद्धालु; गिरिराज जी का हुआ दुग्धाभिषेक

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES