SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

चित्रकूट में बड़ा हादसा: श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 की मौत; 12 घायल, 5 की हालत गंभीर

चित्रकूट में दीपावली पर तीर्थ दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई. हादसे में चार लोगों की मौत और 12 लोग घायल हुए हैं.

Edited By Preeti Chauhan
Published: Nov 09, 2026, 09:02 AM IST | Updated: Nov 09, 2026, 09:21 AM IST
Image Credit: Chitrakoot accident
Join

ओंकार सिंह/चित्रकूट: दीपावली के अवसर पर धर्मनगरी चित्रकूट में तीर्थ दर्शन करने आए मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं के साथ दर्दनाक हादसा हो गया. रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए. घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया. सीएम योगी ने हादसे पर दुख जताया है. राहत और बचाव कार्य के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं.

कहां हुआ हादसा?

प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले श्रद्धालु दीपावली के अवसर पर चित्रकूट दीपदान करने के लिए आए हुए थे. दर्शन के बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहे थे.  इसी दौरान रामनगर के पास ट्रैक्टर और ट्रॉली के बीच लगा हुक अचानक टूट गया. हुक टूटते ही ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में चार लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि ट्रॉली में सवार 12 लोग घायल हो गए.

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल रामनगर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. यहां चिकित्सकों ने पांच गंभीर घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया. वहीं सात अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका उपचार नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया.

ट्रैक्टर और ट्रॉली के बीच लगा हुक टूटने के कारण हादसा

घटनास्थल पर पहुंचे जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि ट्रैक्टर और ट्रॉली के बीच लगा हुक टूटने के कारण यह हादसा हुआ है. दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई है और 12 लोग घायल हुए हैं. इनमें पांच की हालत गंभीर है, जबकि सात लोगों को मामूली चोटें आई हैं. सभी घायलों को तत्काल रामनगर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है. प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य कराया जा रहा है.

DM और SP ने घटनास्थल का लिया जायजा

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. हादसे के शिकार सभी लोग मध्य प्रदेश के रीवा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं. दीपावली के पर्व पर चित्रकूट में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है.

कन्नौज: कोतवाली के पास वकील को मारी गोली, पूर्व मंत्री के भतीजे की मौत से हड़कंप

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES