SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

चुनाव में आपको फंसाने पूरी बारात आएगी: आगरा में आकाश आनंद का बीजेपी-सपा पर बड़ा हमला, कार्यकर्ताओं को सावधान रहने की दी हिदायत

बसपा नेता आकाश आनंद ने ​सपा-कांग्रेस पर निशाना साधा ही साथ ही बीजेपी पर भी हमला बोला. उन्होंने यूपी के दोनों डिप्टी सीएम पर तंज कसा.

Written By Amitesh Pandey
Published: Nov 22, 2026, 18:06 IST | Updated: Nov 22, 2026, 18:10 IST
Image Credit: File Photo
Join

बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद रविवार को आगरा के एत्मादपुर पहुंचे. यहां जनसभा को संबोधित करते हुए सरकार को घेरा. आकाश आनंद ने कहा कि आज एत्मादपुर की हमारी सभी माताओं-बहनों, बड़े-बुजुर्गों और जोशीले नौजवान साथियों को इतनी बड़ी तादाद में यहां मौजूद देखकर मुझे बेहद खुशी हो रही है. कोई अपना काम छोड़कर आया है, कोई खेत छोड़कर आया है, तो कोई दिन की दिहाड़ी छोड़कर यहां पहुंचा है. मैं जानता हूं कि आप सभी ने अपना कीमती समय दिया है.

आगरा मेरा घर

उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि आप सभी के साथ-साथ बहनजी ने भी अपने विश्वासपात्र सर्वेश बघेल को एत्मादपुर से बहुजन समाज पार्टी का उम्मीदवार बनाया है. मैं आप सभी का आभार प्रकट करता हूं. आज इस सभा को सफल बनाने के लिए आगरा में बहुजन समाज पार्टी के तमाम कार्यकर्ता भी मेरे साथ मौजूद हैं. मैं उन सभी का भी आभार प्रकट करता हूं.

आपको गुमराह किया जाएगा

उन्होंने ने कहा कि लोग कहते हैं कि आकाश बहुत गुस्से में रहता है, लेकिन मैं आज आपके बीच बहनजी का संदेश लेकर आया हूं. संदेश बहुत सीधा है. आपको फंसाने और गुमराह करने के लिए पूरी बारात आने वाली है. कुछ लोग ऐसे हैं, जो मठ से बाहर नहीं निकलते, वे भी आएंगे. कुछ लोग सैफई छोड़कर आगरा आएंगे. सभी को अब चुनाव के समय ही आगरा का रास्ता याद आता है. हम तो आगरा के ही हैं, हमें आगरा आने के लिए किसी से पूछना नहीं पड़ता.

बहनजी के संघर्षों को याद किया

आकाश आनंद ने कहा कि एक किताब आई, बाबा साहब का संविधान, उस संविधान ने एक इंसान, एक वोट और एक कीमत का अधिकार दिया. उसी किताब के भरोसे एक डाक कर्मचारी की बेटी ने सपना देखा. वह स्कूल में बच्चों को पढ़ाया करती थीं और कांशीराम जी के बताए रास्ते पर चल पड़ीं. वही बेटी एक दिन देश के सबसे बड़े प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री बनीं, आज उन्हें हम बहनजी कहते हैं. यह सिर्फ एक इंसान की कहानी नहीं है. एत्मादपुर के किसी कच्चे घर में रहने वाली बेटी भी लखनऊ से पूरे प्रदेश को चला सकती है. मैं अपनी आखिरी सांस तक अपने दायित्वों को निभाने की कोशिश करता रहूंगा.

सरकार ने 10 साल में क्या किया?

आकाश आनंद ने कहा कि हमें सरकार से चांद-तारे नहीं चाहिए. हमें सिर्फ तीन चीजें चाहिएं..अच्छी शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार. भाजपा सरकार को 10 साल हो चुके हैं. अब हिसाब करने का समय है. मैं जहां भी जाता हूं, लोगों से पूछता हूं कि भाजपा के 10 साल में आपको क्या मिला? आप बताइए कि इस सरकार में आपको क्या मिला? जैसा आप बता रहे हैं, वैसा ही हर जगह हर व्यक्ति कहता है कि विज्ञापन खूब देखे हैं, लेकिन रोजगार का पता नहीं है. रोजगार के विज्ञापन दिए जाते हैं, क्राइम कंट्रोल के विज्ञापन दिए जाते हैं. अब दिक्कत की बात यह है कि हम गांव और कस्बों में रहने वाले लोग हैं, लेकिन इन लोगों ने सिर्फ यह बताने के लिए सात हजार करोड़ रुपये खर्च कर दिए कि उत्तर प्रदेश में सब कुछ अच्छा है.

बेरोजगारी का मुद्दा उठाया

बसपा नेता ने कहा कि झांसी में बच्चे जलकर मरे. उन मांओं ने नौ महीने तक अपने बच्चों का इंतजार किया था. खाली पड़े पुस्तकालयों को भरने के लिए पैसे नहीं हैं. हमारा बच्चा हर साल पढ़ाई करता है, फॉर्म भरता है, लेकिन दुख की बात यह है कि जब बच्चा परीक्षा देने जाता है, उससे पहले ही पेपर बाजार में पहुंच जाता है. उत्तर प्रदेश में कुछ समय पर पहुंचे या न पहुंचे, लेकिन पेपर समय से पहले बाजार में पहुंच जाता है. इस बार भी भाजपा को हम उसकी नीतियों के आधार पर हराएंगे.

यूपी में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ें

आकाश आनंद ने कहा कि सरकारी आंकड़े बताते हैं कि हत्याओं के मामलों में उत्तर प्रदेश आगे है. महिलाओं के खिलाफ अपराधों में बढ़ोतरी हुई है. इन आंकड़ों को हल्के में नहीं लेना चाहिए. मैं पूछता हूं कि यह सरकार चला रहे हैं या किसी सीरियल की शूटिंग कर रहे हैं? हमारी बहन-बेटियों को वीडियो नहीं, बल्कि सुरक्षा चाहिए. पिछले 10 साल में 25 हजार से ज्यादा सरकारी स्कूल बंद हुए हैं. साथियों, मेरे नौजवान साथी नारे लगा रहे हैं, आज इसी उत्तर प्रदेश के दो करोड़ से ज्यादा नौजवान बेरोजगार हैं. वह नौजवान हर साल फॉर्म भरता है, फीस भरता है और फिर खबर आती है कि पेपर लीक हो गया. स्कूल बंद कर दो, भर्तियां रद्द कर दो और रोजगार मत दो. अगर स्कूल बंद हैं, रोजगार बंद है, तो इस प्रदेश में फिर क्या है? इस बार आप सभी की आवाज लखनऊ तक जानी चाहिए. क्या आप ऐसी सरकार को दोबारा मौका देंगे, जिसके बनाए एक्सप्रेसवे बारिश में बह जाते हैं?

यूपी के दोनों डिप्टी सीएम को लेकर कसा तंज

बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग कहते हैं कि डबल इंजन की सरकार है. एक इंजन हमारे लोगों का हक खींच रहा है और दूसरा इंजन विज्ञापन खींच रहा है. इस सरकार में दो-दो उपमुख्यमंत्री हैं. सुनने में जरूर अच्छा लगता है, लेकिन जरा सोचिए कि इनमें से किसकी सुनवाई होती है? दोनों में से किसी की भी सुनवाई नहीं होती. एक गाड़ी है, बंगला है, लेकिन फाइल पर कलम नहीं चला सकते. बेचारे दोनों उपमुख्यमंत्री शोपीस की तरह खड़े हैं. सरकार को 10 साल हो गए. दो डिप्टी सीएम बनाए, शोपीस ही सही, लेकिन उसमें भी दलित समाज को जगह नहीं दी. ये लोग हम सब से डरते हैं, जिस दिन इस समाज के हाथ में कलम आ गई, उस दिन से हिसाब शुरू हो जाएगा.

महंगाई को लेकर हमला बोला

आकाश आनंद ने कहा कि बहनजी का हिसाब बिल्कुल क्लियर है, जिसको कुर्सी दी है, उसको कलम भी दी है. महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला. आकाश आनंद ने कहा कि इनका नारा था, अबकी बार मोदी सरकार. उस समय सिलेंडर 400 रुपये का था, आज कितने का है? पेट्रोल 70 रुपये का था, आज कितने का है? उस समय डॉलर की कीमत कितनी थी और आज कितनी है? इन्होंने कहा था कि महंगाई की मार बहुत हुई, लेकिन उसके बाद जनता पर महंगाई की मार जारी रही. जनता पर महंगाई की मार के लिए जिम्मेदार मोदी सरकार है.

कांग्रेस पर भी निशाना साधा

आकाश आनंद ने कहा कि अब कोई कहेगा कि भाजपा नहीं तो सपा और कांग्रेस ही सही. 2024 में इन दोनों ने PDA की कहानी सुनाई थी. अब दो साल हो चुके हैं. किताब अभी भी हाथ में है, लेकिन काम अभी भी कुछ हाथ नहीं आया. वैसे इनके वादे खोखले हैं. राहुल गांधी हर बात पर बाबा साहब का नाम लेते हैं, लेकिन इतिहास भी यही कहता है कि यही कांग्रेस थी, जिसने बाबा साहब को हराने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी. इसी कांग्रेस ने दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद बाबा साहब को भारत रत्न नहीं दिया. जब उन्हें भारत रत्न मिला, तब वीपी सिंह जी की सरकार थी. उसी साल भाजपा ने वीपी सिंह जी की सरकार से समर्थन वापस ले लिया था, जब बाबा साहब को सम्मान दिया गया, तो वह इन्हें हजम नहीं हुआ और समर्थन खत्म कर दिया. तब की कांग्रेस और आज की कांग्रेस में कोई फर्क नहीं है.

दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज का जिक्र

दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि बच्चों पर गैस के गोले छोड़े गए. रांची के छात्रों पर भी लाठियां बरसाई गईं, ये लोग छात्रों के हक की बात करते हैं. बहनजी सही कहती हैं कि भाजपा और कांग्रेस एक ही हैं. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आप सभी के बड़े हैं, आप सभी के अंकल लगते हैं. मैं उनका पूरा सम्मान करता हूं. लेकिन मुझे आज तक समझ नहीं आया कि वह करना क्या चाहते हैं?. P से जो पिछड़ा था, उसे P से पंडित बना दिया, लेकिन चुनाव आते-आते P का मतलब ही बदल जाएगा.. पता नहीं. अभी समाजवादी पार्टी ने आगरा में दलित सम्मेलन किया. एक दिन के लिए पूरी सपा अंबेडकरवादी हो गई, लेकिन फिर गिरगिट की तरह रंग बदल लिया.

रामगोपाल यादव पर साधा निशाना

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव की खासियत है कि जब भी मुंह खोलते हैं, हमारे समाज के लिए बुरा ही बोलते हैं. उसी मंच से प्रोफेसर साहब ने हमारे नौजवान साथियों को मूर्ख बोल दिया, उनका अपमान किया. हम उनका डर समझते हैं, जब जमीन खिसकती है, तो जुबान भी खिसकती है. मैं प्रोफेसर साहब का शुक्रिया अदा करता हूं, जो बात वर्षों से समझाने की कोशिश की जा रही थी, वह उन्होंने खुद समझा दी कि यह पार्टी हमारे समाज के बारे में क्या सोचती है. कहते हैं कि मेकअप कितना भी कर लो, जुबान पर दिल की बात आ ही जाती है. जुबान देर-सवेर गवाही दे ही देती है. रामगोपाल यादव और अखिलेश यादव को हमारे समाज से माफी मांगनी होगी. दलित वोटर हो सकता है, मंच पर बैठ सकता है, लेकिन कुर्सी पर नहीं बैठ पाता. भाजपा और सपा दोनों ही भाई-भाई की तरह हैं. एक छोटी-सी माफी तो मांग सकते हैं.

(आगरा से कपिल अग्रवाल की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें ; मेरठ से सिद्धार्थनगर तक... BJP ने इन 6 चेहरों को दी बड़ी जिम्मेदारी! देखें पूरी लिस्ट
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. वे हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. पत्रकारिता की पढ़ाई भी प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES