कानपुर में बीजेपी का महामंथन: बीएल संतोष ने 8 जिलों के नेताओं को दिया चुनावी मंत्र, बूथ तक बनेगी 2027 की रणनीति
बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने कानपुर में 8 संगठनात्मक जिलों के जिलाध्यक्षों, सांसदों, विधायकों और प्रमुख पदाधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की.
प्रवीण पांडे/कानपुर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने कानपुर में बड़ा संगठनात्मक मंथन शुरू किया है. बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष दो दिवसीय प्रवास पर कानपुर पहुंचे, जहां होटल लैंडमार्क में कानपुर कमिश्नरी के आठ जिलों के सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, जिला अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठकें की जा रही हैं.
आगामी चुनावों की रणनीति
12 और 13 सितंबर तक चलने वाली इस बैठक में संगठन को मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है. पार्टी नेतृत्व सीधे जमीनी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से फीडबैक लेकर आगामी चुनावों की रणनीति तैयार कर रहा है. इस बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री बी.एल. संतोष के साथ राष्ट्रीय विनोद तावड़े, जगदीश पटेल, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश संगठन महामंत्री सहित वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे. 12 और 13 सितंबर को चलने वाले इस दो दिवसीय महामंथन में मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद कर जमीनी रणनीति तैयार की जा रही है.
संगठन की मजबूती और अनुशासन पर जोर
बैठक में बीजेपी की प्रदेश महामंत्री गीता शाक्य ने स्पष्ट किया कि इन बैठकों का उद्देश्य टिकट वितरण पर चर्चा करना नहीं, बल्कि संगठन को अधिक मजबूत, सक्रिय और अनुशासित बनाना है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महामंत्री बी.एल. संतोष, विनोद तावड़े, जगदीश पटेल, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश संगठन महामंत्री की मौजूदगी में संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा की जा रही है.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर पलटवार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए गीता शाक्य ने उनके दावों को गैर-गंभीर करार दिया. उन्होंने हमला बोलते हुए कहा कि जनता भूली नहीं है कि पिछली सपा सरकार के दौरान किस तरह कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ी थीं और भूमि कब्जों व तुष्टीकरण की राजनीति हावी थी.
सर्वे और एकजुटता के दम पर उतरेंगे मैदान में
गीता शाक्य ने कहा कि पार्टी जनप्रतिनिधियों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर रही है और सर्वे आधारित रणनीति के साथ "सबका साथ, सबका विकास" के मंत्र पर आगामी चुनाव में उतरेगी. बीजेपी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर चुनावी तैयारियों को धार देना है.
बी.एल. संतोष के इस दौरे को राज्य में भाजपा के सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में ऊर्जा फूंकने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.बी.एल. संतोष का यह दौरा मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों और रणनीति पर केंद्रित है.