बिजनौर के गंगा मेले में मातम! स्नान करते समय 3 लोग डूबे, 12 साल की बच्ची को बचाने वाले युवक की बहादुरी की चर्चा
बिजनौर के गंगा मेले में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जहां नहाने गए चार में तीन लोग लापता हो गए, जबकि 12 साल की बच्ची को बचाया गया. सूचना के घंटों बाद मौके पर पहुंची NDRF की टीम डूबे तीन लोगों की तलाश कर रही है.
बिजनौर के नांगल थाना क्षेत्र में गंगा मेले के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. गंगा स्नान करने पहुंचे चार लोग अचानक पानी में डूबने लगे. इनमें से तीन लोग गंगा में लापता हो गए, जबकि 12 साल की एक बच्ची की जान एक युवक की बहादुरी से बच गई. बच्ची को बचाने के लिए नजीबाबाद के मांझाड़ी गांव का रहने वाला नितिन बिना अपनी जान की परवाह किए गंगा में कूद गया. उसने बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन इस कोशिश में उसका करीब 35 हजार रुपये का मोबाइल और पर्स गंगा में खो गया. पर्स में 2500 रुपये रखे हुए थे.
इस हादसे ने गंगा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. परिवारों का आरोप है कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां न तो लोगों को खतरे के बारे में बताने वाला कोई बोर्ड लगा था और न ही उन्हें वहां नहाने से रोका गया था.
गंगा में डूबने वालों में 16 और 17 साल के दो नाबालिग भी शामिल
जानकारी के मुताबिक, गंगा में डूबने वाले तीनों लोग नजीबाबाद के रमपुरा मोहल्ले के रहने वाले हैं. इनमें सूरज की उम्र 16 साल और हर्षित की उम्र 17 साल है. तीसरी लापता युवती का नाम डोली बताया गया है, जिसकी उम्र 22 साल है. तीनों के गंगा में डूबने की सूचना के बाद परिवारों में चीख-पुकार मच गई. लोग अपने परिजनों की तलाश में परेशान होते रहे.
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी भी मौके पर पहुंचे. गंगा में डूबे लोगों की तलाश को लेकर मौके पर हलचल बनी रही.
एक बच्ची की जान बचाने के लिए नितिन ने लगा दी गंगा में छलांग
इस हादसे के दौरान नितिन ने जो हिम्मत दिखाई, उसकी चर्चा भी हो रही है. नितिन नजीबाबाद तहसील के मांझाड़ी गांव का रहने वाला है और गंगा स्नान के लिए मेले में पहुंचा था. इसी दौरान 12 साल की बच्ची दिव्यानी गंगा में डूबने लगी. बच्ची को मुश्किल में देखकर नितिन ने अपनी जान की परवाह नहीं की और उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया.
नितिन ने किसी तरह बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि, इस दौरान उसका मोबाइल फोन और पर्स गंगा में गिरकर खो गए. मोबाइल की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है, जबकि पर्स में 2500 रुपये थे. एक तरफ तीन लोगों के लापता होने से परिवार परेशान हैं, तो दूसरी तरफ नितिन की बहादुरी ने एक बच्ची की जान बचा ली.
हादसे के बाद पीड़ित परिवारों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि जिस जगह परिवार के लोग गंगा में स्नान कर रहे थे, वहां कोई ऐसा बोर्ड या चेतावनी का निशान नहीं लगाया गया था, जिससे लोगों को पता चलता कि यहां नहाना खतरनाक है.
परिवारों का कहना है कि वे लोग मेले में गंगा स्नान करने आए थे. अगर प्रशासन को पता था कि उस जगह पानी में उतरना खतरे से खाली नहीं है तो वहां पहले से लोगों को रोकने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? कम से कम चेतावनी वाले बोर्ड तो लगाए ही जा सकते थे.
चार घंटे तक नहीं पहुंची SDRF-NDRF की टीम, लोगों ने उठाए सवाल
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि हादसे के समय वहां SDRF और NDRF की टीमें मौजूद नहीं थीं. लोगों के मुताबिक, घटना के करीब चार घंटे बाद तक भी दोनों बचाव दलों की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी थी.
इस देरी को लेकर लोगों ने सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि गंगा मेले जैसे बड़े आयोजन में पहले से ही बचाव दलों की तैनाती होनी चाहिए, क्योंकि गंगा में पानी का बहाव और गहराई कई बार लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है.
हादसे से दुखी परिवारों का कहना है कि इस बार उन्हें किसी ने नहीं बताया कि जिस जगह वे स्नान कर रहे हैं, वहां खतरा है. न कोई चेतावनी बोर्ड था और न ही किसी ने उन्हें वहां जाने से रोका.
गंगा मेले में हुए इस हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि जब हजारों लोग एक साथ गंगा स्नान करने पहुंचते हैं, तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रशासन कितना तैयार रहता है? तीन लोगों का गंगा में डूबना, एक बच्ची को बचाने के लिए आम नागरिक का अपनी जान जोखिम में डालना और बचाव दलों की मौजूदगी को लेकर उठे सवाल इस पूरे आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल छोड़ गए हैं.
(बिजनौर से राजवीर चौधरी की रिपोर्ट)