)
राजीव शर्मा/बहराइच: जिले में शनिवार का दिन हादसों के नाम रहा. अलग-अलग जगहों पर हुई टक्करों ने 5 परिवारों की खुशियां छीन लीं. सुबह से शाम तक कहीं साइकिल, कहीं पैदल जा रही लड़की और कहीं बाइक-हर जगह सड़क ने जान ले ली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
कुंडासर इलाके में बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे एक शख्स की सड़क पर जान चली गई. घटना अलियाबाद बैंक के ठीक सामने हुई. मृतक के भाई रामू का कहना है कि हादसा कैसे हुआ, ये सीसीटीवी में कैद हो गया है. पुलिस अब उसी फुटेज को देखकर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है.
हुजूरपुर में 18 साल की रमधना सड़क पार करके घर की तरफ जा रही थी. तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. लड़की वहीं गिर गई और उसकी मौत हो गई. भाई सोनू निषाद ने बताया कि बहन सड़क पार कर चुकी थी, इसके बाद भी बाइक सवार ने उसे पीछे से टक्कर मार दी.
दरगाह क्षेत्र में कबाड़ का काम करने वाले कलाम की सड़क हादसे में मौत हो गई. खबर मिलते ही उनके भाई हफीजुद्दीन मौके पर पहुंचे. परिवार का कहना है कि हादसा करने वाला वाहन पुलिस ने पकड़ लिया है.
सबसे भयानक हादसा मोतीपुर थाना इलाके के कुड़वा मोड़-कतर्नियाघाट रोड पर हुआ. बीएसएनएल दफ्तर के सामने गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी. तेज रफ्तार बाइक सीधे उससे जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खमरिया के रहने वाले 25 साल के गुरुदीन और उनके साथी 25 साल के करने पुत्र रामेश्वर वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए इन हादसों में कुल पांच लोगों की जान चली गई।. पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है.