)
Azamgarh Wall Collapse/ वेदेन्द्र प्रताप शर्मा: पूर्वांचल के कई जिलों में तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश ने जो तबाही मचाई, उसका सबसे दिल दहला देने वाला मंजर आजमगढ़ के शहर कोतवाली क्षेत्र के गुरुटोला मोहल्ले में देखने को मिला. यहां दो बच्चे छतरी लगाकर घर से खेलते गली से गुजर ही रहे थे, तभी सालों पुरानी जर्जर दीवार अचानक भरभराकर सीधे उन मासूमों पर आ गिरी.
सभासद की बेटी की दर्दनाक मौत
जब धमाके के साथ दीवार गिरी और चारों तरफ धूल व मलबे का गुबार उठा, तो पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग दौड़े और ईंटों व मलबे को हटाना शुरू किया. दोनों बच्चों को आनन-फानन में बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
डॉक्टरों ने 6 वर्षीय अलीना को मृत घोषित कर दिया, जबकि किस्मत से 7 वर्षीय आदर्श को मामूली चोटें आईं. उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
CCTV में कैद हुआ दर्दनाक मंजर
यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे छतरी पकड़े जा रहे मासूमों को संभलने का एक सेकेंड का भी मौका नहीं मिला और काल बनकर गिरी दीवार ने हंसती-खेलती मासूम की सांसें हमेशा के लिए छीन लीं.
खतरनाक हिस्सों और मलबे को हटाया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास बिखरी ईंटें और मुड़े हुए टीनशेड तबाही का मंजर बयां कर रहे थे. दोबारा ऐसा हादसा न हो, इसके लिए नगर पालिका परिषद ने तुरंत जेसीबी बुलाकर दीवार के बाकी बचे खतरनाक हिस्सों और मलबे को हटवाया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सभासद मोहम्मद अफजल की मासूम बेटी की मौत से गुरुटोला में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, घटना की खबर मिलते ही तमाम जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं.
सोमवार को तेज हवा और बारिश का तांडव
दरअसल, सोमवार को पूर्वांचल के कई जिलों में तेज हवा और बारिश के चलते बहुत नुकसान हुआ है. यहां कई जगहों पर टीनशेड और अन्य सामान उड़ गए. कहीं बिजली के पोल गिर गए तो कई जगहों पर होर्डिंग, बैनर और पेड़ धराशायी हो गए. कई जगहों से इसकी खौफनाक तस्वीर सामने आई है, जिनमें आजमगढ़ भी एक है. यहां सभासद के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.