फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामला: आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, पत्नी-बेटे की दोषसिद्धि पर भी रोक!
फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके परिवार को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है. अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका को खारिज कर दिया है.
अरविंद सिंह/नई दिल्ली/लखनऊ: फर्जी जन्म प्रमाण पत्र के चर्चित मामले में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान और पत्नी तंजीन फातिमा को सुप्रीम कोर्ट से बहुत बड़ी राहत मिली है. शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा आजम खान को दी गई राहत के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका को खारिज कर दिया है. इसके साथ ही, सुप्रीम कोर्ट ने बेटे और पत्नी की दोषसिद्धि (Conviction) पर भी रोक लगा दी है. यूपी सरकार ने आजम खान को ज़मानत देने और दोषसिद्धि पर रोक लगाने के इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी.
अब्दुल्ला आजम खान और तंजीन फातिमा को लेकर भी राहत
अदालत से अब्दुल्ला आजम खान और तंजीन फातिमा को राहत मिल गई है. इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान की दोषसिद्धि पर रोक लगा दी थी, लेकिन उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम की दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था. इसके बाद दोनों ने हाईकोर्ट के इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी.
परिवार के तीनों सदस्यों को दोषसिद्धि में राहत
सुप्रीम कोर्ट के इस नए फैसले के बाद अब आजम खान के साथ-साथ उनके बेटे और पत्नी की भी दोषसिद्धि पर रोक लग गई है, जिससे उन्हें बड़ी कानूनी राहत मिली है.
आजम खान की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट में सुनवाई जारी, ED आज देगी जवाब; दोपहर बाद आ सकता है अंतरिम आदेश