'मंथरा-मारीच फिर एक्टिव: राम मंदिर बन गया, अब रामभक्तों से माफी मांगें, अयोध्या दीपोत्सव से योगी का सियासी संदेश
अयोध्या दीपोत्सव को दुनिया ने देखा और सराहा. इस दौरान सीएम योगी ने अयोध्या से सियासी संदेश भी दिया. विपक्ष पर जमकर हमला बोला.
सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को दीपोत्सव मनाने अयोध्या पहुंचे. यहां से सीएम योगी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि प्रधामंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विरासत, विकास और लोककल्याणकारी योजनाओं के जरिए आत्मनिर्भर बन रहे हैं. साथ ही विकसि भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है. दूसरी ओर कोप भवन में बैठे हुए मंथरा और मारीच इस पूरी व्यवस्था को प्रभावित करने के लिए येन-केन-प्रकारेण फिर से नक्सलवाद, आतंकवाद और अराजकता पैदा कर रहे हैं. ये लोग देश में अराजकता फैलाने की साजिश रच रहे हैं.
दीपोत्सव रामभक्तों के लिए एक संदेश
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि चुनौती कितनी भी कठिन क्यों न हो? सामने कितना भी बड़ा सागर क्यों न हो? लेकिन जब नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और जनता-जनार्दन के प्रति प्रतिबद्धता में संकल्प छिपा हो तो दुनिया की कोई ताकत जीतने से नहीं रोक सकती. सीएम योगी ने कहा कि यह दीपोत्सव रामभक्तों के लिए एक संदेश है. आज राम की पैड़ी पर जगमगाते लाखों दीप केवल उत्सव की भव्यता नहीं बढ़ा रहे, बल्कि रामभक्तों के संकल्प, आस्था और बदलते भारत की तस्वीर भी प्रस्तुत कर रहे हैं.
अयोध्या में परिंदा पर नहीं मार सकता
उन्होंने कहा कि आज से ठीक 36 साल पहले इसी सरयू नदी का जल रामभक्तों के लहू से रक्तरंजित हुआ था, जिन लोगों ने अयोध्या को लहूलुहान किया, राम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा किया और राम मंदिर निर्माण में बाधक बने, वे आज फिर सिर उठाने का प्रयास कर रहे हैं, जो लोग कभी कहते थे कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता, जो जय श्रीराम बोलने को प्रतिबंधित करते थे, वे आज राम मंदिर में दर्शन करने का सपना देख रहे हैं.
राम मंदिर का निर्माण हुआ
सीएम योगी ने कहा कि आज समय आ गया है राम मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है. ऐसे लोगों को रामभक्तों से माफी मांगनी चाहिए. साथ ही साधु संतों से भी सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगनी चाहिए. उन्हें अपने किए पर पक्षतावा होना चाहिए. सीएम योगी ने कहा कि हमारे राम करुणानिधान और भक्तवत्सल हैं, वे हर एक पर समान रूप से कृपा बरसाते हैं, लेकिन राम को प्राप्त करने और उनकी भक्ति के लिए सहज और सरल भी होना पड़ता है. उन्होंने कहा कि आज अयोध्या जगमगा रही है और त्रेतायुग का स्मरण करा रही है. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन जी ने सरयू मैया की आरती करके हम सभी को त्रेतायुग के साथ जोड़ने का कार्य किया है.
आज नौजवान को रोजगार मिल रहा
सीएम योगी ने आगे कहा कि रामराज्य की जो परिकल्पना धार्मिक और पौराणिक ग्रंथों में की गई है, वह आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अक्षरशः धरातल पर उतर रही है, जब गरीब को फ्री में राशन मिल रहा है, नौजवान को रोजगार मिल रहा है, किसान को सम्मान मिल रहा है, तब रामराज्य की परिकल्पना साकार होती है. रामभक्तों की सरकार सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के माध्यम से हर व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन लाने का कार्य कर रही है.
10 साल पहले अयोध्या कैसी थी?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 10 वर्ष पहले क्या कोई कल्पना कर सकता था कि अयोध्या में इतना भव्य दीपोत्सव होगा? क्या उत्तर प्रदेश में ऐसा उत्सव का माहौल संभव था, जहां देर रात भी कोई बेटी और बहन बेखौफ होकर अपने घर लौट सके? उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अयोध्या को बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसाया, वहां बिजली की सीमित उपलब्धता थी, सफाई की व्यवस्था नहीं थी और गलियां संकरी थीं. उन्होंने कहा कि वर्षों तक हमारे रामलला टेंट में विराजमान थे, श्रद्धालु दूर दूर से दर्शन अयोध्या आते थे. संकरे रास्ते में उन्हें दर्शन में दिक्कत होती थी.
आज अयोध्या में फोरलेन सड़कें
सीएम योगी ने कहा कि आज अयोध्या में राम मंदिर तक पहुंचने के लिए फोरलेन सड़कें हैं. महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बना है. रामपथ, श्रीराम जन्मभूमि पथ, भक्ति पथ और धर्मपथ का विस्तार हुआ है. रेलवे स्टेशन का विकास हुआ है और वंदे भारत तथा अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों का संचालन हो रहा है. अयोध्या सोलर सिटी के रूप में नई पहचान बना रही है. यह बदलते हुए भारत की तस्वीर है.
यह भी पढ़ें कौन हैं वनटांगिया? जिनके साथ हर साल दिवाली मनाते हैं सीएम योगी