App

दीपोत्सव पर अयोध्या जाने वाले ध्यान दें: 6 से 8 नवंबर तक भूलकर भी न पकड़ें ये रास्ते, देखें नया रूट मैप

अयोध्या में दीपोत्सव के लिए यातायात व्यवस्था बदलने जा रही है. 6 नवंबर की रात से 8 नवंबर की रात 12 बजे तक यह डायवर्जन लागू रहेगा. भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक रहेगी.

दीपोत्सव पर अयोध्या जाने वाले ध्यान दें: 6 से 8 नवंबर तक भूलकर भी न पकड़ें ये रास्ते, देखें नया रूट मैप

रामनगरी अयोध्या में इस बार भव्य दीपोत्सव मनाया जा रहा है. सात नवंबर को प्रस्तावित दीपोत्सव समारोह में लाखों श्रद्धालुओं और अतिथियों की भीड़ जुटने की संभावना है. यही वजह है कि दीपोत्सव को सुरक्षित, सुचारू और सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है. लखनऊ और आसपास के जिलों से अयोध्या जाने वाले प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा.

एडीसीपी के मुताबिक, यह डायवर्जन 6 नवंबर की रात 12 बजे से प्रभावी होकर 8 नवंबर की रात 12 बजे तक लागू रहेगा. इस दौरान कई प्रमुख मार्गों से अयोध्या की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी.

इन रास्तों पर भारी वाहनों की रोक
एडीसीपी के मुताबिक, सीतापुर रोड से आने वाले भारी वाहन बाराबंकी होकर अयोध्या की तरफ नहीं जा सकेंगे. इसी तरह हरदोई रोड से आने वाले भारी वाहनों का बाराबंकी और अयोध्या रोड की तरफ आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. कानपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहन भी बाराबंकी होकर अयोध्या नहीं जा सकेंगे.

इन वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे वाहन
डायवर्जन के दौरान सीतापुर रोड से आने वाले वाहन किसान पथ के रास्ते सुल्तानपुर रोड होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजरेंगे. हरदोई रोड से आने वाले वाहनों को भी किसान पथ से सुल्तानपुर रोड और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते भेजा जाएगा. वहीं, कानपुर रोड से आने वाले भारी वाहन फतेहपुर, लालगंज, बछरावां और हैदरगढ़ होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे.

यातायात पुलिस की अपील
सीओ ट्रैफिक कुलदीप सिंह यादव का कहना है कि बस्ती-अयोध्या फोरलेन मार्ग (नेशनल हाईवे 27) पर 6 नवंबर की रात 12 बजे से अगले दिन दीपोत्सव के समापन तक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है. इसके तहत बस्ती से अयोध्या वाया लखनऊ की ओर जाने वाले गाड़ियों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है.

यातायात विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे दीपोत्सव के दौरान निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें.

(लखनऊ से मयूर शुक्ला की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More