)
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजने में अभी करीब 2 महीने का समय बचा है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने सत्ता की हैट्रिक लगाने के लिए अभी से अपनी सबसे मजबूत बिसात बिछानी शुरू कर दी है.मथुरा में हुई पार्टी की अहम 'चिंतन बैठक' के बाद अब 'मिशन यूपी 2027' की कमान खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने हाथों में ले ली है और वो हर महीने 7 दिन उत्तर प्रदेश में गुजारेंगे. इस दौरान अमित शाह का पूरा फोकस ग्राउंड स्ट्रैटेजी बनाने पर होगी. सियासी गलियारों में इस कदम को बेहद अहम माना जा रहा है.
पार्टी के शीर्ष सूत्रों के मुताबिक, चुनावी तैयारियों को धार देने और जमीनी हकीकत परखने के लिए अमित शाह हर महीने कम से कम सात दिन उत्तर प्रदेश में बिताएंगे. उनका पूरा फोकस बूथ स्तर के प्रबंधन, संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने पर रहेगा. अमित शाह के प्रवास के अलावा राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की तैनाती की भी तैयारी है, ताकि चुनाव से पहले ही विपक्ष के हर दांव की काट तैयार की जा सके.
महिला वोटर्स को साधने के लिए बीजेपी ने माइक्रो लेवल पर रणनीति बनानी शुरू कर दी है. महिला वोटर्स तक अपनी पहुंच मजबूत बनाने के लिए पार्टी ने खास रणनीति बनाई है, जिसके तहत सभी 403 विधानसभा सीटों पर महिला कार्यकर्ताओं की तैनाती की तैयारी है. इस अभियान के लिए पार्टी दूसरे राज्यों की महिला कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेदारी सौंपेगी, जो महिला वोटर्स को आकर्षित करने पर काम करेंगीं. इसका फोकस गांव से लेकर शहर तक महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित करना और योगी सरकार की उपलब्धियों को बताया है.
इसके तहत राजस्थान से करीब 50 महिला कार्यकर्ता यूपी पहुंचने वाली हैं. लखनऊ पहुंचने के बाद इन कार्यकर्ताओं को तीन दिनों तक ट्रेनिंग दी जाएगी और फिर विधानसभा क्षेत्रों में भेजा जाएगा. महिला कार्यकर्ता अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाकर महिला वोटर्स से संपर्क करेंगी. महिला कार्यकर्ताएं सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल के दौरान महिलाओं के लिए बने सुरक्षित माहौल के बारे में बताएंगीं. इसके साथ ही वह यह संदेश भी देंगी कि वो खुद राजस्थान से यूपी आकर प्रचार करने में सुरक्षित महसूस कर रही हैं.
विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने सीट शेयरिंग को लेकर भी तैयारी शुरू कर दी है और गठबंधन के भीतर सीटों का गणित साधते हुए सहयोगी दलों से बातचीत के लिए चार बड़े नेताओं की जिम्मेदारी तय की गई है. इसके तहत आरएलडी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अपना दल (एस) से ब्रजेश पाठक, निषाद पार्टी से पंकज चौधरी और सुभासपा से केशव प्रसाद मौर्य चर्चा करेंगे. इस बार सीट शेयरिंग में केवल सीटों की संख्या ही नहीं, बल्कि क्षेत्रीय समीकरण, मजबूत संगठन, सामाजिक आधार और जिताऊ उम्मीदवार जैसे अहम फैक्टर निर्णायक होंगे.
सहयोगियों की पिछली चुनावी दावेदारी और ताकत को देखते हुए अपना दल (एस) के बढ़ते स्ट्राइक रेट और निषाद पार्टी की मजबूत हिस्सेदारी के बीच संभावित रूप से आरएलडी के लिए अधिकतम 18 और सुभासपा के लिए करीब 10 सीटों तक के विकल्पों पर चर्चा होने की बात सामने आ रही है. चुनाव से पहले तैयार इस शुरुआती रोडमैप के जरिए भाजपा के सामने सहयोगियों की मांगों और अपने दावेदारों व संगठन के हितों के बीच संतुलन साधने की बड़ी चुनौती रहेगी.