App

लखनऊ दौरे पर अमित शाह: प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का करेंगे उद्घाटन, 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन

आज लखनऊ दौरे पर रहेंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करेंगे. अमित शाह लखनऊ में पार्टी के कार्यकर्ताओं को यूपी के चुनाव प्रबंधन का पाठ पढ़ाएंगे.

लखनऊ दौरे पर अमित शाह: प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का करेंगे उद्घाटन, 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन
Image Credit: Amit Shah Lucknow Visit (File Photo)

लखनऊ: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज 30 अक्टूबर को लखनऊ के दौरे पर आ रहे हैं. इस छोटे से प्रवास के दौरान वे राजधानी में करीब 3 घंटे 15 मिनट रहेंगे. अमित शाह आशियाना स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे. बीजेपी के थिंक टैंक माने जाने वाले अमित शाह लखनऊ में पार्टी के कार्यकर्ताओं को यूपी के चुनाव प्रबंधन का पाठ पढ़ाएंगे. गृहमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल जारी कर दिया है.

यूपी बीजेपी की दो दिवसीय बैठक का आयोजन होना है. 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन किया जाएगा. सीएम योगी समेत कई नेता इस बैठक का हिस्सा होंगे. बैठक में 2027 चुनाव के लिहाज से तय होगी आगे की रणनीति. डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय के सभागार में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी संबोधित करेंगे.

यूपी भाजपा मिशन-2027 का चुनावी आगाज आज से..

आज पार्टी की नवगठित कार्यसमिति की पहली बैठक में चुनावी अभियान का खाका खींचा जाएगा. सुबह 10:30 बजे गृह मंत्री अमित शाह पहले सत्र की शुरुआत करेंगे. दूसरा सत्र सांगठनिक होगा, जिसमें राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात, पार्टी की तैयारियों, चुनावी कार्यक्रमों और अन्य मसलों पर बातचीत होगी. इसी सत्र में विपक्ष के राजनीतिक नैरेटिव की काट के लिए योजना पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है. योगी सरकार की उपलब्धियों पर फोकस होगा. शाम 4 बजे सीएम योगी इस बैठक के समापन सत्र को संबोधित करेंगे कुल 4 सत्र होंगे.
 

कुल समय सीमा: गृहमंत्री लखनऊ में कुल 3 घंटे 15 मिनट का समय बिताएंगे.

अमित शाह का आज का पूरा कार्यक्रम

सुबह 10:40 बजे-चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमौसी पर आगमन
सुबह 10:45 बजे-एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से लोहिया लॉ यूनिवर्सिटी के लिए रवाना होंगे
सुबह 10:55 बजे-डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचेंगे
सुबह 11:00 से दोपहर 12:30 बजे तक-बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक और पहले सत्र को संबोधित करेंगे. इसके लिए डेढ़ घंटे का समय तय है
दोपहर 12:30 से 1:00 बजे तक-यूनिवर्सिटी परिसर में अन्य आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल होंगे
दोपहर 1:00 से 2:00 बजे तक-लंच के लिए समय आरक्षित
दोपहर 2:00 बजे-लोहिया लॉ यूनिवर्सिटी से एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान
दोपहर 2:10 बजे-अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे
दोपहर 2:15 बजे-भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे.

विधानसभा चुनाव 2027 से पहले यह बैठक संगठनात्मक तैयारियों का आकलन करने,बीजेपी कार्यकर्ताओं को संदेश देने और चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिहाज से अहम मानी जा रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More