'लाल टोपी के साथ जुड़ा नीला रंग'...अखिलेश यादव की इस रणनीति के पीछे आखिर क्या है दांव ?
Akhilesh Yadav new dress code: 2027 के यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने 'समाजवादी छात्र सभा' का ड्रेस कोड बदलकर नीला कर दिया है. बाबा साहब अंबेडकर के विचारों से प्रेरित इस नीले पहनावे का मुख्य उद्देश्य दलित मतदाताओं और युवाओं को जोड़कर पार्टी के 'पीडीए' समीकरण को मजबूत करना है.
Samajwadi Chhatra Sabha blue dress: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है. सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी रणनीतियों को धार देने में जुट गए हैं. इसी क्रम में राज्य की मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने एक बड़ा राजनीतिक दांव खेला है. सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी के छात्र संगठन 'समाजवादी छात्र सभा' के पहनावे में ऐतिहासिक बदलाव करने का फैसला लिया है. अब तक मुख्य रूप से लाल टोपी और लाल-हरे गमछे के लिए पहचानी जाने वाली समाजवादी पार्टी अब नीले रंग को भी अपने पहनावे में शामिल कर रही है.
अंबेडकरवादी विचारों को जोड़ने की कोशिश
समाजवादी पार्टी का यह नया रूप बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और उनकी विचारधारा से प्रेरित माना जा रहा है. अखिलेश यादव का उद्देश्य अपनी पार्टी को समाज के हर वर्ग, विशेषकर दलित समुदाय के युवाओं से सीधे जोड़ना है. नई व्यवस्था के तहत समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी अब नीली पैंट, नीली शर्ट या फिर नीली जींस और नीली टी-शर्ट में नजर आएंगे. इस नीले पहनावे पर समाजवादी पार्टी का आधिकारिक लोगो और उनकी पहचान साइकिल का निशान भी छपा होगा.
पार्टी मुख्यालय में भव्य लॉन्चिंग की तैयारी
इस नई पोशाक की औपचारिक शुरुआत के लिए लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव खुद इस नई ड्रेस को लॉन्च करेंगे. इस मौके पर प्रदेश भर से सैकड़ों छात्र कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है. इसके अलावा विभिन्न विश्वविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों के वर्तमान व पूर्व छात्र संघ अध्यक्षों को भी इस कार्यक्रम में शामिल होने का विशेष न्योता दिया गया है, ताकि इस बदलाव का संदेश पूरे प्रदेश के युवाओं तक आसानी से पहुंचाया जा सके.
नीले रंग के पीछे की चुनावी रणनीति
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लाल रंग के साथ नीले रंग को अपनाना कोई मामूली बदलाव नहीं है, बल्कि यह 2027 के चुनावों से पहले दलित मतदाताओं को आकर्षित करने की एक बेहद सोची-समझी रणनीति है. उत्तर प्रदेश की सियासत में नीला रंग लंबे समय से दलित राजनीति और बहुजन समाज पार्टी की पहचान रहा है. पिछले कुछ समय से अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव जैसे बड़े नेताओं को भी नीले गमछे के साथ देखा गया था. अब छात्र संगठन के जरिए इस रंग को आधिकारिक रूप से अपनाकर सपा बहुजन समाज के युवाओं को अपनी ओर खींचने का प्रयास कर रही है.
पीडीए फॉर्मूले को और मजबूती देने का प्रयास
समाजवादी पार्टी बीते कुछ समय से पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी 'पीडीए' के नारे पर जोर दे रही है. छात्र संगठन के ड्रेस कोड में यह बदलाव इसी रणनीति का अगला चरण दिखाई देता है. पार्टी की मंशा है कि वह लोहिया के समाजवाद और बाबा साहब के अंबेडकरवाद को एक साथ लाकर एक नया राजनीतिक समीकरण बनाए. इस नए बदलाव के माध्यम से सपा यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि वह केवल एक वर्ग की नहीं, बल्कि समाज के सभी शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है.