SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बच्चों ने छोड़ा साथ, तो पूर्व सहकर्मी बनी मसीहा: 14 साल से कैंसर पीड़ित की सेवा कर रही 76 साल की महिला; भावुक कर देगी कहानी

चीन में रहने वाली 76 साल की एक रिटायर्ड महिला पिछले 14 साल से अपने पूर्व सहकर्मी की देखभाल कर रही हैं. वह शख्स कैंसर से जूझ रहा था और बीमारी के दिनों में अकेले बेहद खराब हालत में रह रहा था. महिला उसे अपने घर ले आईं और तब से उसके इलाज से लेकर खाने-पीने तक का ध्यान रख रही हैं. इस दौरान उन्हें लोगों की बातें भी सुननी पड़ीं, लेकिन उन्होंने अपना फैसला नहीं बदला.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 15, 2026, 13:01 IST | Updated: Nov 15, 2026, 13:11 IST
Image Credit: प्रतिकात्मक AI इमेज | 14 साल तक बुजुर्ग सहकर्मी को मौत के मुंह से खींच लाई चीनी महिला!
Join

किसी की मदद करना आसान हो सकता है, लेकिन उस जिम्मेदारी को सालों तक निभाना हर किसी के बस की बात नहीं होती. चीन के शानदोंग प्रांत के जिनान शहर में रहने वाली झांग जी ने कुछ ऐसा ही किया है. वह अपने एक पुराने सहकर्मी की देखभाल करते हुए पिछले 14 साल से उसकी जिंदगी का सहारा बनी हुई हैं.

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, झांग जी साल 2012 में अपने पुराने सहकर्मी और पूर्व सुपरवाइजर झांग होंगक्वान से दोबारा मिली थीं. दोनों के बीच कई साल से कोई संपर्क नहीं था. जब उनकी मुलाकात हुई तो होंगक्वान की हालत देखकर झांग जी परेशान हो गईं. उस समय होंगक्वान 82 साल के थे. उनकी पत्नी का निधन हो चुका था और बच्चों से भी उनका अलगाव हो गया था. वह रेक्टल कैंसर से जूझ रहे थे. बीमारी की वजह से उनका बायां पैर काला पड़कर सूज गया था. घर की हालत भी ठीक नहीं थी और सर्दियों में गर्मी के लिए उन्हें कोयले की छोटी अंगीठी का सहारा लेना पड़ता था.

अपने घर ले जाने का किया फैसला

होंगक्वान की हालत देखकर झांग जी से रहा नहीं गया. उन्होंने उनसे अपने घर चलने और साथ रहने की बात कही. झांग जी ने भरोसा दिलाया कि वह उनकी देखभाल करेंगी और इलाज में भी मदद करेंगी. हालांकि, होंगक्वान शुरुआत में इसके लिए तैयार नहीं थे. उन्हें डर था कि लोग इस रिश्ते को लेकर तरह-तरह की बातें बनाएंगे. दूसरी तरफ झांग जी के आसपास के लोग भी उन्हें ऐसा कदम उठाने से रोक रहे थे. लेकिन उन्हें लग रहा था कि अगर होंगक्वान को इसी हालत में अकेला छोड़ दिया गया तो उनकी जान को खतरा हो सकता है. झांग जी ने हार नहीं मानी. वह लगातार उनसे मिलने जाती रहीं और आखिरकार 2012 की गर्मियों में होंगक्वान उनके घर आने के लिए तैयार हो गए.

घर में अलग कमरा बनाया, इलाज का रखा ध्यान

होंगक्वान के आने के बाद झांग जी ने उनके लिए घर में अलग कमरा तैयार किया. उन्होंने उनकी जरूरतों के हिसाब से रहने का इंतजाम किया और इलाज में भी पूरा साथ दिया. वह उन्हें एक्यूपंक्चर सेशन के लिए ले जाती थीं. इसके अलावा उन्हें हल्की एक्सरसाइज करने के लिए प्रेरित करतीं और बीमारी के बीच हिम्मत बनाए रखने को कहती थीं. झांग जी की कोशिश थी कि होंगक्वान खुद को अकेला न समझें और रोजमर्रा की जिंदगी से उनका जुड़ाव बना रहे. लेकिन समय के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी और बढ़ती चली गई.

घाव साफ करने के लिए अपनाया अनोखा तरीका

साल 2017 में होंगक्वान की तबीयत फिर बिगड़ने लगी. उनके टखनों के आसपास की त्वचा छिलने लगी और वहां खुले घाव बन गए. इन घावों को रोज साफ करना जरूरी था, जिससे इंफेक्शन का खतरा न बढ़े. ऐसे में झांग जी ने घर में ही एक अनोखा इंतजाम किया. उन्होंने एक गमले की मदद से पानी निकालने के लिए बेसिन जैसा सिस्टम तैयार किया. इससे वह होंगक्वान के पैरों को आसानी से साफ कर पाती थीं और गंदा पानी घावों के आसपास जमा नहीं होता था. यह काम आसान नहीं था, लेकिन झांग जी ने इसे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बना लिया. लगातार देखभाल और इलाज के बाद होंगक्वान की हालत धीरे-धीरे संभलने लगी.

पेंशन का हिसाब भी खुद रखती हैं

झांग जी ने सिर्फ होंगक्वान की सेहत का ही ध्यान नहीं रखा, बल्कि उनके पैसों की जिम्मेदारी भी संभाली. वह उनकी पेंशन का हिसाब रखती हैं और रकम को अलग-अलग फिक्स्ड डिपॉजिट खातों में जमा करती हैं, जिससे पैसों का सही इस्तेमाल हो सके. रिपोर्ट के मुताबिक, अब होंगक्वान की हालत पहले से बेहतर है. वह खुद खाना बनाने पर जोर देते हैं और हर सुबह मुस्कुराकर दिन की शुरुआत करते हैं. झांग जी के लिए यह बदलाव किसी बड़ी खुशी से कम नहीं है.

लोगों ने उठाए सवाल, लेकिन नहीं बदला फैसला

इस पूरे सफर में झांग जी को सिर्फ बीमारी और देखभाल की मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ा. उन्हें अपने आसपास के लोगों की बातें भी सुननी पड़ीं. एक रिश्तेदार ने उन्हें सलाह दी कि होंगक्वान से घर में रहने के बदले किराया लेना चाहिए. वहीं, एक दोस्त ने सवाल उठाया कि वह होंगक्वान के पैसों का इस्तेमाल क्यों नहीं कर रही हैं. एक पड़ोसी ने तो उनके पति की मौत के कुछ समय बाद ही एक बीमार पुरुष को घर लाने के फैसले पर भी आपत्ति जताई. लेकिन झांग जी ने इन बातों को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया. उनका मानना था कि अगर इंसान की नीयत साफ है तो उसे गलत आरोपों से डरने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि होंगक्वान का हर एक दिन उनके लिए संतोष और खुशी लेकर आता है.

परिवार ने भी माना झांग जी का एहसान

धीरे-धीरे होंगक्वान के परिवार के लोगों को भी झांग जी की ईमानदारी और देखभाल का एहसास हुआ. जब उनकी भाभी ने उन्हें वापस घर ले जाने की बात कही तो झांग जी ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया. उन्हें लगा कि होंगक्वान उनके घर में ठीक हैं और उन्हें यहां जरूरी देखभाल मिल रही है. होंगक्वान की बेटी ने भी झांग जी की तारीफ करते हुए कहा कि वह उनकी मां से भी बेहतर हैं. वहीं, उनकी बड़ी बहन ने झांग जी के स्वभाव और ईमानदारी की सराहना की.

बोले- उनका एहसान कभी नहीं भूलूंगा

होंगक्वान भी झांग जी के इस साथ को लेकर भावुक हैं. उन्होंने कहा कि झांग जी ने उनके लिए जो कुछ किया है, उसे वह कभी नहीं भूल सकते. उन्होंने उनके दिल को साफ और स्वभाव को उदार बताया. आज 14 साल बाद भी झांग जी उसी तरह उनकी देखभाल कर रही हैं. उनकी कहानी इसलिए खास नहीं है कि उन्होंने किसी की एक बार मदद की, बल्कि इसलिए है कि उन्होंने सालों तक उस जिम्मेदारी को निभाया, जबकि उन्हें रोकने और सवाल उठाने वाले भी कम नहीं थे. कभी-कभी किसी की जिंदगी बदलने के लिए बड़े वादों की जरूरत नहीं होती. बस मुश्किल वक्त में उसका हाथ थामकर साथ चलते रहने की जरूरत होती है. झांग जी ने अपने काम से यही बात साबित की है.

यह भी पढ़ें:- 'आपका बैंक अकाउंट मनी लॉन्ड्रिंग में फंसा है...' एक फोन कॉल और महिला के खाते से निकल गए 3 करोड़ रुपये, रोते हुए पहुंची थाने

यह भी पढ़ें:- ना मां-बाप, न कोई रिश्तेदार: अनाथ दूल्हे ने सोशल मीडिया पर अजनबियों को दिया शादी का न्योता; लोगों ने लगा दी गिफ्ट्स की झड़ी

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES