SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सोना-चांदी नहीं, चेहरे की हड्डियों के ईयररिंग्स पहन रही महिला: सर्जरी के बाद डॉक्टरों से मांगे थे बोन फ्रैगमेंट्स; आइडिया देख हैरान लोग

आमतौर पर सर्जरी के बाद शरीर से निकले छोटे-छोटे हिस्सों का कोई इस्तेमाल नहीं होता, लेकिन एक महिला ने इन्हें अपनी जिंदगी की खास याद बना लिया. चेहरे की सर्जरी के दौरान निकले हड्डियों के टुकड़ों को उन्होंने संभालकर रखा और बाद में उनसे खास तरह के ईयररिंग्स बनवा लिए. सफेद सोने, जिरकोनिया और अपनी ही हड्डियों से बने इन झुमकों की तस्वीरें सामने आईं तो लोग हैरान रह गए.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 24, 2026, 07:45 IST | Updated: Nov 24, 2026, 07:56 IST
Image Credit: Reddit/@r/jewelry | महिला ने चेहरे की सर्जरी से निकली हड्डियों से बनवाए ईयररिंग्स!
Join

किसी के लिए सर्जरी से निकले हड्डियों के छोटे टुकड़े शायद बेकार चीज हों, लेकिन ऑब्रे के लिए उनकी अहमियत कुछ अलग थी. 40 साल से ज्यादा उम्र की ऑब्रे एक ट्रांसजेंडर महिला हैं. उन्होंने चेहरे की सर्जरी के दौरान निकले हड्डियों के कुछ हिस्सों को अपने पास रखने का फैसला किया था.

उनकी इस छोटी सी इच्छा को मेडिकल टीम ने भी मान लिया. ऑब्रे ने उन टुकड़ों को संभालकर रखा और कुछ समय बाद उनके मन में एक अनोखा आइडिया आया. उन्होंने सोचा कि क्यों न इन हिस्सों को ऐसी चीज में बदला जाए, जिसे वह अपने साथ रख सकें. इसके बाद उन्होंने एक जूलरी डिजाइनर से संपर्क किया और अपनी हड्डियों के टुकड़ों से ईयररिंग्स तैयार करवाए. अब इन झुमकों की तस्वीरें इंटरनेट पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं.

जिंदगी भर अपनी पहचान को लेकर रही उलझन

ऑब्रे ने न्यूजवीक से बातचीत में बताया कि उन्हें बचपन से ही महसूस होता था कि वह दूसरों से अलग हैं. हालांकि, लंबे समय तक वह खुद अपनी पहचान को स्वीकार नहीं कर पाईं. उन्होंने बताया कि जिंदगी के एक मोड़ पर उन्हें लगा कि अब खुद से सच्चाई छिपाना संभव नहीं है. उन्हें अपनी पहचान को स्वीकार करना था और अपने करीबियों के सामने भी खुलकर अपनी बात रखनी थी. ऑब्रे के अनुसार, यह फैसला अचानक नहीं आया. इसके पीछे कई सालों का अनुभव और खुद को समझने की कोशिश शामिल थी. आखिरकार उन्होंने अपनी जिंदगी को अपनी असली पहचान के मुताबिक आगे बढ़ाने का फैसला किया.

चेहरे की सर्जरी से बदली अपनी जिंदगी

न्यूजवीक की रिपोर्ट के अनुसार, अपनी ट्रांजिशन जर्नी के दौरान ऑब्रे ने फेशियल फेमिनाइजेशन सर्जरी (FFS) कराई. इस सर्जरी में चेहरे की बनावट को ज्यादा फेमिनिन यानी महिलाओं जैसी दिखने वाली बनाने के लिए कुछ बदलाव किए जाते हैं. इसमें चेहरे की हड्डियों और सॉफ्ट टिश्यू पर काम किया जा सकता है. किस व्यक्ति को किस तरह की सर्जरी की जरूरत होगी, यह उसकी जरूरत और मेडिकल टीम की सलाह पर निर्भर करता है. ऑब्रे के मामले में भी सर्जरी के दौरान चेहरे के कुछ हिस्सों से हड्डियों के छोटे टुकड़े निकाले गए. उन्होंने पहले ही डॉक्टरों से पूछ लिया था कि क्या वह इन टुकड़ों को अपने पास रख सकती हैं. अनुमति मिलने के बाद उन्होंने उन्हें संभाल लिया.

अपनी हड्डियों से बनवाए खास ईयररिंग्स

हड्डियों के टुकड़े तो ऑब्रे के पास थे, लेकिन उन्हें पहनने लायक जूलरी में बदलना आसान नहीं था. इसके लिए उन्हें ऐसे आर्टिस्ट की तलाश थी, जो इस आइडिया को समझ सके और उनकी सोच के मुताबिक डिजाइन तैयार कर सके. आखिरकार उन्हें रेडिट के जरिए एक कस्टम जूलरी डिजाइनर मिलीं. दोनों ने मिलकर इस अनोखे प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया. इसके बाद हड्डियों के छोटे टुकड़ों को ईयररिंग्स का हिस्सा बनाया गया. तैयार झुमकों में व्हाइट गोल्ड की सेटिंग और छोटे जिरकोनिया स्टोन लगाए गए हैं. इनके साथ ऑब्रे की सर्जरी के दौरान निकले हड्डियों के टुकड़े भी जोड़े गए हैं. देखने में ये एक अलग तरह की जूलरी लगती है, लेकिन इनके पीछे जुड़ी कहानी इन्हें और खास बना देती है. ऑब्रे ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनके पास अभी कुछ और हड्डियों के टुकड़े बचे हुए हैं. वह आगे चलकर उनसे एक नेकलेस भी बनवाने के बारे में सोच रही हैं.

'निकाले गए हिस्सों में भी खूबसूरती देखी'

ऑब्रे के लिए इन ईयररिंग्स का मतलब सिर्फ फैशन या किसी अनोखी चीज को पहनना नहीं है. उनके अनुसार, चेहरे के जिन हिस्सों की वजह से उन्हें अपने लुक को लेकर परेशानी महसूस होती थी, उनमें बदलाव के बाद उन्होंने खुद को नए तरीके से स्वीकार करना सीखा. उन्होंने कहा कि खुद में बदलाव करके उन्होंने अपने अंदर खूबसूरती खोजी है. अब सर्जरी के दौरान निकाले गए हिस्सों को भी एक नए रूप में इस्तेमाल करके उन्हें खुशी मिल रही है. मतलब जिस चीज को आमतौर पर मेडिकल वेस्ट समझकर अलग कर दिया जाता, ऑब्रे ने उसे अपनी जिंदगी के एक खास अनुभव से जोड़ दिया. उनके लिए ये झुमके उस सफर की याद हैं, जिसमें उन्होंने अपनी पहचान को समझा और उसे अपनाने की हिम्मत दिखाई.

सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?

ऑब्रे की कहानी सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. कई लोग उनके आइडिया को अनोखा बता रहे हैं, तो कुछ ने इसे उनकी पर्सनल जर्नी से जुड़ी खूबसूरत याद बताया. एक यूजर ने लिखा कि यह आइडिया अपने आप में बेहद अलग है और सर्जरी के बाद मिले इस खास तोहफे के लिए ऑब्रे को बधाई. एक अन्य यूजर ने कहा कि सीखने और खुद को अपनाने की कोई उम्र नहीं होती. कुछ लोगों ने जूलरी डिजाइनर की भी तारीफ की. डिजाइनर ने खुद लिखा कि ऑब्रे की कहानी सुनकर उनकी आंखों में आंसू आ गए. उन्होंने इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने को अपने लिए सम्मान की बात बताया और कहा कि वह आगे भी इस तरह की जूलरी बनाने का इंतजार करेंगी. एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि अब शरीर से निकली हड्डियां भी अपने पुराने साथियों से दूर नहीं रहेंगी. वहीं, कुछ लोगों ने ऑब्रे के इस फैसले को अपने शरीर और पहचान से जुड़ी यादों को संजोने का एक अलग तरीका बताया.

सिर्फ गहना नहीं, खुद को अपनाने की कहानी

ऑब्रे के बनाए ये ईयररिंग्स हर किसी की पसंद के हों, यह जरूरी नहीं. कुछ लोगों को यह आइडिया अजीब लग सकता है, लेकिन उनके लिए इसका भावनात्मक महत्व कहीं ज्यादा है. कई बार जिंदगी के मुश्किल अनुभव ऐसी यादें छोड़ जाते हैं, जिन्हें लोग अपने तरीके से संभालकर रखना चाहते हैं. ऑब्रे ने भी अपनी सर्जरी से जुड़े एक हिस्से को इसी तरह खास बना लिया. उनकी कहानी बताती है कि किसी इंसान के लिए खूबसूरती और आत्मविश्वास का मतलब क्या हो सकता है, यह फैसला वही कर सकता है. किसी के लिए ये सिर्फ हड्डियों से बने झुमके हैं, लेकिन ऑब्रे के लिए ये खुद को स्वीकार करने और अपनी पहचान के साथ आगे बढ़ने की कहानी हैं.

यह भी पढ़ें:- उम्र सिर्फ एक नंबर है: 91 साल में बनवाया पहला पासपोर्ट, 96 की उम्र तक नाप डाले दुनिया के सातों महाद्वीप; दादी-पोते की कहानी वायरल

यह भी पढ़ें:- 'यह कोई मजाक नहीं, अपराध है...' डोर किक चैलेंज पर पुलिस की सख्त वार्निंग; घरों के दरवाजों पर लात मारकर भाग रहे बच्चे

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES