App

एलियन है या कोई उड़ने वाली मशीन? अलास्का के आसमान में उड़ता हुआ मिला जेलीफिश जैसा रहस्यमयी UFO, वीडियो ने हिला डाला

अलास्का के एंकोरेज में आसमान में उड़ते हुए एक जेलीफिश जैसे रहस्यमयी ऑब्जेक्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कोई इसे एलियन बता रहा है तो कोई पतंग, जानिए क्या है इस वायरल वीडियो का पूरा सच.

एलियन है या कोई उड़ने वाली मशीन? अलास्का के आसमान में उड़ता हुआ मिला जेलीफिश जैसा रहस्यमयी UFO, वीडियो ने हिला डाला
Image Credit: इंद्रधनुष की तस्वीर ले रही महिला के कैमरे में कैद हुआ अजीब जीव (x/@digijordan)

एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसे देखकर अच्छे-अच्छे टेक और साइंस एक्सपर्ट्स का दिमाग भी चकरा गया है. अमेरिका के अलास्का से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें आसमान में एक जेलीफिश की तरह दिखने वाली अजीबोगरीब चीज हवा में तैरती नजर आ रही है. इस वीडियो के सामने आने के बाद से इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है कि आखिर यह आसमान में उड़ने वाली चीज कोई एलियन का जहाज है, कोई एडवांस ड्रोन है या फिर बच्चों वाली कोई पतंग.

यह पूरा मामला अमेरिका के अलास्का के एंकोरेज शहर का है. यहां रहने वाली सारा जेन ओसबर्न अपने पति के साथ कार से कहीं जा रही थीं. रास्ते में उन्हें आसमान में एक बहुत खूबसूरत इंद्रधनुष यानी रेनबो दिखाई दिया. सारा को तस्वीरें खींचने का बहुत शौक है, इसलिए उन्होंने अपने पति से गाड़ी रोकने के लिए कहा. जब वो उस रेनबो की फोटो क्लिक कर रही थीं, तभी उनकी नजर आसमान में एक बहुत ही अजीब चीज पर पड़ी. शुरुआत में सारा को लगा कि शायद यह कोई बड़ा सा मच्छर है जो कैमरे के लेंस के पास आ गया है. लेकिन जब उन्होंने ध्यान से देखा तो पता चला कि वह ऑब्जेक्ट बहुत दूर आसमान में है और उसका रंग काला और चांदी जैसा है.

टेंटाकल और मिलिट्री बेस का कनेक्शन

इस वायरल वीडियो में सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि उस जेलीफिश जैसे दिखने वाले ऑब्जेक्ट के टेंटाकल यानी सूंड जैसी चीजें अपने आप हिल रही थीं. इंटरनेशनल बिजनेस टाइम्स की खबर के मुताबिक, सारा का दावा है कि वह कोई आम चीज नहीं थी क्योंकि वह धीरे-धीरे यूएस मिलिट्री बेस यानी जॉइंट बेस एल्मेंडोर्फ-रिचर्डसन की तरफ बढ़ रही थी. इस मिलिट्री बेस के पास इस तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखने की वजह से इंटरनेट पर लोगों का डर और उत्साह दोनों बढ़ गया है. हालांकि, जी न्यूज इस बात की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है कि वीडियो में किए गए दावे कितने सच हैं और इसका मिलिट्री से कोई सीधा लेना-देना है या नहीं.

 

 

पतंग है या एलियन?

जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया गया, वैसे ही इस पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई. लोग अलग-अलग तरह के कयास लगाने लगे. कुछ यूजर्स ने साफ कह दिया कि यह कोई एलियन या जिंदा जीव नहीं है बल्कि एक खास तरह की पतंग है जो उस इलाके में अक्सर उड़ाई जाती है. एक यूजर ने कमेंट किया कि उसने बिल्कुल ऐसी ही पतंग पहले भी देखी है और पास जाने पर पता चला कि कोई शख्स उसकी डोरी पकड़े हुए था. वहीं कुछ लोगों का यह भी कहना था कि यह किसी दूसरे डायमेंशन से आया हुआ कोई एलियन हो सकता है. कुछ ने इसे एआई (AI) जेनरेटेड वीडियो भी कहा, जिसे सारा ने तुरंत खारिज कर दिया.

क्या यह कोई नया ड्रोन है?

लोगों के बीच इस बात को लेकर भी चर्चा है कि यह कोई नया सीक्रेट ड्रोन हो सकता है जिसे मिलिट्री टेस्टिंग के लिए उड़ाया गया हो. हालांकि, अभी तक इस बात का कोई पक्का सबूत नहीं मिल पाया है कि यह ड्रोन है या पतंग. वीडियो बनाने वाली महिला ने साफ कहा कि उसने अपनी आंखों से जो देखा वह वाकई में बहुत डरावना और चौंकाने वाला था. फिलहाल यह रहस्य बना हुआ है कि एंकोरेज के आसमान में दिखने वाला यह जेलीफिश जैसी आकृति वाला यूएफओ असल में क्या था. इंटरनेट पर लोग इस वीडियो को लगातार शेयर कर रहे हैं और अपनी-अपनी थ्योरी दे रहे हैं.

Disclaimer: प्रिय पाठक, हमारी यह खबर पढ़ने के लिए शुक्रिया. यह खबर इंटरनेट पर मौजूद डिटेल्स को एकत्रित करके बनाई गई है. Zee News इसके प्रमाणिकता, दावों और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी फैसले से पहले संबंधित आधिकारिक विभाग से संपर्क जरूर करें.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More