WATCH: 'बिट्टू तबाही' की 8 महीने की मेहनत पानी में! अजनार नदी का बुरा हाल देख छलका दर्द, फिर से शुरू की सफाई
8 महीने की दिन-रात की मेहनत और टनों कचरा बाहर निकालने के बाद मध्य प्रदेश की अजनार नदी फिर से प्लास्टिक और गंदगी से भर गई है. जाने-माने रिवर क्लिनर बिट्टू तबाही ने इसका इमोशनल वीडियो शेयर किया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है.
जब कोई इंसान बिना किसी सरकारी मदद और बिना किसी फैंसी मशीन के लगातार 8 महीने तक एक गंदी नदी को साफ करने में लगा रहे और फिर अचानक वही नदी दोबारा कचरे का ढेर बन जाए, फिर सोचिए उस पर क्या बीतेगी. कुछ ऐसा ही हुआ है बिट्टू तबाही के नाम से मिली पहचान वाले सोशल वर्कर सुरेन्द्र सिंह चौधरी के साथ. मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बहने वाली अजनार नदी को साफ करने में उन्होंने अपनी दिन-रात एक कर दी थी. लेकिन उन्होंने एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसे देखकर किसी का भी दिल टूट जाएगा. नदी का बुरा हाल देखकर लोग अब जनता के सिविक सेंस और जिम्मेदारी पर सवाल उठा रहे हैं.
सोशल मीडिया पर 'बिट्टू तबाही' के नाम से मशहूर सुरेन्द्र सिंह चौधरी ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया है. इस वीडियो में उन्होंने दिखाया कि मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की अजनार नदी फिर से प्लास्टिक की थैलियों और कचरे से पट चुकी है. कुछ ही हफ्ते पहले बिट्टू ने इस नदी के किनारों को पूरी तरह चमका दिया था. लेकिन लोगों की लापरवाही की वजह से नदी की हालत फिर से बदतर हो गई है. वीडियो के कैप्शन में बिट्टू ने लिखा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनकी 8 महीने की इतनी कठोर मेहनत इस तरह पानी में बह जाएगी.
अकेले दम पर 8 महीने तक निकाला था टनों कचरा
आपको बता दें कि अजनार नदी को साफ करने के लिए बिट्टू तबाही ने किसी बड़ी मशीन या टीम का सहारा नहीं लिया था. उन्होंने पूरी तरह अकेले ही 8 महीने तक पानी के अंदर उतरकर टनों कचरा और प्लास्टिक बाहर निकाला था. उनकी इस निस्वार्थ मेहनत की तारीफ देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी हुई थी. लेकिन जब लोग अपनी आदतें नहीं बदलते, तो ऐसी मेहनत पर पानी फिरने में कुछ ही दिन लगते हैं.
तैरना नहीं आता, फिर भी नदी में छलांग लगाई
अजनार नदी की ऐसी हालत देखकर कोई भी इंसान निराश होकर पीछे हट जाता. लेकिन बिट्टू तबाही का जज्बा कुछ अलग ही है. वे भले ही एक बेहतरीन तैराक नहीं हैं, फिर भी नदी को दोबारा साफ करने के लिए वे पानी में कूद पड़े. वे एक-एक करके कचरे की बोरियां बाहर निकाल रहे हैं. बिट्टू ने अपने फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स से यह सुझाव भी मांगा है कि वे किस तरह और बेहतर तरीके से इस नदी को पूरी तरह कचरा मुक्त बना सकते हैं.
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
बिट्टू तबाही का यह वीडियो जैसे ही इंटरनेट पर वायरल हुआ, लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. ज्यादातर लोग इस बात से दुखी हैं कि लोग अपनी नदियों की कद्र नहीं करते. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि पुल के नीचे इतना कचरा देखकर बहुत दुख होता है, आप हिम्मत मत हारिए, आपकी मेहनत का हम दिल से सम्मान करते हैं. इस वीडियो पर देश-विदेश से लोग कमेंट कर रहे हैं.
अमेजन ब्राजील से एक यूजर ने बिट्टू को सलाह दी कि वे पानी में उतरने के लिए खास वॉटरप्रूफ बूट्स और कपड़े पहनें ताकि उनकी सेहत को कोई नुकसान न पहुंचे. वहीं एक अन्य भारतीय यूजर ने कहा कि बिट्टू को अब स्थानीय नगर निगम से बात करनी चाहिए. जो लोग भी नदी में कचरा फेंकते हैं, उन पर भारी जुर्माना लगाया जाना चाहिए. जब तक लोग फाइन नहीं भरेंगे, तब तक यह गंदगी ऐसे ही फैलती रहेगी.