App

होटल में रात बिताना पड़ा भारी: बिस्तर पर मिले 40 मरे हुए खटमल, महिला को 100 से ज्यादा जगह काटा; बिगड़ी हालत

किसी भी होटल में रुकने के दौरान साफ कमरे और आरामदायक बिस्तर की उम्मीद हर किसी को होती है, लेकिन ब्रिटेन की एक महिला के लिए यह अनुभव किसी बुरे सपने जैसा बन गया. रातभर सोने के बाद जब वह उठी तो शरीर पर जगह-जगह लाल निशान थे. बिस्तर की चादर हटाई तो करीब 40 मरे हुए खटमल मिले. महिला का दावा है कि उसे 100 से ज्यादा जगहों पर काटा गया. खुजली और सूजन बढ़ने पर उसे अस्पताल तक जाना पड़ा.

होटल में रात बिताना पड़ा भारी: बिस्तर पर मिले 40 मरे हुए खटमल, महिला को 100 से ज्यादा जगह काटा; बिगड़ी हालत
Image Credit: प्रतीकात्मक AI इमेज | होटल में खटमल के काटने से महिला अस्पताल पहुंची!

होटल के कमरे में पहुंचते ही आमतौर पर लोग सबसे पहले बिस्तर देखते हैं. चादर साफ है या नहीं, तकिया ठीक है या नहीं और कमरा कितना आरामदायक है. लेकिन ब्रिटेन की निकोला जेनकिंस को शायद अंदाजा भी नहीं था कि जिस बिस्तर पर वह रात गुजारने जा रही हैं, वही उनकी परेशानी की वजह बन जाएगा.

डेली मेल की एक रिपोर्ट के अनुसार, 46 साल की निकोला काम के सिलसिले में एक्सेटर शहर के हॉलिडे इन एक्सप्रेस एक्सेटर ईस्ट होटल में ठहरी थीं. उन्होंने वहां चार रात रुकने की बुकिंग कराई थी. वह 12 अक्टूबर को होटल पहुंची थीं. पहली रात सब सामान्य रहा, लेकिन अगली सुबह उनकी परेशानी शुरू हो गई. निकोला के अनुसार, सोकर उठने के बाद उन्हें शरीर में खुजली महसूस हुई. जब वह नहाने गईं तो चेहरे, गर्दन, हाथ, पीठ और पेट पर लाल निशान दिखाई दिए. पहले उन्हें लगा कि शायद किसी कीड़े ने काट लिया है, लेकिन निशान देखकर उनका शक बढ़ने लगा.

चादर हटाई तो सामने आया खौफनाक नजारा

निकोला को पहले भी खटमलों के काटने का अनुभव हो चुका था. इसलिए उन्होंने बिस्तर की अच्छी तरह जांच करने का फैसला किया. जैसे ही उन्होंने रजाई हटाई, उन्हें एक खटमल रेंगता हुआ दिखाई दिया. उन्होंने उसका वीडियो भी बना लिया. इसके बाद जब उन्होंने चादर और बिस्तर को ध्यान से देखा तो वहां करीब 40 मरे हुए खटमल मिले. यह देखकर वह घबरा गईं. निकोला का कहना है कि खटमलों ने उनके शरीर पर 100 से ज्यादा जगहों पर काटा था. उनके माथे, गाल, गर्दन, कमर और हाथों पर लाल निशान पड़ गए थे. एक रात पहले तक सब सामान्य था, लेकिन सुबह का यह नजारा उनके लिए काफी परेशान करने वाला था.

शिकायत के बाद बदला गया कमरा

घटना के बाद निकोला होटल के रिसेप्शन पर पहुंचीं और अपनी परेशानी बताई. शिकायत मिलने पर होटल की तरफ से उन्हें दूसरा कमरा दे दिया गया. हालांकि, इससे उनकी नाराजगी कम नहीं हुई. निकोला के अनुसार, उन्हें बताया गया कि होटल का पेमेंट उनके ऑफिस की तरफ से किया गया है, इसलिए उन्हें सीधे रिफंड नहीं दिया जा सकता. इस दौरान उन्हें मुफ्त कॉफी देने की पेशकश भी की गई. लेकिन निकोला अब वहां रुकना नहीं चाहती थीं. उन्होंने होटल छोड़कर किसी दूसरी जगह ठहरने का फैसला किया. हालांकि, कमरे से निकल आने के बाद भी खटमलों के काटने से हुई परेशानी उनका पीछा नहीं छोड़ रही थी.

 

 

खुजली और सूजन बढ़ी तो अस्पताल पहुंचीं

निकोला ने बताया कि उनकी त्वचा पर खुजली और जलन लगातार बढ़ रही थी. उन्हें ऐसा महसूस हो रहा था, जैसे त्वचा जल रही हो. राहत पाने के लिए वह पहले एक फार्मासिस्ट के पास गईं. वहां उन्हें एंटीहिस्टामिन दवाएं दी गईं, जिनका इस्तेमाल एलर्जी और खुजली से राहत के लिए किया जाता है. इसके बावजूद उनकी हालत में खास सुधार नहीं हुआ. 19 अक्टूबर को उनके बाएं हाथ में काफी सूजन आ गई और वह पूरी तरह लाल हो गया. परेशानी बढ़ने पर उन्हें अस्पताल के इमरजेंसी विभाग यानी ए एंड ई में जाना पड़ा. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें स्टेरॉयड दवाओं का कोर्स दिया. इलाज के बाद धीरे-धीरे उनकी हालत में सुधार हुआ. निकोला के अनुसार, इस घटना ने उनकी रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित की. वह वीकेंड पर होने वाले एक बेबी शावर कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं और उन्हें घर पर ही रहना पड़ा.

होटल ने दिया मुफ्त ठहरने का ऑफर

मामले की जानकारी मिलने के बाद निकोला के ऑफिस ने भी होटल से शिकायत की. इसके बाद होटल की तरफ से उनके ऑफिस से संपर्क किया गया. बताया गया कि होटल में खटमलों से जुड़ी समस्या सामने आई थी. होटल ने निकोला को किसी दूसरे होटल में मुफ्त वीकेंड बिताने का ऑफर भी दिया. हालांकि, उन्होंने होटल के इस ऑफर को स्वीकार नहीं किया. उनका कहना था कि इस अनुभव के बाद वह दोबारा इस होटल चेन में रुकना नहीं चाहेंगी. वहीं, हॉलिडे इन एक्सप्रेस एक्सेटर ईस्ट के प्रवक्ता ने कहा कि होटल अपने मेहमानों की साफ-सफाई और सुरक्षा को गंभीरता से लेता है. इस मामले में शिकायत मिली है और इसकी जांच की जा रही है. होटल ने यह भी बताया कि वह निकोला के सीधे संपर्क में है.

होटल में रुकने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

इस घटना के बाद होटल के कमरों और खासकर बिस्तरों की साफ-सफाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं. खटमल छोटे कीड़े होते हैं, जो अक्सर गद्दे, चादर, बेड के किनारों और फर्नीचर की दरारों में छिपे रहते हैं. कई बार इनकी मौजूदगी का पता तब चलता है, जब शरीर पर काटने के निशान दिखाई देने लगते हैं. होटल में चेक-इन करने के बाद गद्दे के किनारों, चादर और तकिए के आसपास एक बार नजर डाल लेना बेहतर रहता है. अगर बिस्तर पर कीड़े, उनके निशान या कोई संदिग्ध चीज दिखाई दे तो तुरंत होटल स्टाफ को बताना चाहिए. परेशानी होने पर कमरे में रुकने के बजाय दूसरा कमरा मांगना भी जरूरी है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More