11 साल की मेहनत का फल: ₹1000 कैश, नए कपड़े और काजू कतली, दिवाली गिफ्ट देखकर खुशी से झूम उठा ट्रक ड्राइवर
11 साल से काम कर रहे ट्रक ड्राइवर सुरेश मौर्य को उनके मालिक ने दिवाली पर कपड़े, मिल्टन टिफिन, काजू कतली और कैश गिफ्ट दिया. ड्राइवर की खुशी का यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दिवाली के मौके पर जब कंपनियां अपने कर्मचारियों को बोनस और गिफ्ट देती हैं, तो अक्सर ड्राइवर या छोटे कर्मचारियों को नजरअंदाज कर दिया जाता है. लेकिन इस बार सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने हर किसी का दिल जीत लिया है. 11 साल से एक ही मालिक के पास काम कर रहे एक ट्रक ड्राइवर को जब दिवाली पर शानदार तोहफे मिले, तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. ड्राइवर का अपने गिफ्ट्स अनबॉक्स करते हुए बनाया गया वीडियो अब इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है.
इस वीडियो में दिख रहे ट्रक ड्राइवर का नाम सुरेश मौर्य है. सुरेश पिछले 11 सालों से अपने मालिक के साथ काम कर रहे हैं. उनकी सालों की ईमानदारी और मेहनत को देखते हुए उनके मालिक ने उन्हें एक खास दिवाली हैम्पर दिया. जब सुरेश ने इस हैम्पर को खोला, तो उसमें एक नई पैंट-शर्ट, मिल्टन का टिफिन बॉक्स सेट, एक मिल्टन थर्मस बोतल, 1 किलो काजू कतली का डिब्बा और ₹1000 कैश निकला.
'जिंदगी में पहली बार मिला ऐसा सम्मान'
इस पूरे वीडियो की सबसे खूबसूरत बात सुरेश का रिएक्शन था. वह बेहद सादगी और खुशी के साथ एक-एक करके अपने गिफ्ट्स कैमरे के सामने दिखा रहे थे. वीडियो में सुरेश ने इमोशनल होते हुए कहा कि अपनी पूरी जिंदगी में पहली बार उन्हें काम के बदले इतना बड़ा सम्मान और गिफ्ट मिला है. उनकी इस सादगी और सच्ची खुशी को देखकर लोग वीडियो को बार-बार देख रहे हैं.
सोशल मीडिया पर 24 लाख से ज्यादा व्यूज
सुरेश मौर्य का यह वीडियो अब तक 24 लाख से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है. लोग कमेंट सेक्शन में मालिक के इस कदम की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "मैं दुआ करता हूं कि यह टिफिन हमेशा खाने से भरा रहे." वहीं दूसरे यूजर ने मजाक में लिखा, "इसे तो कॉरपोरेट वाले मजदूरों से भी बढ़िया दिवाली गिफ्ट मिला है." एक अन्य यूजर ने लिखा कि हर किसी के पास बांटने के लिए दौलत नहीं होती, लेकिन कुछ लोगों के पास इतना बड़ा दिल होता है कि वे दूसरों की दिवाली रोशन कर देते हैं.