SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कॉन्सर्ट में सिंगर के साथ की बदसलूकी, फिर मांगने लगा माफी: थाई महिला ने सिखाया जिंदगी भर याद रखने वाला सबक; VIDEO वायरल

लाइव कॉन्सर्ट में गाना गा रही थाई सिंगर के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. आरोप है कि भीड़ में मौजूद एक शख्स ने पहले उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश की. इस हरकत से नाराज सिंगर ने सिक्योरिटी से उसे बाहर निकलवाया. इसके बाद जब वह शख्स गार्ड्स की पकड़ में था, तभी सिंगर उसके पास पहुंचीं और उसे लात मार दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 29, 2026, 07:13 IST | Updated: Nov 29, 2026, 07:32 IST
Image Credit: @kumarsubodh_ | लाइव कॉन्सर्ट में थाई महिला सिंगर के साथ बदतमीजी कर रहा था फैन!
Join

लाइव कॉन्सर्ट में कलाकारों के लिए फैंस का प्यार और उत्साह कोई नई बात नहीं है. लोग अपने पसंदीदा सिंगर को करीब से देखने और उनसे हाथ मिलाने का मौका देखते रहते हैं. लेकिन जब कोई इस उत्साह की आड़ में किसी की पर्सनल सीमा पार करने लगे, तो मामला गंभीर हो जाता है. थाईलैंड की सिंगर आइस के साथ लाइव शो के दौरान कुछ ऐसा ही हुआ.

रिपोर्ट के अनुसार, 27 साल की सिंगर नामखाएंग थिपमवान, जिन्हें स्टेज पर आइस के नाम से जाना जाता है, चोनबुरी में एक कॉन्सर्ट में परफॉर्म कर रही थीं. इसी दौरान दर्शकों के बीच मौजूद एक शख्स ने उनके साथ कथित तौर पर गलत हरकत की. घटना के बाद सिंगर की नाराजगी साफ दिखाई दी. इस पूरे मामले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

पहले हाथ पकड़ने की कोशिश, फिर की छेड़छाड़

वीडियो में बताया जा रहा है कि थाई महिला सिंगर आइस एक लाइव कॉन्सर्ट में परफॉर्म कर रही थीं. इसी दौरान वह स्टेज के पास मौजूद दर्शकों के बीच पहुंच गईं. उस भीड़ में कई लोग उनसे हाथ मिलाने लगे. इसी दौरान एक दर्शक ने उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश की. आइस के मैनेजर वुथिचाई सोनवियांग की नजर इस हरकत पर पड़ गई. उन्होंने तुरंत सिक्योरिटी स्टाफ को इसकी जानकारी दी. इसके बाद गार्ड्स ने बिना देर किए उस शख्स को भीड़ से अलग कर लिया और स्टेज के पास से हटाने लगे. इस घटना से सिंगर काफी परेशान और गुस्से में थीं. हालांकि, उन्होंने अपना शो बीच में नहीं छोड़ा और शख्स को वहां से हटाए जाने के बाद परफॉर्मेंस जारी रखी.

 

 

गार्ड्स ने पकड़ा तो सामने पहुंचीं आइस

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि सिक्योरिटी गार्ड्स ने उस शख्स को पकड़ रखा है. वह जमीन पर घुटनों के बल बैठा दिखाई देता है और गार्ड्स उसके हाथ पकड़े हुए हैं. इसी दौरान आइस उसकी तरफ बढ़ती हैं. वह कुछ देर उसके सामने रुकती हैं. इस दौरान वह शख्स हाथ जोड़कर माफी मांगने लगता है. लेकिन सिंगर उसके चेहरे पर लात मारकर वहां से चली जाती हैं. वीडियो में शख्स का चेहरा ब्लर किया गया है. हालांकि, यह साफ नहीं हो पाया है कि इस घटना में उसे कोई चोट आई या नहीं. लोकल मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि आइस ने बाद में पुलिस के सामने भी अपना पक्ष रखा था.

माफी मांगने से खत्म नहीं होता उत्पीड़न

घटना के बाद आइस ने थाई सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि किसी कलाकार का स्टेज पर होना लोगों को उसके शरीर को छूने की इजाजत नहीं देता. कोई व्यक्ति सिंगर हो, एक्टर हो या फिर आम इंसान, उसकी मर्जी के बिना उसे छूना गलत है. सिंगर आइस के नाम से सोशल मीडिया पर सामने आए बयान में कहा गया कि किसी भी कलाकार को सिर्फ इसलिए यौन उत्पीड़न का सामना नहीं करना चाहिए, क्योंकि वह स्टेज पर है. पब्लिक फिगर होने का मतलब यह नहीं है कि किसी को भी उसके शरीर को छूने का अधिकार मिल जाता है. माफी मांगने से उत्पीड़न की घटना खत्म नहीं हो जाती. उनकी इस बात को सोशल मीडिया पर कई लोगों का समर्थन मिला. यूजर्स का कहना है कि किसी कलाकार के साथ इस तरह की हरकत को फैंस का प्यार या उत्साह बताकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

 

 

पुलिस में शिकायत को लेकर क्या है जानकारी?

लोकल रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस इस मामले में सिंगर से बात कर सकती है. हालांकि, अब तक किसी औपचारिक शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है. कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि आइस फिलहाल कानूनी कार्रवाई के बजाय मामले को आपसी स्तर पर खत्म करना चाहती हैं. इसलिए पुलिस की आगे की कार्रवाई और आरोपी के खिलाफ किसी केस की स्थिति को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.

लाइव शो में कलाकारों की सुरक्षा पर सवाल

इस घटना ने एक बार फिर लाइव कॉन्सर्ट में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्टेज पर मौजूद सिंगर और दूसरे कलाकार अक्सर दर्शकों के काफी करीब होते हैं. कई बार फैंस उनसे हाथ मिलाने या उनके साथ तस्वीर लेने की कोशिश करते हैं. लेकिन इस दौरान उनके पर्सनल स्पेस और सहमति का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है. आइस के साथ हुई घटना के बाद लोगों का कहना है कि कॉन्सर्ट में सिक्योरिटी की जिम्मेदारी सिर्फ भीड़ को संभालने तक सीमित नहीं होनी चाहिए. कलाकारों को किसी भी तरह की छेड़छाड़ से बचाने के लिए भी पुख्ता इंतजाम होने चाहिए.

सोशल मीडिया पर सिंगर के समर्थन में लोग

वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है. कई लोगों ने सिंगर के साथ हुई कथित छेड़छाड़ को गलत बताया और इसकी आलोचना की. उनका कहना है कि टिकट खरीदकर कॉन्सर्ट देखने का मतलब यह नहीं है कि कोई फैन कलाकार के साथ मनमानी कर सकता है. वहीं, कुछ यूजर्स ने यह भी सवाल उठाया कि गार्ड्स की मौजूदगी में सिंगर का शख्स को लात मारना कितना सही था. इस तरह घटना के दो पहलुओं पर चर्चा हो रही है. फिलहाल इस मामले में सबसे अहम बात यही है कि किसी भी कलाकार को स्टेज पर होने की वजह से अपनी सुरक्षा और सम्मान से समझौता नहीं करना चाहिए. फैंस का प्यार तभी तक अच्छा है, जब तक उसमें दूसरे व्यक्ति की मर्जी और पर्सनल स्पेस का सम्मान बना रहे.

यह भी पढ़ें:- न नौकरी की चिंता, न ऑफिस की टेंशन: 29 साल में सब छोड़ साइकिल से भारत घूमने निकला आयरलैंड का शख्स; 100 गांव घूमने का चैलेंज

यह भी पढ़ें:- साड़ी में साइकिल राइड, देखते रह गए लोग: दुबई की शेख जायेद रोड पर भारतीय महिला ने किया कमाल; VIDEO वायरल

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES