दो बार CA में फेल, फिर भी नहीं मानी हार: Zepto स्टोर में काम और 100 KM साइकिल से डिलीवरी; 6 महीने बाद उसी ऑफिस में मिली नौकरी, जिसे दूर से देखता था लड़का
कभी रात के 2 बजे तक किराने का सामान पैक करना, कभी बेंगलुरु की सड़कों पर साइकिल चलाकर ग्राहकों के घर डिलीवरी पहुंचाना और फिर इन्हीं कामों के बीच CA की पढ़ाई करना. तमिलनाडु के कांचीपुरम से आए पार्थिबन कृष्णमूर्ति ने मुश्किलों के आगे हार नहीं मानी. जिस BDO ऑफिस को वह कभी सड़क के दूसरी तरफ से देखकर वहां काम करने का सपना देखते थे, आज उसी ऑफिस में आर्टिकल असिस्टेंट बन चुके हैं.
किसी बड़े मुकाम तक पहुंचने का रास्ता हमेशा आसान नहीं होता. कई बार मेहनत के बावजूद नतीजे उम्मीद के अनुसार नहीं आते. ऐसे समय में कुछ लोग अपना रास्ता बदल लेते हैं, जबकि कुछ दोबारा कोशिश करने का फैसला करते हैं. तमिलनाडु के कांचीपुरम के रहने वाले पार्थिबन कृष्णमूर्ति की कहानी भी कुछ ऐसी ही है.
पार्थिबन के परिवार में उनसे पहले किसी ने ग्रेजुएशन नहीं किया था. वह अपने परिवार के पहले ग्रेजुएट बने. उनके माता-पिता चाहते थे कि बेटा पढ़-लिखकर किसी अच्छे प्रोफेशन में जाए. कोरोना के दौरान उन्होंने अलग-अलग करियर ऑप्शन के बारे में जानकारी जुटाई और चार्टर्ड अकाउंटेंसी यानी CA करने का फैसला किया. CA फाउंडेशन की परीक्षा उन्होंने पहली ही कोशिश में 400 में से 305 नंबर ला करके पास कर ली. लेकिन उनके लिए आगे का रास्ता इतना आसान नहीं रहा.
CA इंटरमीडिएट में लगातार दो बार हुए फेल
फाउंडेशन के बाद पार्थिबन को लगा था कि अब आगे की पढ़ाई भी संभल जाएगी. लेकिन CA इंटरमीडिएट ने उनकी उम्मीदों को झटका दिया. पहली बार परीक्षा दी तो सफलता नहीं मिली. उन्होंने खुद को संभाला और करीब तीन महीने बाद दोबारा कोशिश की, लेकिन इस बार भी नतीजा उनके पक्ष में नहीं आया. लगातार दो बार फेल होने से उनका आत्मविश्वास कमजोर पड़ने लगा. जिस परीक्षा को पास करने का सपना लेकर वह आगे बढ़ रहे थे, उसी में बार-बार नाकामी मिल रही थी. इसके बावजूद उन्होंने पढ़ाई छोड़ने का फैसला नहीं किया. 15 सितंबर 2025 को तीसरी बार परीक्षा देने के बाद अगले ही दिन वह बेंगलुरु पहुंच गए. इसके पीछे उनका मकसद साफ था, नौकरी करके अपना खर्च निकालना और साथ-साथ CA की तैयारी जारी रखना.
रात में Zepto के फ्रीजर वाले स्टोर पर करते थे काम
बेंगलुरु पहुंचने के बाद पार्थिबन ने डिलीवरी की नौकरी देखनी शुरू कर दी. लेकिन उन्हें इलेक्ट्रिक गाड़ी नहीं मिल पाई. इसके बाद कोरमंगला के Zepto के फ्रीजर वाले स्टोर में उन्हें ऑर्डर पिकर और पैकर का काम मिल गया. वह एक वेंडर के जरिए वहां जुड़े थे. उनकी शिफ्ट शाम 5 बजे से रात 2 बजे तक की थी. लेकिन काम का दबाव इतना रहता था कि कई बार सुबह 3 या 4 बजे तक रुकना पड़ता था. कुछ मौकों पर तो उनकी ड्यूटी सुबह 7 बजे तक चली जाती थी. स्टोर में उन्हें ग्राहकों के ऑर्डर के हिसाब से सामान चुनना और पैक करना होता था. कई बार आइसक्रीम या दूसरे सामान निकालने के लिए उन्हें रात में ही ठंडे स्टोरेज रूम में जाना पड़ता था. वहां का तापमान इतना कम रहता था कि काम करना आसान नहीं था.
सड़क पार दिखता था BDO ऑफिस
Zepto स्टोर में काम करते हुए पार्थिबन की नजर अक्सर सड़क के दूसरी तरफ मौजूद BDO ऑफिस पर पड़ती थी. चाय के ब्रेक के दौरान वह उस ऑफिस को देखते और मन ही मन सोचते कि क्या कभी उन्हें भी यहां काम करने का मौका मिलेगा. उस समय तक यह सिर्फ एक सपना था. दिन में पढ़ाई और रात में काम के बीच वह किसी तरह अपनी तैयारी जारी रख रहे थे. लेकिन जल्द ही उनकी जिंदगी में एक ऐसा मोड़ आया, जिसके बाद उन्हें नौकरी बदलनी पड़ी. पार्थिबन की एक करीबी दोस्त की मां का निधन हो गया था. वह दोस्त और उसके परिवार की मदद करना चाहते थे. लेकिन स्टोर की शिफ्ट और काम के नियमों के कारण छुट्टी लेना मुश्किल था. दिवाली के व्यस्त सीजन के बाद उन्होंने यह नौकरी छोड़ दी.
साइकिल से करते थे 100 KM तक डिलीवरी
इसके बाद पार्थिबन ने Blinkit के साथ साइकिल से सामान पहुंचाने का काम शुरू किया. उन्होंने हर महीने 600 रुपये किराये पर साइकिल ली. अब उन्हें बेंगलुरु की सड़कों पर घूमकर ग्राहकों के घर तक ऑर्डर पहुंचाने होते थे. वीकेंड पर इंसेंटिव ज्यादा मिलने के कारण वह कई बार पूरे दिन काम करते थे. कुछ दिनों में उनकी साइकिल से तय की गई दूरी 90 से 100 किलोमीटर तक पहुंच जाती थी. सुबह शुरू हुआ काम कई बार रात 11 बजे, आधी रात या फिर रात 1 बजे तक चलता था. इतनी थकान के बावजूद उन्होंने पढ़ाई का साथ नहीं छोड़ा. डिलीवरी के बीच जब 15-20 मिनट का समय मिलता, तो वह मोबाइल पर YouTube के जरिए CA के लेक्चर देखने लगते थे. एक तरफ ग्राहकों के ऑर्डर पूरे करने की जिम्मेदारी थी, तो दूसरी तरफ परीक्षा पास करने की चिंता.
एक डिलीवरी ने समझा दिया कि अब तरीका बदलना होगा
डिलीवरी के दौरान एक बार उन्हें ऐसा ऑर्डर मिला, जिसे पूरा करने के लिए करीब 5 किलोमीटर जाना था. उस समय वह कई घंटे साइकिल चलाने के बाद पहले से ही काफी थके हुए थे. उन्होंने कस्टमर सपोर्ट और स्टोर से ऑर्डर कैंसल करने या किसी दूसरे डिलीवरी पार्टनर को देने की बात कही. लेकिन उन्हें बताया गया कि ऑर्डर लेने से मना करने पर उनकी डिलीवरी आईडी ब्लॉक हो सकती है. इसके बाद उन्होंने ग्राहक को कई बार फोन करके अपनी परेशानी समझाई. आखिरकार ग्राहक ने खुद ऑर्डर कैंसल कर दिया. इस घटना के बाद पार्थिबन को एहसास हुआ कि परीक्षा नजदीक है और इसी तरह काम करते रहने से तैयारी करना मुश्किल होगा. उन्होंने घर लौटकर पढ़ाई पर पूरा ध्यान लगाने का फैसला किया.
तीसरी कोशिश में खुलने लगी किस्मत
घर लौटने के बाद पार्थिबन ने अपनी तैयारी का तरीका बदला. इस बार उन्होंने 45 दिनों से ज्यादा समय सिर्फ बाकी बचे CA इंटरमीडिएट ग्रुप की पढ़ाई को दिया. 3 नवंबर 2025 को उन्हें सितंबर में हुई परीक्षा का रिजल्ट मिला. इसमें उन्होंने एक ग्रुप पास कर लिया था. यह उनके लिए बड़ी राहत थी. अब उन्हें यकीन होने लगा था कि लगातार मेहनत का नतीजा मिल सकता है. इसके बाद उन्होंने दूसरे ग्रुप की तैयारी जारी रखी. आखिरकार 8 मार्च 2026 को वह परीक्षा में सफल हो गए. दोनों ग्रुप पास करने के बाद वह CA फाइनलिस्ट बन गए.
जिस ऑफिस को देखते थे, वहीं मिल गई नौकरी
परीक्षा पास करने के करीब एक हफ्ते बाद पार्थिबन ने चार फर्मों में इंटरव्यू दिया. इनमें से तीन जगह उनका चयन हो गया. आखिरकार उन्होंने बेंगलुरु के BDO ऑफिस में काम करने का फैसला किया. 2 अप्रैल 2026 को उन्होंने वहां आर्टिकल असिस्टेंट के तौर पर काम शुरू किया. यह वही ऑफिस था, जिसे वह कभी सड़क की दूसरी तरफ से देखा करते थे. जिस जगह के पीछे बने पार्क में वह डिलीवरी के दौरान आराम किया करते थे, अब उसी ऑफिस के पास से उनकी नई प्रोफेशनल जिंदगी शुरू हो चुकी थी. अपने लिंक्डइन पोस्ट में पार्थिबन ने उस दौर को याद किया, जब वह रात 3 बजे तक स्टोर में फल और सब्जियां पैक करते थे और उन्हें खुद नहीं पता होता था कि आगे क्या होगा. आज वह उसी शहर में अपने सपने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
अभी CA बनने का सफर बाकी है
पार्थिबन की कहानी अभी पूरी नहीं हुई है. CA फाइनल की परीक्षा उनके सामने है और इसके लिए उन्हें अभी और मेहनत करनी है. लेकिन वह उन छात्रों को एक बात जरूर समझाना चाहते हैं, जिन्हें बार-बार असफलता मिलने से लगता है कि अब उनसे नहीं होगा. उनका सफर बताता है कि CA जैसी मुश्किल परीक्षा में असफल होना कोई आखिरी पड़ाव नहीं है. कभी ठंडे कमरे में सामान पैक करना, कभी 100 किलोमीटर तक साइकिल चलाना और फिर उसी थकान के बीच घंटों पढ़ाई करना आसान नहीं था. लेकिन पार्थिबन ने अपने हालात को सपने के रास्ते की रुकावट नहीं बनने दिया. आज जब काम का दबाव बढ़ता है, तो उन्हें बेंगलुरु में बिताए वे महीने याद आते हैं. शायद यही यादें उन्हें आगे बढ़ने की ताकत देती हैं. कभी जिस ऑफिस को वह दूर से देखकर सोचते थे कि यहां काम करना है, अब वहां उनकी अपनी एक जगह है.
यह भी पढ़ें:- 1 हफ्ते घर बैठने के बाद बाइक टैक्सी चलाने निकल पड़ी लड़की: शेयर किया पहली राइड का अनुभव; VIDEO वायरल