SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'भारत को गंदा बताने से पहले अपना बजट बढ़ाओ': रूसी महिला ने विदेशी व्लॉगर्स को दिखाया आईना; बोली- देश को बदनाम करना गलत

भारत की गंदगी, खराब होटल और असुविधाओं को दिखाकर सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने वाले विदेशी ट्रैवल इन्फ्लुएंसर्स को एक रूसी महिला ने खरी-खरी सुनाई है. करीब चार साल से भारत में रह रही माशा का कहना है कि किसी देश में घूमने आने से पहले अपना बजट ठीक रखना चाहिए. सिर्फ सस्ती जगहों पर रुककर वहां की कमियां दिखाना और पूरे देश को वैसा बताना सही नहीं है. उनका वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 13, 2026, 06:58 AM IST | Updated: Nov 13, 2026, 07:10 AM IST
Image Credit: @mekzard | सफाई पर सवाल उठाने वाले विदेशी टूरिस्टों को रूसी महिला ने सुनाई खरी-खरी!
Join

विदेश से भारत घूमने आने वाले कई टूरिस्ट यहां की सड़कों, बाजारों, खानपान और अलग-अलग जगहों के वीडियो बनाते हैं. इनमें से कुछ वीडियो लोगों को देश की खूबसूरती दिखाते हैं, तो कुछ में गंदगी, खराब होटल और सफाई की कमी को लेकर शिकायतें होती हैं. ऐसे वीडियो देखकर कई बार ऐसा लगता है, जैसे भारत में हर जगह हालात एक जैसे ही हैं.

अब इसी तरह के कंटेंट पर रूस की रहने वाली माशा ने नाराजगी जताई है. वह पिछले करीब चार साल से भारत में रह रही हैं और देश के अलग-अलग हिस्सों में घूम चुकी हैं. उनका कहना है कि कुछ विदेशी ट्रैवल इन्फ्लुएंसर्स भारत की चुनिंदा खराब जगहों को दिखाकर पूरे देश की छवि खराब कर रहे हैं.

'दूसरे देश में घूमने आ रहे हो तो पैसे भी खर्च करो'

माशा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है. इसमें उन्होंने उन विदेशी टूरिस्टों को खरी-खरी सुनाई है, जो भारत आकर बेहद सस्ती जगहों पर रुकते हैं और फिर वहां की हालत दिखाकर सोशल मीडिया पर शिकायतें करते हैं. वीडियो में वह कहती हैं कि कुछ लोग भारत आकर कमरे की हालत, गंदगी और दूसरी परेशानियों का वीडियो बनाते हैं. उनका अंदाज ऐसा होता है, जैसे उन्हें उम्मीद ही नहीं थी कि दूसरे देश में घूमने के लिए पैसे भी खर्च करने पड़ेंगे. माशा के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति विदेश घूमने जा रहा है तो उसे अपने ट्रैवल बजट का भी ध्यान रखना चाहिए. हर चीज बेहद कम कीमत पर मिलने की उम्मीद करना ठीक नहीं है.

कम बजट में घूमना मतलब सबसे खराब जगह चुनना नहीं

माशा ने अपनी पोस्ट में कहा कि किसी देश में कम खर्च में घूमना और सबसे खराब जगहों पर रुकना, दोनों अलग-अलग बातें हैं. उन्होंने लिखा कि ट्रैवलिंग कभी पूरी तरह फ्री नहीं होती. भले ही आप ऐसे देश में जा रहे हों, जहां आपके अपने देश के मुकाबले चीजें सस्ती मिलती हों, फिर भी आपको कुछ बजट रखना पड़ता है. उनका कहना है कि कम पैसों में घूमने का मतलब यह नहीं है कि आप सबसे खराब होटल या अपार्टमेंट चुनें और फिर उसकी तस्वीरें पूरी दुनिया को दिखाकर यह बताने लगें कि पूरा देश ही ऐसा है. माशा ने साफ कहा कि किसी देश का मजाक उड़ाने के बजाय यात्रियों को अपनी तैयारी पर ध्यान देना चाहिए.

 

 

चार साल में भारत के कई रंग देख चुकी हैं माशा

माशा ने बताया कि वह करीब चार साल से भारत में रह रही हैं. इस दौरान उन्होंने देश के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा की है. उन्होंने सड़क किनारे मिलने वाले स्ट्रीट फूड से लेकर बड़े और अच्छे रेस्टोरेंट तक में खाना खाया है. उनका कहना है कि भारत को समझने के लिए सिर्फ कुछ खराब अनुभव काफी नहीं हैं. यहां अलग-अलग शहर हैं, अलग-अलग तरह के लोग हैं और हर जगह का अपना रहन-सहन और खानपान है. माशा यह भी मानती हैं कि भारत पूरी तरह परफेक्ट नहीं है. यहां भी कई तरह की समस्याएं हैं, जैसे दुनिया के दूसरे देशों में होती हैं. लेकिन कुछ गंदी सड़कों या खराब कमरों के आधार पर इतने बड़े और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध देश के बारे में राय बना लेना गलत है.

'भारत की अलग-अलग तस्वीरें भी दिखाइए'

माशा ने विदेशी टूरिस्टों से अपील की कि वे भारत घूमने आएं तो यहां की अलग-अलग जगहों और अनुभवों को भी दुनिया के सामने रखें. किसी एक शहर या एक होटल में हुई परेशानी को पूरे देश की पहचान नहीं बनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर आप किसी देश की यात्रा कर रहे हैं तो वहां की संस्कृति और लोगों का सम्मान करना भी जरूरी है. सिर्फ कमियां तलाशने के बजाय वहां की अच्छी चीजों को देखने और समझने की कोशिश करनी चाहिए. माशा ने अपनी पोस्ट के अंत में उन लोगों का स्वागत भी किया, जो उनकी बात से सहमत हैं और भारत को अलग-अलग नजरियों से देखना चाहते हैं.

सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा- आखिर किसी ने तो बोला

माशा का वीडियो सामने आने के बाद कई भारतीय यूजर्स ने उनकी बातों का समर्थन किया. लोगों का कहना था कि विदेशी टूरिस्टों को भारत की कमियां दिखाने से कोई नहीं रोकता, लेकिन कुछ चुनिंदा अनुभवों के आधार पर पूरे देश को गलत तरीके से पेश करना ठीक नहीं है. एक यूजर ने लिखा कि यह नजरिया मैंने पहली बार देखा है. आपने बजट बढ़ाने वाली बात बिल्कुल सही कही. एक और यूजर ने कमेंट में लिखा कि आखिरकार किसी ने तो यह बात कही. वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि भारत में ऐसे और विदेशी लोगों का स्वागत है, जो यहां आने से पहले अपना बजट भी ठीक रखते हैं और देश को समझने की कोशिश भी करते हैं.

किसी देश को समझने के लिए एक अनुभव काफी नहीं

माशा की यह बात सोशल मीडिया पर इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि आजकल ट्रैवल वीडियो के जरिए लोग किसी जगह के बारे में अपनी राय बनाते हैं. ऐसे में वीडियो बनाने वाले की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है कि वह अपने अनुभव को पूरे देश की तस्वीर बताकर पेश न करे. भारत में सफाई और सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं हैं, जिन पर बात होनी चाहिए. लेकिन देश की अच्छी जगहों, संस्कृति, खानपान और लोगों के अनुभवों को नजरअंदाज करना भी सही नहीं है. माशा का संदेश सीधा और साफ है, भारत घूमने आइए, यहां के अच्छे-बुरे दोनों पहलुओं को देखिए, लेकिन कुछ खराब अनुभवों के आधार पर पूरे देश को जज मत कीजिए.

यह भी पढ़ें:- 'कैश से QR कोड तक, बदल गया हिंदुस्तान': पोलिश महिला ने 10 साल में देखा भारत का कायाकल्प; दिल छू लेगा वीडियो

यह भी पढ़ें:- 'किराया जीरो, सुकून 100%': दिल्ली छोड़ सिक्किम के पहाड़ी गांव में बसी महिला ने बताया महीने का खर्च; बजट देख उड़े होश

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES