SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कॉफी पीते-पीते कॉलेज उड़ाने का प्लान: Claude AI से बम बनाने की जानकारी मांग रहा था पाकिस्तानी छात्र; FBI के अलर्ट पर लाहौर में गिरफ्तार

पाकिस्तान के लाहौर में 17 साल के एक छात्र को कॉलेज पर हमले की प्लानिंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. हैरानी की बात यह है कि जांच एजेंसियों को इसकी जानकारी किसी शिक्षक या स्थानीय व्यक्ति से नहीं, बल्कि अमेरिका से मिली. FBI और AI चैटबॉट Claude बनाने वाली कंपनी Anthropic ने उसकी संदिग्ध बातचीत को लेकर पाकिस्तानी अधिकारियों को अलर्ट किया था. इसके बाद लाहौर से उसे गिरफ्तार किया गया.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 26, 2026, 10:25 IST | Updated: Nov 26, 2026, 10:37 IST
Image Credit: प्रतिकात्मक AI इमेज | पाकिस्तानी छात्र AI चैटबॉट 'Claude' से पूछ रहा था घर के केमिकल से बम बनाने का तरीका!
Join

आमतौर पर लोग AI चैटबॉट का इस्तेमाल पढ़ाई, जानकारी जुटाने, लिखने या रोजमर्रा के काम आसान करने के लिए करते हैं. लेकिन पाकिस्तान से सामने आए इस मामले ने AI प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल और ऑनलाइन सेफ्टी को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है. यहां एक नाबालिग छात्र की चैट में कथित तौर पर ऐसी बातें सामने आईं, जिनसे जांच एजेंसियों को किसी बड़े हमले की आशंका हुई.

मामला पाकिस्तान के लाहौर का है. यहां 17 साल के एक छात्र को उसके घर से गिरफ्तार किया गया है. वह एक लोकल कॉलेज में फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट बताया जा रहा है. गिरफ्तारी सोमवार को बेडियन रोड इलाके में की गई. कार्रवाई नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) की टीम ने की.

FBI और Anthropic ने किया था अलर्ट

इस मामले में सबसे दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तानी जांच एजेंसियों तक जानकारी पहुंचने का जरिया देश के अंदर नहीं, बल्कि अमेरिका में था. द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी जांच एजेंसी FBI और Claude AI बनाने वाली कंपनी Anthropic ने छात्र की बातचीत को संदिग्ध माना और पाकिस्तानी अधिकारियों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद NCCIA ने मामले की जांच शुरू की. एजेंसी के लाहौर के एडिशनल डायरेक्टर आतिफ अमीर के अनुसार, छात्र की ऑनलाइन बातचीत से जुड़ी जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई की गई.

घर में मौजूद चीजों से विस्फोटक बनाने की बात

जांच करने वाली टीम के अनुसार, छात्र ने Claude AI चैटबॉट से घर में आसानी से मिलने वाले केमिकल का इस्तेमाल करके विस्फोटक डिवाइस बनाने के बारे में सवाल किए थे. आरोप है कि बातचीत के दौरान उसने लाहौर के एक सरकारी कॉलेज को निशाना बनाने की बात भी की थी. रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि छात्र ने हमले से जुड़ी बातें सामान्य बातचीत के अंदाज में की थीं. यहां तक कि कॉफी पीने जैसी आम बातों के बीच भी कथित तौर पर हमले का जिक्र आया था. हालांकि, जांच एजेंसियों के सामने आई चैट और आरोपों की पूरी जानकारी अभी पब्लिक नहीं की गई है.

घर की तलाशी में नहीं मिला कोई विस्फोटक

छात्र की गिरफ्तारी के बाद जांच टीम ने उसके घर की तलाशी ली. अधिकारियों को वहां से कोई विस्फोटक सामग्री, केमिकल, हथियार या ऐसी डिवाइस नहीं मिली, जिसका इस्तेमाल किसी हमले में किया जा सकता हो. यह जानकारी इसलिए अहम है क्योंकि इससे फिलहाल यह साबित नहीं होता कि छात्र ने असल जिंदगी में विस्फोटक बनाने की तैयारी शुरू कर दी थी. अभी तक सामने आई जानकारी के अनुसार, जांच का बड़ा आधार उसकी ऑनलाइन बातचीत है. एजेंसी ने छात्र के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी जब्त किए हैं. हालांकि, अलग-अलग रिपोर्टों में इस बात को लेकर अंतर है कि उसके पास से लैपटॉप लिया गया या मोबाइल फोन, या दोनों. इन डिवाइस की जांच की जा रही है, जिससे चैट की असलियत, उसकी ऑनलाइन एक्टिविटी और दूसरे लोगों से संपर्क के बारे में जानकारी मिल सके.

मन में क्या चल रहा था, इसकी भी हो रही जांच

NCCIA के अधिकारियों के अनुसार, छात्र की मानसिक स्थिति और उसके व्यवहार को समझने के लिए मनोवैज्ञानिकों की मदद भी ली गई है. जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर उसके मन में ऐसी बातें क्यों आईं. फिलहाल हमले की कथित योजना के पीछे की वजह साफ नहीं है. जांच करने वाली टीम यह भी देख रही है कि कहीं छात्र का अपने कॉलेज, शिक्षकों या दूसरे छात्रों के साथ कोई विवाद तो नहीं था. इसके अलावा इंटरनेट पर हिंसा से जुड़ी सामग्री देखने या उससे प्रभावित होने की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है. अधिकारियों ने अभी तक यह सार्वजनिक रूप से साबित नहीं किया है कि छात्र की योजना ऑनलाइन बातचीत से आगे बढ़कर किसी वास्तविक तैयारी तक पहुंची थी.

साइबर कानून के तहत दर्ज हुआ केस

छात्र के खिलाफ पाकिस्तान के प्रिवेंशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक क्राइम्स एक्ट, 2016 और पाकिस्तान पीनल कोड की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. हालांकि, केस में कौन-कौन सी सटीक धाराएं लगाई गई हैं, इसकी पुष्टि FIR की जानकारी से ही हो सकेगी. जांच एजेंसी अब जब्त किए गए डिवाइस और छात्र के डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही है. इससे यह पता लगाने की कोशिश होगी कि कथित बातचीत कितनी गंभीर थी और क्या इस मामले में कोई दूसरा व्यक्ति भी शामिल था.

AI कंपनियां संदिग्ध चैट पर कैसे लेती हैं एक्शन?

इस घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि AI कंपनियों को किसी यूजर की बातचीत में खतरे के संकेत मिलते हैं तो वे क्या करती हैं. Claude, Anthropic की तरफ से बनाया गया AI असिस्टेंट है. इसका इस्तेमाल लोग सवाल पूछने, लिखने, रिसर्च और कोडिंग जैसे कामों के लिए करते हैं. दूसरे AI प्लेटफॉर्म की तरह Claude में भी नुकसान पहुंचाने वाली एक्टिविटी से जुड़ी मदद को रोकने के लिए सेफ्टी पॉलिसी मौजूद हैं. संदिग्ध बातचीत को लेकर कंपनी की कार्रवाई उसकी नीतियों और तय प्रक्रियाओं पर निर्भर करती है. इस मामले में FBI और Anthropic की ओर से पाकिस्तानी अधिकारियों को जानकारी दिए जाने की बात सामने आई है.

ऑनलाइन बातों से शुरू हुई जांच, अब कई सवाल

लाहौर का यह मामला दिखाता है कि इंटरनेट पर की गई बातचीत भी गंभीर जांच का आधार बन सकती है. हालांकि, किसी चैट में हमले की बात करना और वास्तव में उसकी तैयारी करना दो अलग बातें हैं. इस मामले में घर से कोई विस्फोटक या हथियार नहीं मिला है और कथित योजना के पीछे का मकसद भी अभी साफ नहीं हुआ है. फिलहाल जांच एजेंसियां छात्र के डिजिटल रिकॉर्ड और संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं. आने वाले समय में जांच से ही पता चलेगा कि यह केवल ऑनलाइन बातचीत तक सीमित मामला था या इसके पीछे कोई गंभीर प्लानिंग भी थी.

यह भी पढ़ें:- स्पेस मिशन से पहले चीन के रंग में रंगा पाकिस्तान: पहले एस्ट्रोनॉट ने उड़ान से पहले चीनी भाषा में गाया गाना; पाक दूतावास ने शेयर किया VIDEO

यह भी पढ़ें:- कभी अफगानियों पर बरसाता था बम, अब बना आलीशान होटल: सोवियत हेलिकॉप्टर का बदला रूप देख विदेशी व्लॉगर रह गई हैरान; VIDEO वायरल

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES