)
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पलारी नगर पंचायत में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि अस्पताल में इलाज की लापरवाही के चलते प्रसव के दौरान जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गई है. इस घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में चला गया है. वहीं उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वहीं मामले में जिम्मेदारी लेने के बजाय डॉक्टर ने सरकारी व्यवस्था पर ही सवाल उठाए हैं.
दरअसल, यह पूरा मामला बालोद जिले के पलारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का बताया जा रहा है. जहां पर बेदबाई साहू को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने भर्ती कराया था. वहीं परिजनों ने गंभीर आरोप लगाया है कि अस्पताल में अनुभवी डॉक्टर मौजूद नहीं थे. उनका कहना है कि नर्स ने ही जिद करके प्रसव करा दिया.
परिवार ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर को लगातार फोन करते रहे, लेकिन डॉक्टर तब पहुंचे जब नवजात की मौत हो चुकी थी. वहीं मृतका के पति तीरथ साहू और परिवार के मुखिया महेश साहू का कहना है कि बच्चे की मौत के बाद वे पत्नी को हायर सेंटर रेफर करने की मिन्नतें करते रहे, लेकिन डॉक्टर ने महिला को स्वस्थ्य बताकर रेफर नहीं किया. उन्होंने आगे बताया कि बाद में जब हालात बिगड़ने लगी तो धमतरी ले जाया जा रहा था. उसके बाद रास्ते में ही महिला ने भी दम तोड़ दिया.
ये भी पढ़ेंः कुत्ते ने काटा तो झोलाछाप ने लगाए टांके, एंटी रेबीज इंजेक्शन भी नहीं दिया... सूरजपुर में मासूम की मौत
इस पूरे मामले पर जब डॉक्टर सुनील देवांगन से बात की गई, तो उन्होंने किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार करते हुए पूरा ठीकरा सरकारी व्यवस्था पर फोड़ दिया. डॉक्टर का कहना है कि अस्पताल में अनुभवी डॉक्टर नहीं हैं और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को ही डिलीवरी करानी पड़ती है. उन्होंने यह भी माना कि अस्पताल में केवल एक शिफ्ट का स्टाफ है, जिससे 24 घंटे काम लिया जा रहा है. अब सवाल उठ रहा है कि करोड़ों के बजट के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था वेंटिलेटर पर क्यों है?
(रिपोर्टः दानवीर साहू, बालोद)