)
Treasure of Villena Heist: फिल्मों में आपने कई बार तेज तर्रार और शातिर चोरों को म्यूजियम से खजाना चुराते देखा होगा. लेकिन स्पेन में बिल्कुल ऐसा ही एक असली और खौफनाक वाकया सामने आया है. स्पेन के विलेना म्यूजियम से चोरों ने महज 4 मिनट के अंदर यूरोप का सबसे ऐतिहासिक और 3000 साल पुराना खजाना साफ कर दिया. हैरान करने वाली बात यह है कि सोने के लालच में चोर एक ऐसी चीज वहीं छोड़ गए जो साइंस की दुनिया के लिए सोने से भी ज्यादा कीमती थी.
स्पेन के विलेना शहर में मौजूद विलेना म्यूजियम में एक बहुत ही दुखद और हैरान कर देने वाली घटना घटी है. यहां कांस्य युग का लगभग 3,000 साल पुराना ऐतिहासिक खजाना रखा हुआ था, जिसे 'ट्रेजर ऑफ विलेना' कहा जाता है. इस खजाने में सोने की प्राचीन कटोरियां, बोतलें और बेहद खूबसूरत कंगन शामिल थे. यूरोप के इतिहास में इसे सबसे कीमती और महत्वपूर्ण खजाना माना जाता है. लेकिन शातिर चोरों ने रात के अंधेरे में धावा बोलकर इस खजाने के ज्यादातर हिस्से पर अपना हाथ साफ कर दिया.
यह चोरी कोई आम चोरी नहीं थी, बल्कि इसे बहुत ही मास्टरमाइंड तरीके से प्लान किया गया था. तड़के सुबह चोरों ने म्यूजियम के पास बने एक स्पोर्ट्स सेंटर में झूठा अलार्म बजा दिया. जैसे ही पुलिस की टीम उस स्पोर्ट्स सेंटर की तरफ भागी, शातिर चोरों ने म्यूजियम पर हमला बोल दिया. चोरों ने चेहरे पर मास्क पहन रखा था. उन्होंने म्यूजियम की साइड वाली खिड़की तोड़ी, अंदर घुसे और वहां लगे बुलेटप्रूफ कांच के डिस्प्ले केस को चकनाचूर कर दिया.
द गार्जियन के रिपोर्ट्स के अनुसार, नगर परिषद के प्रवक्ता ने बताया कि म्यूजियम का अलार्म सुबह ठीक 5:20 बजे बजा. लेकिन जब तक पुलिस स्पोर्ट्स सेंटर से लौटकर म्यूजियम पहुंची, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. चोरों ने सिर्फ 4 मिनट के अंदर यानी सुबह 5:24 बजे तक लगभग 60 से ज्यादा सोने की ऐतिहासिक चीजें बटोर लीं और मौके से रफूचक्कर हो गए. विलेना शहर के मेयर फुल्गेनसियो सेर्डन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वे इस घटना से पूरी तरह टूट चुके हैं. यह उनके शहर की धरोहर और पहचान का सबसे बड़ा नुकसान है.
चोर भले ही चोरी करने में बहुत तेज निकले, लेकिन वे एक बहुत बड़ी बेवकूफी कर गए. सोने की चमक के चक्कर में वे म्यूजियम में रखी सबसे कीमती और वैज्ञानिक रूप से ऐतिहासिक चीज को छूना ही भूल गए. वह चीज थी अंतरिक्ष से गिरे उल्कापिंड के लोहे से बना एक प्राचीन ब्रेसलेट. यह ब्रेसलेट साइंस और इतिहास की दुनिया में बहुत ही दुर्लभ माना जाता है. रिसर्च प्रोफेसर इग्नासियो मोंटेरो ने बताया कि चोरों का ध्यान सिर्फ सोने की कीमत पर था, इसलिए वे इस अनोखी कलाकृति को वहीं छोड़ गए.
वैज्ञानिकों और इतिहास के जानकारों को अब सबसे बड़ा डर इस बात का सता रहा है कि चोर इस 3000 साल पुराने सोने को पिघला न दें. अगर चोरों ने सिर्फ पैसे कमाने के लिए इस सोने को पिघला दिया, तो इतिहास का एक बहुत बड़ा और कीमती पन्ना हमेशा-हमेशा के लिए नष्ट हो जाएगा. फिलहाल स्पेन की पुलिस इस हाई-टेक और सुपर-फास्ट डकैती की जांच में जुटी हुई है और चोरों का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है.