फैशन की दुनिया में विक्टोरियाज सीक्रेट के शो का अपना अलग ही जलवा रहा है. यहां मॉडल्स के कपड़ों से लेकर उनके रैंप पर चलने के अंदाज तक, हर चीज चर्चा में रहती है. लेकिन इस बार सबकी नजरें काइली जेनर पर टिक गईं.
क्योंकि फैशन शो में काइली ने कंपनी की मशहूर फैंटेसी ब्रा पहनकर रैंप पर एंट्री की. इसकी अनुमानित कीमत 50 मिलियन डॉलर बताई गई है. इसको भारतीय रुपये में देखें, तो यह करीब 5 अरब रुपये के बराबर है. लेकिन जब काइली जेनर ने इस 'फैंटेसी ब्रा' को पहनकर कैटवॉक किया, तो फैशन की दुनिया में जश्न के बजाय विवाद का बवंडर खड़ा हो गया. लोगों ने कहा कि कंपनी ने Victoria's Secret की पुरानी सुपरमॉडल्स के बजाय काइली को ही क्यों चुना?
आपको बता दें कि काइली के लिए यह शो कई मायनों में खास रहा. वह पहली ऐसी महिला बनीं, जो विक्टोरियाज सीक्रेट की पारंपरिक 'एंजल' मॉडल्स में शामिल नहीं होने के बावजूद इस खास ब्रा को पहनकर रैंप पर उतरीं. इससे पहले गिजेल बुंडचेन, हाइडी क्लम, टायरा बैंक्स, एड्रियाना लीमा, एलेसांद्रा एम्ब्रोसियो और कैंडिस स्वानेपोल जैसी मशहूर मॉडल्स इस खास डिजाइन को पहन चुकी हैं. ऐसे में काइली को यह जिम्मेदारी मिलना फैशन इंडस्ट्री में काफी अहम माना जा रहा है.
Victoria's Secret के चीफ क्रिएटिव ऑफिसर एडम सेलमैन ने वोग को दिए इंटरव्यू में इसकी वजह बताई. उन्होंने कहा कि काइली की पहचान सिर्फ फैशन तक सीमित नहीं है. वह टीवी, पॉप कल्चर और सोशल मीडिया की दुनिया में भी अपनी अलग जगह बना चुकी हैं. सेलमैन का मानना है कि विक्टोरियाज सीक्रेट का शो भी अब सिर्फ कपड़ों और मॉडल्स तक सीमित नहीं है. यह एक बड़ा एंटरटेनमेंट इवेंट बन चुका है. ऐसे में काइली जैसी शख्सियत शो को और ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं. उन्होंने यह भी बताया कि इस साल शो का बड़ा आइडिया फैंस के जुनून और उनकी पसंद के इर्द-गिर्द रखा गया था. कंपनी दर्शकों को एक तरफ मशहूर फैंटेसी ब्रा दिखाना चाहती थी और दूसरी तरफ इसे पहनने के लिए किसी ऐसे चेहरे को चुनना चाहती थी, जिसकी मौजूदगी लोगों को चौंका दे.
इस फैंटेसी ब्रा की खासियत सिर्फ इसकी कीमत नहीं है. इसमें एक पीला हीरा सबसे खास जगह पर लगाया गया है, जिसकी कीमत करीब 22 मिलियन डॉलर बताई गई है. इसके अलावा इसमें 4,410 दूसरे नेचुरल हीरे भी जड़े गए हैं. इस तरह ब्रा को बनाने में कुल 4,411 हीरों का इस्तेमाल हुआ है. इसे तैयार करना भी आसान नहीं था. डिजाइनर जैकब अरबो ने बताया कि इस खास डिजाइन को बनाने में जैकब एंड कंपनी के 15 कारीगरों ने 1,000 घंटे से ज्यादा समय लगाया. इसका वजन करीब चार पाउंड से थोड़ा कम, यानी लगभग 1.8 किलोग्राम बताया गया है. आम ब्रा के मुकाबले इसे पहनना और शरीर के हिसाब से फिट करना बड़ी चुनौती थी.
डिजाइनर जैकब अरबो ने वोग को बताया कि इस ब्रा में सामान्य कपड़े का इस्तेमाल नहीं किया गया. यह पूरी तरह सोने और हीरों से तैयार की गई थी. इसलिए इसे इस तरह बनाना जरूरी था कि यह देखने में शानदार होने के साथ शरीर पर सही तरीके से फिट भी हो सके. उनके अनुसार, कागज पर लिए गए नाप और असल शरीर पर फिटिंग में फर्क होता है. डिजाइन के हर हिस्से, हर हीरे और सोने के हर टुकड़े को सावधानी से अपनी जगह पर लगाना पड़ा, जिससे इसे पहनने वाली मॉडल को परेशानी न हो. यही वजह है कि इस ब्रा को तैयार करने में सिर्फ इसकी खूबसूरती ही नहीं, बल्कि आराम का भी ध्यान रखा गया.
रैंप पर काइली अकेली नहीं थीं. उनके बॉयफ्रेंड टिमोथी शैलमे और मां क्रिस जेनर भी उन्हें चीयर करते नजर आए. शो के बाद काइली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फैंटेसी ब्रा पहने हुए अपनी तस्वीर शेयर की और लिखा, 'BEST DAY EVER'. उनके इस अंदाज से साफ था कि यह मौका उनके लिए कितना खास था. हालांकि, काइली की लोकप्रियता पहले से ही दुनिया भर में है, लेकिन विक्टोरियाज सीक्रेट के इस खास शो में उन्हें मिली जिम्मेदारी ने फैशन की दुनिया में उनकी मौजूदगी को एक नया रंग दे दिया.
इस बार शो में महंगे हीरे, सोना और शानदार डिजाइन तो चर्चा में रहे ही, लेकिन काइली का चयन भी उतना ही बड़ा मुद्दा बन गया. कंपनी ने एक बार फिर यह दिखाने की कोशिश की कि आज के फैशन शो में सिर्फ मॉडलिंग का अनुभव ही नहीं, बल्कि दर्शकों से जुड़ने की ताकत भी मायने रखती है. काइली जेनर के पास फैशन, मनोरंजन और सोशल मीडिया की दुनिया में बड़ा फैन बेस है. यही वजह है कि कंपनी ने उन्हें इस खास मौके के लिए चुना. अब लगभग 5 अरब रुपये की बताई जा रही फैंटेसी ब्रा के साथ उनका यह रैंप वॉक विक्टोरियाज सीक्रेट के 2026 शो के सबसे चर्चित पलों में शामिल हो गया है.