)
ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडिलटन इन दिनों अपने भारत दौरे को लेकर चर्चा में हैं. अपने इस दौरे के दौरान मुंबई पहुंचे इस रॉयल कपल ने शहर की संस्कृति का खुलकर लुत्फ उठाया. हालांकि इस बीच एक ऐसा पल भी आया जब केट मिडिलटन को एक फैन का ऑटोग्राफ मांगने का अनुरोध बेहद प्यार से टालना पड़ा और इसके पीछे ब्रिटिश शाही परिवार का एक कड़ा नियम है.
हेलो मैगजीन की एक वीडियो के मुताबिक, प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन अपने भारत दौरे के पहले दिन मुंबई में एक स्ट्रीट क्रिकेट इवेंट में पहुंचे थे. वहां बड़ी संख्या में लोग शाही जोड़े की एक झलक पाने के लिए इकट्ठा हुए थे. इस इवेंट के दौरान क्रिकेट के लीजेंड सचिन तेंदुलकर ने तो फैंस के लिए पोर्ट्रेट, टी-शर्ट और कैप पर अपने ऑटोग्राफ साइन किए, लेकिन जब भीड़ से एक शख्स ने केट मिडिलटन के पास जाकर ऑटोग्राफ की मांग की, तो प्रिंसेस ने ऐसा करने से मना कर दिया.
पीपल मैगजीन की रिपोर्ट के अनुसार, केट ने फैन से बड़े ही शालीन तरीके से माफी मांगते हुए कहा कि सॉरी, मैं साइन नहीं कर सकती. इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद अन्य लोगों से बातचीत जारी रखी.
फैंस के मन में यह सवाल जरूर आता होगा कि आखिर केट मिडिलटन ने ऑटोग्राफ देने से मना क्यों किया. दरअसल, ब्रिटिश राजपरिवार के सदस्य जनता के बीच जाने पर हाथ मिलाने, तस्वीरें खिंचवाने और बातचीत करने से कभी पीछे नहीं हटते, लेकिन वे कभी किसी को ऑटोग्राफ नहीं देते हैं. इस परंपरा के पीछे सुरक्षा और धोखाधड़ी से जुड़ी बड़ी वजहें हैं. जानकारों के मुताबिक, शाही परिवार के सदस्यों के हस्ताक्षर के गलत इस्तेमाल या उनके फर्जी हस्ताक्षर बनाए जाने का खतरा हमेशा बना रहता है, इसलिए सदियों पुराने नियम के तहत वे किसी भी कागज या सामान पर अपने साइन करने से बचते हैं.
प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन का यह तीन दिवसीय भारत दौरा अप्रैल 2016 के बाद उनका देश का पहला दौरा है. मुंबई प्रवास के दौरान इस रॉयल कपल ने शहर की आम जिंदगी और संस्कृति को बेहद करीब से महसूस किया. सोमवार को उन्होंने सचिन तेंदुलकर के साथ मिलकर जमकर गल्ली क्रिकेट खेला, पारंपरिक कुल्हड़ में मिलने वाली मशहूर 'कटिंग चाय' का स्वाद चखा और मुंबई मेट्रो में सफर का आनंद भी लिया. इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों के साथ भी काफी वक्त बिताया और खुलकर बातचीत की.
मुंबई की गलियों और संस्कृति का लुत्फ उठाने के बाद यह शाही जोड़ा अपनी यात्रा के अगले चरण के लिए पूरी तरह तैयार है. तय शेड्यूल के मुताबिक, मुंबई के बाद प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन नई दिल्ली के लिए रवाना होने वाले हैं, जहां वे 18 नवंबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे. उनके इस दौरे को लेकर भारत और ब्रिटेन दोनों देशों की मीडिया में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है.