SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

लाइवस्ट्रीम में दिखा QR कोड, लुट गया स्ट्रीमर: अमेरिकी यूट्यूबर के नाम पर दर्शकों ने मंगाया हजारों डॉलर का खाना; बिल देख उड़े होश

जापान के एक रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे अमेरिकी स्ट्रीमर लैसी के साथ ऐसी घटना हुई, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी. वह लाइवस्ट्रीम कर रहे थे और इसी दौरान टेबल पर रखा रेस्टोरेंट का QR कोड कैमरे में आ गया. इसके बाद दर्शकों ने उसी कोड से हजारों डॉलर के खाने के ऑर्डर कर दिए. जब वेटर बिल लेकर पहुंचा, तो लैसी के होश उड़ गए.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Oct 30, 2026, 11:06 AM IST | Updated: Oct 30, 2026, 11:19 AM IST
Image Credit: @XEmaadX | जापानी रेस्तरां में अमेरिकी स्ट्रीमर के साथ हुआ सबसे महंगा प्रैंक!
Join

जरा सोचिए, आप किसी रेस्टोरेंट में आराम से खाना खा रहे हों और अचानक वेटर आकर पूछने लगे कि आपने इतने सारे ऑर्डर क्यों किए हैं. आप हैरान होकर कहें कि हमने तो कुछ और मंगवाया ही नहीं. अमेरिकी स्ट्रीमर लैसी के साथ जापान में कुछ ऐसा ही हुआ.

लैसी जापान में घूमने गए थे और वहां अपने अनुभवों को लाइवस्ट्रीम के जरिए दर्शकों के साथ शेयर कर रहे थे. इसी दौरान वह एक रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे. अब तक सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन अचानक कैमरे में हुई एक छोटी-सी चूक ने उनके लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी.

कैमरे में दिख गया टेबल पर रखा QR कोड

दरअसल, रेस्टोरेंट की टेबल पर ऑनलाइन ऑर्डर करने के लिए एक QR कोड रखा हुआ था, जिसे ग्राहक अपने फोन से स्कैन करके खाने-पीने की चीजें मंगा सकते थे. लैसी की लाइवस्ट्रीम के दौरान यह कोड कैमरे में दिखाई दे गया. इसके बाद उनके कुछ दर्शक इसी QR कोड का इस्तेमाल कर रेस्टोरेंट के डिजिटल मेन्यू तक पहुंच गए. फिर शुरू हुआ खाने के ऑर्डर देने का सिलसिला. लैसी को इसकी भनक तक नहीं लगी कि स्क्रीन के दूसरी तरफ बैठे लोग उनके नाम पर लगातार खाना मंगवाते रहे.

वेटर बिल लेकर पहुंचा तो चौंक गया स्ट्रीमर

लैसी अभी अपना खाना खा ही रहे थे कि एक वेटर उनके पास आया और नए ऑर्डर के बारे में पूछने लगा. लैसी को समझ नहीं आया कि वह किस ऑर्डर की बात कर रहा है. उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने कोई एक्स्ट्रा खाना या ड्रिंक नहीं मंगवाई है. इसके बाद वेटर ने उन्हें बिल दिखाया. तभी लैसी को अंदाजा हुआ कि लाइवस्ट्रीम के दौरान दर्शकों ने टेबल पर रखा QR कोड देख लिया होगा. उन्होंने तुरंत कहा कि शायद लोगों ने QR कोड स्कैन कर लिया है और अब कोई नया ऑर्डर नहीं होना चाहिए. इस बातचीत के बाद कुछ समय के लिए उनकी लाइवस्ट्रीम भी बंद हो गई.

 

 

तीन बिल देखकर समझ आया कितना बड़ा खेल हुआ

बाद में लैसी ने अपने दर्शकों को बताया कि इस हरकत की वजह से उन्हें करीब 12 हजार डॉलर का बिल भरना पड़ा. उनके अनुसार, रेस्टोरेंट की तरफ से पहले 5 लाख येन का बिल दिया गया था, जो करीब 3 हजार डॉलर के बराबर था. लैसी को लगा कि अब मामला खत्म हो गया है. लेकिन इसके बाद दो और बिल उनके पास पहुंच गए. उन्होंने बताया कि दर्शकों की तरफ से करीब 15 से 16 लाख येन तक के खाने के ऑर्डर किए गए थे. अमेरिकी डॉलर में यह रकम करीब 12 हजार डॉलर बैठती है.

गुस्से में बोले- आपने इसे मजाक समझ लिया

इस घटना से लैसी काफी नाराज नजर आए. उन्होंने अपने दर्शकों पर गुस्सा होते हुए कहा कि वे सिर्फ मजे के लिए ऐसा कर रहे थे. लेकिन इसका नुकसान रेस्टोरेंट को भी उठाना पड़ा और उन्हें भी इतनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ी. लैसी ने कहा कि रेस्टोरेंट के कर्मचारियों को इतनी बड़ी मात्रा में खाना तैयार करना पड़ा, जबकि उन्होंने खुद इतना खाना मंगवाया ही नहीं था. उन्होंने यह भी नाराजगी जताई कि खाने की बर्बादी हुई और किसी के लिए यह मजाक हो सकता है, लेकिन रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के लिए यह एक्स्ट्रा काम और परेशानी थी.

माफी मांगी और पूरा बिल चुकाया

बाद में लैसी ने बताया कि उन्होंने रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से माफी मांगी और पूरा बिल भरने की बात कही. उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वह खाने के पैसे दे देंगे और तैयार किया गया खाना वहां मौजूद परिवारों को बांट दिया जाए. उनके अनुसार, रेस्टोरेंट ने बाद में खाना वहां मौजूद परिवारों को देना शुरू कर दिया. लैसी ने कहा कि उन्होंने अपनी तरफ से पूरी जिम्मेदारी लेते हुए बिल चुका दिया. हालांकि, वह इस बात से बेहद दुखी थे कि उनके दर्शकों ने इस तरह की हरकत को मजाक समझा.

पांच घंटे की स्ट्रीम को लाखों लोगों ने देखा

लैसी की यह लाइवस्ट्रीम करीब पांच घंटे से ज्यादा लंबी थी और इसे चार लाख से अधिक बार देखा जा चुका है. जापान में उनके इस सफर के वीडियो में रेस्टोरेंट के अलावा शॉपिंग और सूमो मुकाबला देखने जैसे कई पल भी शामिल हैं. लैसी के Twitch पर 35 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. उन्होंने फोर्टनाइट गेम की स्ट्रीमिंग से अपनी पहचान बनाई थी. इसके अलावा वह IRL स्ट्रीमिंग के लिए भी जाने जाते हैं. इसमें क्रिएटर्स गेम खेलने के बजाय अपनी असल जिंदगी के अनुभव और हर रोज की एक्टिविटी दर्शकों को लाइव दिखाते हैं.

ऑनलाइन मजाक का नुकसान असल जिंदगी में

इस घटना ने एक बार फिर लाइवस्ट्रीमिंग के दौरान प्राइवेसी और सेफ्टी से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. कैमरे में दिखने वाली छोटी-सी जानकारी का गलत इस्तेमाल किसी के लिए बड़ी परेशानी बन सकता है. लैसी के दर्शकों के लिए QR कोड से खाना मंगवाना शायद कुछ देर का मजाक रहा हो, लेकिन इसका असर रेस्टोरेंट के कर्मचारियों और खुद स्ट्रीमर पर पड़ा. लैसी ने भी साफ कहा कि उन्होंने पहले कभी ऐसा कुछ नहीं देखा था और इस घटना से वह बेहद नाराज हैं.

(Disclaimer: प्रिय पाठक, हमारी यह खबर पढ़ने के लिए शुक्रिया. यह खबर इंटरनेट पर मौजूद डिटेल्स को एकत्रित करके बनाई गई है. Zee News इसके प्रमाणिकता, दावों और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES