App

कभी घर-घर खाना पहुंचाते थे गोपीनाथ... स्विगी राइडर से AI कंपनी के फाउंडर बनने की गजब कहानी; आज UN के प्रोजेक्ट्स पर कर रहे हैं काम

कभी स्विगी के लिए घर-घर खाना पहुंचाने वाले गोपीनाथ पांडियन आज अपनी खुद की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी GodverseAI चला रहे हैं. जानिए डिलीवरी बॉय से लेकर संयुक्त राष्ट्र के प्रोजेक्ट्स पर काम करने तक का उनका यह शानदार सफर.

कभी घर-घर खाना पहुंचाते थे गोपीनाथ... स्विगी राइडर से AI कंपनी के फाउंडर बनने की गजब कहानी; आज UN के प्रोजेक्ट्स पर कर रहे हैं काम
Image Credit: स्विगी डिलीवरी पार्टनर से GodverseAI के मालिक बनने तक का प्रेरणादायक सफर (instagram/gopinathpandian_offical)

हर बड़े स्टार्टअप की शुरुआत एक छोटे से आइडिया से होती है, लेकिन GodverseAI के फाउंडर गोपीनाथ पांडियन के लिए इसकी शुरुआत अपने सपनों को पूरा करने के लिए घर-घर खाना पहुंचाने से हुई. आज गोपीनाथ सरकारी प्रोजेक्ट्स और संयुक्त राष्ट्र के असाइनमेंट्स पर काम कर रहे हैं, लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब वह कॉलेज की पढ़ाई के साथ स्विगी में डिलीवरी पार्टनर का काम किया करते थे.

पिता ने लोन देने से किया मना, तो खुद कमाए पैसे

गोपीनाथ पांडियन के अंदर बचपन से ही अपना खुद का बिजनेस शुरू करने का जुनून था. स्विगी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, जब वह 18 साल के थे, तो उन्होंने क्रिप्टो-माइनिंग का काम शुरू करने के लिए अपने पिता से लोन मांगा, लेकिन पिता ने मना कर दिया. इसके बाद गोपीनाथ ने ठान लिया कि वह अपनी पढ़ाई को रोके बिना खुद ही अपने स्टार्टअप के लिए शुरुआती पूंजी जमा करेंगे.

साल 2021 में कॉलेज की पढ़ाई के दौरान उन्होंने स्विगी में डिलीवरी पार्टनर के तौर पर काम करना शुरू किया. गोपीनाथ बताते हैं कि इस कमाई ने उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया और अपने स्टार्टअप के सपने को जिंदा रखने में मदद की. उन्होंने आम पार्ट-टाइम नौकरी के बजाय फूड डिलीवरी को इसलिए चुना क्योंकि इसमें समय की पूरी आजादी थी. इस सफर ने उनके लिए एक क्लासरूम की तरह काम किया, जहां उन्होंने मैनेजमेंट और लोगों से बात करने के गुर सीखे.

 

 

जब डिलीवरी बॉय समझकर टिश्यू से पोंछा गया हाथ

हालांकि कुछ लोगों को उनका यह काम पसंद नहीं आया, लेकिन उनके परिवार और पिता ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया. डिलीवरी पार्टनर के तौर पर काम करते हुए गोपीनाथ को कई कड़वे अनुभव भी हुए, जिसने उनकी सोच बदल दी. एक घटना को याद करते हुए उन्होंने बताया कि एक बार उनकी बाइक गलती से एक कार से टकरा गई थी. कार का मालिक गुस्से में बाहर आया और उनका कॉलर पकड़ लिया, लेकिन जैसे ही उस शख्स ने देखा कि गोपीनाथ एक डिलीवरी पार्टनर हैं, उसने तुरंत जेब से टिश्यू निकाला और अपना हाथ पोंछने लगा.

गोपीनाथ के मुताबिक, उस इंसान के इस रवैये ने उनके दिल पर गहरा असर छोड़ा और उन्हें अहसास हुआ कि समाज में डिलीवरी बॉयज के साथ कैसा बर्ताव किया जाता है. अपनी कहानी के जरिए वह लोगों से अपील करते हैं कि वे डिलीवरी पार्टनर्स को पूरा सम्मान दें.

पहला स्टार्टअप डूबा, पर AI की दुनिया में रचा इतिहास

साल 2022 में कॉलेज ग्रेजुएशन पूरा होने तक गोपीनाथ ने इतने पैसे बचा लिए थे कि वह अपना बिटकॉइन वेंचर शुरू कर सकें. दुर्भाग्य से, उसी साल क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में आई भारी गिरावट के कारण उनका यह पहला स्टार्टअप बंद हो गया. लेकिन इस हार ने उनकी जिज्ञासा को कम नहीं किया. उन्होंने अपना रुख आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की तरफ मोड़ा और दो साल तक एक बड़ी टेक कंपनी में काम करते हुए AI मॉडल्स और बिग डेटा की बारीकियां सीखीं.

साल 2024 में उन्होंने अपने इस अनुभव का इस्तेमाल करते हुए 'GodverseAI' की स्थापना की. आज वह 7 होनहार लोगों की टीम को लीड कर रहे हैं और सरकार के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र के प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रहे हैं. अपने डिलीवरी के दिनों को अपनी जिंदगी का 'सुनहरा दौर' बताते हुए गोपीनाथ कहते हैं कि स्विगी जैसे प्लेटफॉर्म सिर्फ खाना ही नहीं पहुंचा रहे, बल्कि लाखों युवाओं को अपनी शर्तों पर काम करने और अपने सपनों को सच करने का मौका भी दे रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More