)
सोशल मीडिया पर एक पिता को बच्चों की तरफ से मिले सरप्राइज का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो की शुरुआत एक आम दिन की तरह होती है. बाहर मानसून की हल्की बारिश हो रही है और एक पिता काम खत्म करके पैदल अपने घर की तरफ लौट रहे हैं.
कपड़ों पर बारिश का असर साफ दिखाई देता है. वह घर के गेट तक पहुंचते हैं और उसे खोलकर अंदर दाखिल होते हैं. लेकिन उन्हें क्या पता था कि घर के अंदर उनके लिए ऐसा सरप्राइज इंतजार कर रहा है, जिसे वह शायद जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगे.
घर में घुसते ही पिता की नजर लॉन में रखी एक बड़ी चीज पर जाती है. उसे काले रंग के तिरपाल से पूरी तरह ढका गया था. उन्हें समझ नहीं आता कि आखिर इसके नीचे क्या रखा है. वह उत्सुकता में उसके पास पहुंचते हैं और एक बार तिरपाल का कोना उठाकर अंदर देखने की कोशिश भी करते हैं. लेकिन अभी भी उन्हें पूरी बात समझ नहीं आई. पिता के चेहरे पर साफ दिखाई देता है कि वह जानना चाहते हैं कि बच्चों ने आखिर यह सब क्यों किया है.
इसके बाद उनकी नजर पास में रखी एक छोटी सेंटर टेबल पर जाती है. टेबल को बेहद खूबसूरती से सजाया गया था. वहां एक खिलौने वाली गाड़ी के साथ एक चाबी रखी नजर आती है. पिता चाबी को देखते हैं, फिर आसपास देखते हैं. लेकिन अब भी उन्हें समझ नहीं आता कि पूरा मामला क्या है. इसी दौरान उनकी नजर टेबल पर रखे एक लेटर पर पड़ती है. वह उसे उठाकर पढ़ना शुरू करते हैं.
लेटर पढ़ते ही पिता को समझ आ जाता है कि बच्चों ने उनके लिए क्या किया है. जिस चीज को वह अभी तक काले तिरपाल के नीचे छिपी कोई सामान्य चीज समझ रहे थे, वह दरअसल उनके सपनों से जुड़ा तोहफा था. पिता का रिएक्शन भी बेहद प्यारा है. उन्हें समझ आ जाता है कि बच्चों ने उनके लिए रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल खरीदी है. इसके बाद वह प्यार से कहते हैं, "अरे बच्चों, अब आ भी जाओ." बस फिर क्या था. जैसे ही पिता ने बच्चों को बुलाया, परिवार के लोग चारों तरफ से उन्हें घेर लेते हैं.
अगले कुछ सेकंड वीडियो का सबसे खूबसूरत हिस्सा बन जाते हैं. बच्चों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहता. कोई पार्टी पॉप फोड़ता है तो कोई मोबाइल निकालकर पिता का रिएक्शन रिकॉर्ड करने लगता है. पिता भी इस पूरे सरप्राइज से बेहद खुश नजर आते हैं. उनके चेहरे पर वह मुस्कान दिखाई देती है, जो किसी महंगे गिफ्ट से ज्यादा बच्चों के प्यार की वजह से आती है. जिस पिता ने शायद अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा परिवार की जरूरतें पूरी करने में लगाया, उसी के सपने को बच्चों ने मिलकर पूरा करने की कोशिश की.
वीडियो को sanskrati_gawande नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया गया है. इसके साथ कैप्शन में लिखा गया, "This is how our surprise went so happy to be able to fulfill his dreams with love, dad." इसका मतलब बच्चों के लिए यह सिर्फ मोटरसाइकिल गिफ्ट करने का मौका नहीं था. वह अपने पिता के एक सपने को पूरा करना चाहते थे और उसी खुशी को वीडियो में कैद किया. वीडियो में बच्चों की तैयारी देखकर भी अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्होंने इस सरप्राइज को छिपाकर रखने के लिए काफी मेहनत की होगी.
वीडियो सामने आने के बाद इसे देखने वाले लोग भी भावुक हो रहे हैं. कई यूजर्स ने बच्चों के इस अंदाज की तारीफ की है. लोगों का कहना है कि माता-पिता अपने बच्चों के सपने पूरे करने में जिंदगी लगा देते हैं और जब बच्चे बड़े होकर उनके सपने पूरे करते हैं तो उससे खूबसूरत पल शायद ही कोई हो. कई कमेंट्स में लोगों ने पिता के रिएक्शन को वीडियो का सबसे प्यारा हिस्सा बताया. कुछ यूजर्स ने कहा कि गिफ्ट की कीमत से ज्यादा मायने उस प्यार का है, जिसके साथ बच्चों ने इसे दिया.
इस वीडियो की खासियत सिर्फ रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल नहीं है. असली कहानी उस पिता की है, जो बारिश में काम करके घर लौटा और कुछ ही मिनट बाद उसे पता चला कि उसके बच्चे उसके लिए एक बड़ा सरप्राइज तैयार करके बैठे हैं. एक तरफ पिता की मेहनत है और दूसरी तरफ बच्चों का अपने पिता के सपने को याद रखना. यही वजह है कि यह छोटा सा वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को इतना पसंद आ रहा है. कभी-कभी किसी अपने को दिया गया सबसे बड़ा तोहफा उसकी कीमत नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपा प्यार होता है. इस पिता के लिए बच्चों का यह सरप्राइज शायद उसी प्यार की सबसे खूबसूरत मिसाल है.