SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

रिटायरमेंट का पैसा गायब, पेट भरने को बस ब्रेड-मैगी: फेसबुक फ्रॉड ने ली बुजुर्ग की जमापूंजी, गंवाए 13 लाख रुपये

सिंगापुर में एक 71 वर्षीय बुजुर्ग फेसबुक पर लॉटरी स्कैम के शिकार हो गए. अमीर बनने के चक्कर में उन्होंने अपनी जीवन भर की जमापूंजी 21,688 सिंगापुर डॉलर गंवा दी. जानिए कैसे स्कैमर्स ने उन्हें अपने जाल में फंसाया और अब वह ब्रेड-नूडल्स पर दिन काटने को मजबूर हैं.

Written By Alkesh Kushwaha
Published: Oct 21, 2026, 07:11 AM IST | Updated: Oct 21, 2026, 07:22 AM IST
Image Credit: सिंगापुर में फेसबुक विज्ञापन से ठगे गए बुजुर्ग (सांकेतिक तस्वीर)
Join

सिंगापुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 71 साल के बुजुर्ग को फेसबुक पर दिखे लॉटरी ऐड ने पूरी तरह कंगाल बना दिया. अपनी जिंदगी भर की मेहनत की कमाई खोने के बाद आज यह बुजुर्ग पाई-पाई को मोहताज हैं और ब्रेड-नूडल्स खाकर अपना पेट भर रहे हैं.

सिंगापुर के रहने वाले 71 साल के यांग नाम के इस बुजुर्ग को अगस्त के आखिर में फेसबुक पर एक विज्ञापन दिखा. इस ऐड में लॉटरी में बड़ा इनाम जिताने का दावा किया गया था. यांग ने उस वक्त ऐड में दिए गए नंबर पर फोन मिलाया, लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हो सकी. कुछ दिन बाद यानी सितंबर की शुरुआत में उनके पास सामने से एक अनजान नंबर से फोन आया. फोन करने वाले ने दावा किया कि उसके सिंगापुर पूल में बहुत बड़े कनेक्शन हैं और वह ड्रॉ खुलने से पहले ही जीतने वाले नंबर दिलवा सकता है.

अंदर की खबर का दिया लालच

ठगों ने यांग को झांसा देने के लिए अलग-अलग रेट चार्ट बताया. उन्होंने कहा कि अगर पहला इनाम वाला नंबर चाहिए तो 1,988 सिंगापुर डॉलर देने होंगे. दूसरे इनाम के नंबर के लिए 1,688 डॉलर और तीसरे इनाम के लिए 1,388 डॉलर की फीस लगेगी. जब यांग ने कहा कि उनके पास इतने पैसे नहीं हैं, तो ठगों ने अपना पैंतरा बदला. उन्होंने यांग से कहा कि वे बस 500 डॉलर अकाउंट रजिस्ट्रेशन के लिए दें और 500 डॉलर में 5 लॉटरी नंबर के सेट ले लें. 5 सितंबर को यांग को नंबर मिल गए और उनसे वादा किया गया कि वे 3,00,000 सिंगापुर डॉलर (लगभग 1.8 करोड़ रुपये) जीत सकते हैं. हालांकि, जब रिजल्ट आया तो एक भी नंबर मैच नहीं हुआ.

फर्जी चेक दिखाकर फिर मांगे पैसे

जब यांग ने फर्जी नंबरों को लेकर सवाल उठाया तो ठगों ने बहाना बनाया. उन्होंने कहा कि ये नंबर बहुत पॉपुलर थे इसलिए बिक गए. फिर उन्होंने झांसा दिया कि वे कंपनी के अंदर किसी बंदे से बात करके उनके टिकट में बदलाव करवा देंगे. अगले ही दिन यांग को एक मैसेज मिला जिसमें दावा किया गया कि वे पहला इनाम जीत चुके हैं. सबूत के तौर पर ठगों ने 3,00,000 डॉलर के फर्जी चेक की फोटो भी भेजी. इस चेक को देखकर यांग पूरी तरह उनके झांसे में आ गए. इसके बाद असली खेल शुरू हुआ. इनामी रकम देने के नाम पर ठगों ने उनसे 1,488 डॉलर और ऐंठ लिए.

हैंडलिंग फीस के नाम पर ऐंठे लाखों रुपये

9 सितंबर को स्कैमर्स ने यांग से 5,850 डॉलर की मांग की. उन्होंने तर्क दिया कि इतनी बड़ी रकम ट्रांसफर करने पर मनी लॉन्ड्रिंग का शक हो सकता है, इसलिए 'हैंडलिंग फीस' देनी होगी. दो दिन बाद यानी 11 सितंबर को ठगों ने फिर से 7,840 डॉलर मांग लिए. यांग अपनी जमापूंजी से पैसे ट्रांसफर करते रहे. जब काफी दिन बीत जाने पर भी उन्हें इनामी रकम नहीं मिली, तो यांग को शक हुआ और उन्होंने 16 सितंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. लेकिन अफसोस की बात यह रही कि पुलिस में जाने के बाद भी यांग को लगा कि शायद पैसे मिल जाएं और उन्होंने उम्मीद में 3,500 डॉलर और भेज दिए.

अब मैगी और ब्रेड पर कट रही जिंदगी

अखबारों में जब इस तरह के फ्रॉड की खबरें छपीं, तब यांग को पूरी तरह अहसास हुआ कि उनके साथ बहुत बड़ा धोखा हो चुका है. इस दौरान उनका सफाई कर्मचारी का कॉन्ट्रैक्ट भी खत्म हो गया, जिससे वे बेरोजगार भी हो गए. यांग ने बताया कि वे इस स्कैम में कुल 21,688 सिंगापुर डॉलर (लगभग 13.5 लाख रुपये) गंवा चुके हैं. यह पैसा उनकी जिंदगी भर की रिटायरमेंट सेविंग्स थी. अब उनके पास जेब में एक भी रुपया नहीं बचा है. वे बेहद लाचार स्थिति में हैं और पेट भरने के लिए सिर्फ ब्रेड और इंस्टेंट नूडल्स पर निर्भर हैं. फिलहाल सिंगापुर पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES