सिंगल हैं तो पढ़ लें ये खबर! अगर 3 साल में नहीं हुई शादी, तो डेटिंग ऐप लौटाएगा आपके पूरे पैसे
चीन के एक नए AI डेटिंग ऐप Liangpei ने 3 साल में शादी न होने पर 28,000 रुपये रिफंड का ऑफर दिया है. वहीं घटती आबादी से निपटने के लिए सिंगापुर सरकार ने भी अपने कर्मचारियों के लिए एक खास ऐप पेश किया है.
लोग टिंडर, बम्बल जैसे तमाम ऐप्स पर उंगलियां घिसते-घिसते थक जाते हैं, लेकिन हाथ सिर्फ निराशा ही लगती है. इसी स्वाइप थकान यानी 'डेटिंग ऐप फैटीग' से लोगों को बाहर निकालने के लिए चीन के एक स्टार्टअप ने बहुत ही अनोखा तरीका निकाला है. इस ऐप का दावा है कि अगर उनकी सर्विस इस्तेमाल करने के 3 साल के अंदर आपकी शादी नहीं होती है, तो वे आपकी पूरी मेंबरशिप फीस वापस कर देंगे. सिर्फ चीन ही नहीं, सिंगापुर सरकार ने भी अपने देश में शादी और बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए एक अनोखा कदम उठाया है.
चीन के एक नए मैचमेकिंग ऐप 'Liangpei AI' ने मार्केट में आते ही हंगामा मचा दिया है. यह ऐप अपने यूजर्स से 2,000 युआन यानी लगभग 28,155 रुपये की सालाना फीस लेता है. लेकिन सबसे मजेदार बात यह है कि अगर आप इस ऐप को इस्तेमाल करने के 3 साल के भीतर शादी के बंधन में नहीं बंधते हैं, तो कंपनी आपके पूरे 28,000 रुपये लौटाने का वादा करती है. इस ऐप को मूनशॉट AI (Kimi) के पूर्व AI सर्च चीफ जेंग शिनक्सुन ने शुरू किया है.
एक समय पर सिर्फ एक ही मैच
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, बाकी डेटिंग ऐप्स की तरह यहां आप एक साथ 10 लोगों से बात करके टाइमपास नहीं कर सकते. यह ऐप एक बार में सिर्फ एक ही इंसान से बात करने की इजाजत देता है ताकि यूजर्स अपनी रिलेशनशिप को लेकर गंभीर रहें. ऐप में साइन अप करते ही 20 मिनट का एक AI चैट होता है, जिसमें आपकी फैमिली बैकग्राउंड, करियर, पसंद-नापसंद और लाइफस्टाइल जैसी चीजें पूछी जाती हैं. इसके अलावा ऐप में एक 'AI स्ट्रैटेजिस्ट' भी है जो दो लोगों के बीच की बातचीत को समझकर रिश्ते में आ रही दिक्कतों को सुलझाने का तरीका बताता है.
35 हजार से ज्यादा लोग जुड़े
इस अनोखे आइडिया की वजह से ऐप तेजी से पॉपुलर हो रहा है. एससीएमपी के मुताबिक, इस ऐप पर 35,000 से ज्यादा लोग रजिस्टर कर चुके हैं और इसका कन्वर्जन रेट लगभग 9 परसेंट है. इतना ही नहीं, इस स्टार्टअप को 15 मिलियन युआन यानी लगभग 21.11 करोड़ रुपये की एंजेल फंडिंग भी मिल चुकी है. लोग इस ऐप के जरिए सीरियस रिलेशनशिप की उम्मीद लगा रहे हैं.
सिंगापुर सरकार का डेटिंग दांव
उधर सिंगापुर में घटती आबादी से सरकार परेशान है. वहां 2025 में सिर्फ 30,000 से भी कम बच्चों का जन्म हुआ जो 60 साल का सबसे निचला स्तर है. इसी संकट से निपटने के लिए सिंगापुर सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए एक खास डेटिंग ऐप निकाला है. 21 से 35 साल के सरकारी मुलाजिमों के लिए बने इस ऐप में एक खास नोबेल पुरस्कार विजेता एल्गोरिदम का इस्तेमाल किया गया है. मकसद सिर्फ एक ही है कि लोग आपस में मिलें, शादी करें और देश की घटती आबादी को सहारा दें.
यह भी पढ़ें: क्या स्टैच्यू के नीचे फंसा है इंसान? लोगों ने लगाया जोर, पर नहीं हिली 110 टन स्टील की मूर्ति; देखें Video