SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सिर्फ 155 रुपये में खरीद लिया 2BHK फ्लैट: ऑनलाइन सेल में चमकी शख्स की किस्मत; कीमत जानकर रह जाएंगे हैरान

चीन में एक शख्स ने सिर्फ 11 युआन यानी करीब 155 रुपये में दो बेडरूम वाला फ्लैट खरीद लिया. यह डील देश की सालाना 'डबल 11' शॉपिंग सेल के दौरान ऑनलाइन नीलामी में हुई. इस फ्लैट के लिए 1,600 से ज्यादा लोगों ने बोली लगाई थी. हालांकि, इतनी कम कीमत में घर मिलने के बाद भी खरीदार को कुछ जरूरी टैक्स और कानूनी काम पूरे करने होंगे.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 12, 2026, 12:20 PM IST | Updated: Nov 12, 2026, 12:32 PM IST
Image Credit: @प्रतीकात्मक AI इमेज | चीन में एक शख्स ने सेल में करीब 155 रुपये में 2 BHK फ्लैट खरीद लिया।
Join

आमतौर पर घर खरीदने के लिए लोगों को अपनी जिंदगी की बड़ी बचत खर्च करनी पड़ती है. कई बार तो सालों तक EMI चुकानी पड़ती है. लेकिन चीन में एक शख्स ने इतनी कम कीमत में फ्लैट खरीद लिया कि सुनकर किसी को भी यकीन करना मुश्किल हो सकता है.

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला चीन के हेइलोंगजियांग प्रांत का है. यहां एक 68 वर्ग मीटर का फ्लैट ऑनलाइन नीलामी के लिए रखा गया था. इसकी शुरुआती कीमत सिर्फ 1 युआन रखी गई थी. नीलामी में बोली लगाने की एक लिमिट भी तय थी. खरीदार अधिकतम 11 युआन तक ही बोली लगा सकते थे.

1,600 से ज्यादा लोगों ने लगाई बोली

यह नीलामी अलीबाबा ऑक्शन प्लेटफॉर्म पर आयोजित की गई थी. इसमें कुल 1,677 लोगों ने हिस्सा लिया. प्लेटफॉर्म के रिकॉर्ड के मुताबिक, नीलामी खत्म होने तक फ्लैट के लिए कुल 1,001 बोलियां लगाई जा चुकी थीं. बोली लगाने का तरीका भी थोड़ा अलग था. हर बार बोली की रकम में 0.01 युआन की बढ़ोतरी हो सकती थी. लेकिन इसकी अधिकतम लिमिट 11 युआन तय थी. ऐसे में जिस व्यक्ति ने सबसे पहले 11 युआन की बोली लगाई, वह फ्लैट का विजेता बन गया. यह खरीदार पूर्वी चीन के जियांग्सू-झेजियांग इलाके का रहने वाला बताया गया है. हालांकि, उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.

फ्लैट खरीद लिया, लेकिन रहने का इरादा नहीं

इतनी कम कीमत में घर मिलने के बाद कोई भी खरीदार वहां रहने का सपना देख सकता है. लेकिन इस शख्स की प्लानिंग कुछ अलग है. नीलामी की लाइवस्ट्रीम के दौरान उसने बताया कि उसका हेइलोंगजियांग में शिफ्ट होने का कोई इरादा नहीं है. वह इस फ्लैट का इस्तेमाल छुट्टियों के दौरान करना चाहता है. खासकर सर्दियों में जब वह इस इलाके में घूमने आएगा, तब यहां ठहर सकेगा. इसका मतलब फिलहाल यह घर उसके लिए परमानेंट ठिकाने से ज्यादा एक हॉलिडे होम की तरह होगा.

असली कीमत और नीलामी की रकम में बड़ा अंतर

अब सवाल उठता है कि आखिर लाखों रुपये की कीमत वाला फ्लैट सिर्फ 155 रुपये में कैसे बिक गया? साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, लोकल प्रॉपर्टी ऐप्स पर इस फ्लैट की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 हजार युआन बताई गई है. वहीं, इसी रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में रीसेल फ्लैट की औसत कीमत करीब 2,700 युआन प्रति वर्ग मीटर बताई गई है. ऐसे में 68 वर्ग मीटर के इस फ्लैट की सामान्य कीमत और नीलामी में लगी बोली के बीच काफी बड़ा अंतर है. दरअसल, यह कोई सामान्य प्रॉपर्टी सेल नहीं थी. यह चीन के बड़े शॉपिंग इवेंट 'डबल 11' के दौरान अलीबाबा ऑक्शन की ओर से चलाया गया एक खास प्रमोशन था.

प्लेटफॉर्म ने खुद उठाया कीमत का अंतर

फेंगमियन न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, नीलामी एजेंसी के एक मैनेजर ने बताया कि फ्लैट की असली कीमत और प्रमोशनल कीमत के बीच का अंतर प्लेटफॉर्म की ओर से सब्सिडी के रूप में दिया गया था. यानी खरीदार को भले ही फ्लैट के लिए सिर्फ 11 युआन देने पड़े, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मकान की असल कीमत इतनी ही थी. यह खास ऑफर डबल 11 सेल के प्रचार का हिस्सा था. खरीदार ने फ्लैट की बोली की कीमत और प्लेटफॉर्म की ट्रांजैक्शन फीस भी चुका दी है. हालांकि, प्रॉपर्टी का मालिकाना हक अपने नाम कराने के लिए उसे करीब 2,000 युआन यानी लगभग 300 डॉलर का डीड टैक्स भी देना होगा.

सस्ते घर के साथ छिपे हो सकते हैं कई पेंच

इतनी कम कीमत में प्रॉपर्टी मिलने की खबर सुनकर कई लोग ऐसी नीलामी में हिस्सा लेने के बारे में सोच सकते हैं. लेकिन कानूनी जानकारों ने खरीदारों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. बीजिंग की जिनसू लॉ फर्म के वकील वांग युचेन के अनुसार, बेहद सस्ती प्रॉपर्टी के साथ कुछ ऐसी परेशानियां भी जुड़ी हो सकती हैं, जिनका पता शुरुआत में नहीं चलता. इनमें मालिकाना हक के दस्तावेजों में गड़बड़ी, बकाया टैक्स, मेंटेनेंस फीस और पुराने कानूनी विवाद शामिल हो सकते हैं. इसलिए सिर्फ कम कीमत देखकर किसी प्रॉपर्टी पर बोली लगाना सही फैसला नहीं है. नीलामी में शामिल होने से पहले घर के कागजात और उससे जुड़ी सभी देनदारियों की जांच करना जरूरी है.

क्या है चीन का डबल 11 शॉपिंग फेस्टिवल?

चीन में डबल 11 शॉपिंग फेस्टिवल की शुरुआत साल 2009 में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ताओबाओ ने की थी. यह इवेंट हर साल 11 नवंबर के आसपास आयोजित होता है और इसे चीन का ब्लैक फ्राइडे भी कहा जाता है. समय के साथ यह दुनिया के सबसे बड़े ऑनलाइन शॉपिंग इवेंट में शामिल हो गया. इसमें कपड़ों और इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर घर, गाड़ी और प्रॉपर्टी तक के लिए खास ऑफर देखने को मिलते हैं. रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल इस सेल के दौरान ऑनलाइन कारोबार का कुल मूल्य 1.6 ट्रिलियन युआन से ज्यादा रहा था.

पहले भी 11 युआन में बिक चुका है फ्लैट

चीन में इतनी कम कीमत पर प्रॉपर्टी की नीलामी का यह पहला मामला नहीं है. नवंबर 2024 में शानदोंग प्रांत के वेईहाई में एक महिला ने 40 वर्ग मीटर का समुद्र किनारे बना फ्लैट सिर्फ 11 युआन में खरीदा था. उस समय उस प्रॉपर्टी की कीमत 50 हजार युआन से कम आंकी गई थी. प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि इस तरह की भारी छूट वाली नीलामी कई बार प्रचार के लिए भी आयोजित की जाती है. इससे लोगों का ध्यान खींचने के साथ भविष्य में होने वाली प्रॉपर्टी की बिक्री के लिए संभावित खरीदार भी मिलते हैं. फिलहाल 155 रुपये में दो बेडरूम वाला फ्लैट खरीदने का यह मामला चीन के सोशल मीडिया पर चर्चा में है. कुछ लोग इसे किस्मत का खेल बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि इतनी सस्ती डील के पीछे की शर्तें समझना भी उतना ही जरूरी है.

यह भी पढ़ें:- एक खुदाई ने किस्मत चमकाई: शराब बनाने वाली फैक्ट्री के नीचे से निकला 99 करोड़ का खजाना, 2031 तक नहीं मिला मालिक तो बंटेगा

यह भी पढ़ें:- समंदर से दिखा क्रिस्टियानो रोनाल्डो का 'सपनों का महल', भारतीय मर्चेंट नेवी अफसर ने जहाज से दिखाया; वीडियो वायरल

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES